सिटी रिपोर्टर| छपरा
लोक आस्था के पावन पर्व गंगा दशहरा के अवसर पर बबुरा से सटे उतर दयाल चक के गंगा घाट पर देर रात तक भक्ति की बयार बहती रही। वरिष्ठ समाजसेवी शिवदास सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया, जिससे पूरा वातावरण माँ गंगा के जयकारों से गुंजायमान और भक्तिमय हो उठा।कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन भोजपुर जिला हिंदी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष व वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के सीनेटर प्रो. बलिराज ठाकुर ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद घाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन हुआ, जिसमें कई गणमान्य लोगों की गरिमामयी मौजूदगी रही।
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रो. बलिराज ठाकुर ने माँ गंगा की महिमा का बखान किया। उन्होंने कहा:मां गंगे दसों दिशाओं के कष्टों को हरने वाली हैं। गंगा दशहरा का यह पावन पर्व सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि हमारे शरीर और मन की शुद्धि का संकल्प पर्व है। गंगा भारत की आत्मा में बसती हैं।प्रो. ठाकुर ने गंगा स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि गंगा को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए सिर्फ सरकारों के भरोसे नहीं बैठा जा सकता; इसके लिए आम जनता को भी सजग और सचेत प्रयास करने होंगे। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि पवित्र गंगा में कूड़ा-कचरा फेंकना पाप के समान है।
देर रात तक झुमते रहे श्रद्धालु, सहभोज के साथ समापन
समाजसेवी शिवदास सिंह के आमंत्रण पर इस उत्सव में आरा के साथ-साथ पड़ोसी जिले छपरा और आसपास के गांवों से भारी संख्या में लोग पहुंचे। कीर्तन मंडली द्वारा प्रस्तुत भजनों पर देर रात तक लोग झूमते रहे। कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों का उत्साह देखते ही बनता था। रात के अंतिम प्रहर में भव्य सहभोज (भंडारे) के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन को सफल बनाने के लिए पिंटू सिंह ने आए हुए सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं का धन्यवाद ज्ञापन किया।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.