भास्कर न्यूज | भाटापारा
आदर्श रामलीला नाटक मंडली, भाटापारा के 107वें वर्ष की रामलीला के सातवें दिन विभीषण शरणागति, सेतुबंध रामेश्वरम और अंगद-रावण संवाद का मंचन किया गया। भगवान श्रीराम की आरती में बलौदाबाजार-भाटापारा के पुलिस अधीक्षक गौरव राय आईपीएस सपरिवार शामिल हुए। उन्होंने कलाकारों से मुलाकात कर रामलीला के 107 साल पुराने इतिहास और प्राचीन मुकुटों के बारे में जानकारी ली।
आज की पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ रही रामलीला: पूजन के दौरान मनीष मिश्रा, हरगोपाल शर्मा, अमरनाथ गुप्ता, अनिल चांडक, मंडी सचिव सीएल ध्रुव, नगर पालिका अधिकारी और एल्डरमेन मौजूद रहे। नगर पालिका अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने रामलीला आयोजन में हरसंभव सहयोग देने की बात कही। साथ ही दशहरा उत्सव में नगरवासियों को रावणभाठा पहुंचने का आमंत्रण दिया। संत रामस्वरूप दास जी ने कहा कि रामलीला के मंच पर संत, जनसेवक और पुलिस अधिकारियों का एक साथ उपस्थित होना सुखद है। यह संस्था आज की पीढ़ी को धर्म और संस्कारों से जोड़ने की महत्वपूर्ण कड़ी का काम कर रही है। इसके लिए आयोजन समिति और कलाकार बधाई के पात्र हैं।
कार्यक्रम के बाद एसपी गौरव राय परिवार सहित रामलीला कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने कलाकारों से मुलाकात की, पात्रों का परिचय जाना और रामलीला के प्राचीन मुकुटों सहित 107 वर्षों के इतिहास की जानकारी ली। इस अवसर पर एसडीओपी सहित नगर के पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
संजय जोशी के साथ चांपा से आए समाजसेवी पुरुषोत्तम शर्मा, रामनारायण मोदी, नारायण मित्तल, डीएन सिंह, जुगल किशोर अग्रवाल और धीरेंद्र वाजपेयी सहित अनेक लोग उपस्थित थे। एसपी गौरव राय ने कहा कि भाटापारा की इतनी पुरानी रामलीला के बारे में जानकर वे प्रसन्न और रोमांचित हैं। वे अपनी बेटी को पहली बार रामलीला दिखाने की इच्छा से परिवार सहित पहुंचे हैं। उन्होंने लोगों से रामलीला का मंचन देखकर उसके संदेशों को जीवन में उतारने और सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करने की अपील की। उन्होंने आयोजन समिति और कलाकारों को बधाई दी।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.