बॉम्बे टाइम्स फैशन वीक 2026 में सोहेल खान और अनुप्रिया गोयनका बने शोस्टॉपर; कलेक्शन ने बिखेरा जलवा – Bharat24live

Saurabh Sharma
Date: 02-11-26 11:25
मुंबई: बॉम्बे टाइम्स फैशन वीक 2026 में डिजाइनर रियाज़ और रेशमा गांगजी के फैशन ब्रांड ‘लिबास’ के 30 साल पूरे होने का जश्न खास अंदाज में मनाया गया. इस अवसर पर अभिनेता सोहेल खान और अभिनेत्री अनुप्रिया गोयनका ने शोस्टॉपर के रूप में रैंप वॉक किया. अमन इंद्र कुमार ने भी रैंप पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई. हालांकि, शाम का सबसे यादगार पल तब आया जब सोहेल खान ने रैंप वॉक के दौरान डांस करना शुरू कर दिया. उनके डांस मूव्स और मस्ती ने पूरे ऑडिटोरियम का माहौल उत्साह से भर दिया.
अपने अनुभव के बारे में सोहेल खान ने कहा, “रैंप पर वॉक के साथ डांस और मस्ती—यही इस शो की खासियत थी. फैशन शो तो बहुत होते हैं, लेकिन रैंप वॉक के साथ इतना मजा और मस्ती करना कुछ नया और अलग था. मैंने करीब 15-20 साल पहले फैशन शो किया था. जब रियाज़ भाई ने मुझसे इस शो के लिए कहा, तो हां कहने में मैंने थोड़ा समय लिया. फिर मुझे लगा कि मुझे अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकलकर यह करना चाहिए.”
उन्होंने आगे कहा, “रियाज़ ने मुझे जैकेट पहनने के लिए बहुत प्रोत्साहित किया, जबकि मैंने अपनी शादी में भी सूट नहीं पहना था. मुझे सबसे ज्यादा खुशी इस बात की हुई कि दर्शकों के चेहरों पर मुस्कान थी. रैंप पर एक अलग स्वैग और कॉन्फिडेंस था और जब डांस शुरू हुआ, तो लगा कि सभी बहुत खुश हैं. आज के माहौल में, जब चारों ओर इतनी सारी बातें हो रही हैं, लोगों के चेहरों पर हंसी और खुशी देखकर बहुत अच्छा लगा.”
मिस्र की शाही रातों से प्रेरित था ‘लिबास’ का कलेक्शन
रियाज़ गांगजी और उनके बेटे अमन गांगजी ने ‘लिबास’ के तीन दशक के सफर को एक खास थीम के जरिए प्रस्तुत किया. कलेक्शन की प्रेरणा मिस्र की रहस्यमयी और शाही रातों से ली गई थी. गहरे काले रंग के साथ डेजर्ट शैंपेन शेड की चमक ने परिधानों को खास अंदाज दिया. मखमली बंदगला जैकेट पर प्राचीन मिस्र की लिपि से प्रेरित सुनहरी कढ़ाई, रेगिस्तान की बहती रेत जैसा एहसास देने वाले लहंगे और शाही अंदाज के परिधान कलेक्शन के प्रमुख आकर्षण रहे. रंगों में गहरा काला, लाल, डेजर्ट शैंपेन और मिंट शेड का खूबसूरत मेल देखने को मिला.

कलेक्शन की प्रेरणा के बारे में रियाज़ गांगजी ने कहा, “मैंने मिस्र में ऐसे गहरे रंग देखे थे और सोचा कि इस तरह की कोई थीम भारत में लेकर आनी चाहिए. मैंने वहां के उस डार्कनेस और माहौल को ऑब्जर्व किया और फिर उसे भारतीय टच देने का प्रयास किया.”
लाल लहंगे में अनुप्रिया गोयनका ने बिखेरा जलवा
शोस्टॉपर अनुप्रिया गोयनका लाल रंग के खूबसूरत लहंगे में नजर आईं. उनके परिधान पर गोटा और टिकली का बारीक काम किया गया था, जिसमें ‘प्रिंस चार्मिंग’ की आकृति को खूबसूरती से उकेरा गया था.

अनुप्रिया ने ‘लिबास’ के परिधानों की तारीफ करते हुए कहा, “मुझे लिबास के कपड़े हमेशा पसंद रहे हैं, क्योंकि ये पहनने में बहुत आरामदायक होते हैं. ऐसा महसूस नहीं होता कि आप किसी परिधान में बंधे हुए हैं. इसके बजाय आपको हर पल को इंजॉय करने की आजादी और आत्मविश्वास मिलता है. यही इसकी सबसे बड़ी खासियत है.”
खान भाइयों की फिटनेस का श्रेय माता-पिता को
सलमान, अरबाज और अपनी फिटनेस के बारे में पूछे जाने पर सोहेल खान ने कहा, “सलमान, अरबाज और मेरी फिटनेस का क्रेडिट मैं अपने माता-पिता को दूंगा. हमारे माता-पिता ने हमारी खुराक, परवरिश और हमारे व्यवहार का बहुत ख्याल रखा. हमारी भी कोशिश है कि हम अपने बच्चों में ये सारी खूबियां डालें.”
शो के समापन पर सोहेल खान, रियाज़ और अमन गांगजी ने एक साथ डांस किया. इस दौरान दर्शक भी उत्सव के माहौल में शामिल हो गए. अभिनेत्री और इंफ्लुएंसर एकता जैन, साउथ इंडस्ट्री से जुड़े कलाकार रुपाली सूद और अविनाश राय तथा श्रद्धा शर्मा भी शो में मौजूद रहे. उन्होंने कलेक्शन की थीम और रियाज़ गांगजी की रचनात्मक सोच की सराहना की.
बॉम्बे टाइम्स फैशन वीक के पहले सीजन से जुड़े रियाज़ गांगजी ने ‘लिबास’ के 30 साल पूरे होने के अवसर पर भारतीय कारीगरी और मिस्र की शाही प्रेरणा को एक साथ प्रस्तुत किया. सोहेल खान की मस्ती, अनुप्रिया गोयनका का आकर्षक अंदाज और रियाज़-अमन गांगजी की खास थीम ने इस फैशन शो को यादगार बना दिया.
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News