इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने एक बार फिर भारत को उकसाने वाला काम किया है. भारत के साथ तनाव के बीच पाकिस्तान ने शनिवार को अपने अब्दाली हथियार प्रणाली का टेस्ट किया. यह एक सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइल है, जिसका ट्रेनिंग लॉन्च किया गया. मिसाइल की रेंज की बात करें तो यह 450 किलोमीटर है. पाकिस्तान ने भारत के संग तनाव बढ़ाने के लिए ही इसे ‘एक्सरसाइज इंडस’ का नाम दिया है. पहलगाम में हुए हिंदू नरसंहार के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ा है. पाकिस्तान के खिलाफ कई तरह की कार्रवाई भारत ने की है, जिसमें सिंधु जल समझौते को निलंबित करना भी शामिल है. लगातार गीदड़ भभकी और इस तरह की कार्रवाई पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर की हताशा दिखाता है.
न्यूज 18 को सूत्रों ने बताया, ‘यह कदम भारत के साथ चल रहे तनाव में खतरनाक वृद्धि करने वाला है.’ पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान ने लगातार नौसैनिक एडवायजरी जारी कर, अरब सागर में आक्रामक अभ्यास करके और नियंत्रण रेखा पर बार-बार संघर्ष विराम का उल्लंघन करके अपनी गतिविधियों को तेज कर दिया है. सूत्रों का मानना है कि पहले से ही माहौल अस्थिर है, ऐसे में मिसाइल टेस्ट एक जानबूझकर की गई उकसावे की कार्रवाई और भारत के साथ तनाव बढ़ाने का एक लापरवाह प्रयास लगता है.
भारत-पाकिस्तान में तनाव
पाकिस्तान ने यह हरकत ऐसे समय में की है जब दोनों देशों के बीच तनाव चल रहा है और इससे पूरी दुनिया चिंतित है. भारत ने पहलगाम हमले के जवाब में कई कड़े कदम उठाए हैं, जिनमें सिंधु जल संधि (IWT) को निलंबित करना, पाकिस्तानियों के वीजा रद्द करना, और वाघा-अटारी सीमा को बंद करना शामिल है. भारत ने पाकिस्तान के राजनयिकों को भी देश से बाहर किया. सिंधु जल संधि को निलंबित करने से पाकिस्तान परेशान हो गया है. यही कारण है कि वह लगातार धमकी दे रहा है.
भारत ने आयात पर लगाई रोक
भारत ने पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद पड़ोसी देश के साथ बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान से सभी प्रकार के प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष आयात पर प्रतिबंध लगा दिया है. वाणिज्य मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार, ‘पाकिस्तान में उत्पन्न या वहां से निर्यातित सभी वस्तुओं का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष आयात या पारगमन, चाहे वे स्वतंत्र रूप से आयात योग्य हों या अन्यथा अनुमत हों, तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक प्रतिबंधित रहेगा.’ अधिसूचना में कहा गया, ‘यह प्रतिबंध राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक नीति के हित में लगाया गया है. इस प्रतिबंध में किसी भी अपवाद के लिए भारत सरकार की पूर्व स्वीकृति आवश्यक होगी.’ 2 मई की अधिसूचना में कहा गया कि इस संबंध में विदेश व्यापार नीति (एफटीपी) 2023 में एक प्रावधान जोड़ा गया है, ताकि ‘पाकिस्तान में उत्पन्न या वहां से निर्यात किए जाने वाले सभी सामानों के प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष आयात या पारगमन पर रोक लगाई जा सके.’
एजेंसी इनपुट के साथ.