केरल के वायनाड में बाघ के हमले में राधा (47) नाम की महिला की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, घटना शुक्रवार सुबह मनंतवडी गांव में प्रियदर्शिनी एस्टेट में हुई। घटना के वक्त राधा एस्टेट में कॉफी तोड़ रही थी। केरल के वन मंत्री ए के ससींद्रन ने गुरुवार को ही विधानसभा में दावा किया था कि राज्य में मानव-पशु संघर्ष कम हो रहा है और सरकार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। वहीं, घटना के बाद राधा के शव को परिवार ने पोस्टमार्टम के लिए देने से मना कर दिया और हंगामा किया। लोगों ने पुलिस-प्रशासन से बाघ को पकड़ने की मांग की है।
राज्य के SC-ST और OBC वर्ग कल्याण मंत्री ओ आर केलू ने पीड़ित परिवार को 11 लाख रुपए की मदद का ऐलान किया। साथ ही कहा है कि बाघ को मारने या पकड़ने का आदेश जारी किया गया है। सुबह के दौरान कॉफी तोड़ने का काम करने वालों की सुरक्षा में रैपिड रिस्पांस टीम (RRT) तैनात की जा रही है।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
इजराइल में भारत के राजदूत होंगे जितेंद्र पाल सिंह, संजीव सिंगला की जगह लेंगे
भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी जितेंद्र पाल सिंह को इजराइल में भारत का राजदूत नियुक्त किया गया है। वे संजीव सिंगला की जगह लेंगे जिन्होंने 2019 से 2024 तक काम किया। 2002 बैच के जितेंद्र पाल सिंह विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव के पद पर हैं। वे पाकिस्तान, अफगानिस्तान, ईरान से जुड़े मामलों के प्रमुख हैं। इससे पहले वे पाकिस्तान में भारत के उप-उच्चायुक्त रह चुके हैं। वे कब पदभार संभालेंगे इसकी जानकारी नहीं दी गई है।
महाराष्ट्र में पब्लिक ट्रांसपोर्ट महंगा हुआ, MSRTC के प्रस्ताव को सरकार ने मंजूरी दी
महाराष्ट्र सरकार ने राज्य सड़क परिवहन की बसों, ऑटो और टैक्सी का किराया बढ़ाए जाने को मंजूरी दी है। इसके मुताबिक राज्य परिवहन के बसों का बढ़ा हुआ किराया आज (24 जनवरी) से लागू होगा। वहीं, टैक्सी और ऑटो के किराए में 1 जनवरी से बढ़ोतरी होगी। दरअसल, महाराष्ट्र स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (MSRTC) ने किराया बढ़ाने को लेकर महाराष्ट्र सरकार को प्रस्ताव दिया था।
पालघर में 16 साल की लड़की ट्रेन से टकराई, ईयरफोन लगाकर ट्रैक पार कर रही थी, इलाज के दौरान मौत
महाराष्ट्र के पालघर में ईयरफोन लगाकर रेलवे ट्रैक पार कर रही 16 साल की एक लड़की की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना गुरुवार दोपहर 1.10 बजे सफले और केल्वे रोड रेलवे स्टेशनों के बीच हुई। मृतक लड़की वैष्णवी रावल जिले के मकने गांव की रहने वाली थी। जब वह ट्रैक पार कर रही थी, तभी कोचुवेली-अमृतसर सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन ने उसे टक्कर मार दी।
रेलवे के मुताबिक ईयरफोन के कारण लड़की शायद आती हुई ट्रेन की आवाज नहीं सुन पाई। टक्कर लगने से लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
यह घटना जलगांव में 12 यात्रियों की मौत के एक दिन बाद हुई। जब वे आग लगने के डर से जल्दबाजी में पुष्पक एक्सप्रेस से ट्रैक पर कूद गए और उन्हें बेंगलुरु से दिल्ली जा रही कर्नाटक एक्सप्रेस ने कुचल दिया।
ट्रेनी डॉक्टर रेप-मर्डर केस- CBI कलकत्ता हाईकोर्ट पहुंची, दोषी संजय की फांसी की मांग को लेकर याचिका लगाई
CBI को कलकत्ता हाईकोर्ट में आरजी कर अस्पताल रेप-मर्डर मामले के दोषी संजय रॉय के लिए मौत की सजा की मांग करते हुए अपील दायर की। जस्टिस देबांगसु बसाक की खंडपीठ ने कहा कि वह 27 जनवरी को सुनवाई करेगी। साथ ही पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से भी इसी तरह की याचिका के साथ स्वीकार करने की मांग की जाएगी।
सियालदह कोर्ट ने 20 जनवरी को रॉय को 9 अगस्त, 2024 को आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में ऑन-ड्यूटी डॉक्टर के साथ रेप-मर्डर केस के आरोप में आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।
मणिपुर के थौबल और इंफाल पश्चिम से प्रतिबंधित संगठनों के 3 सदस्य गिरफ्तार, गोला-बारूद भी बरामद
सुरक्षा बलों ने मणिपुर के थौबल और इंफाल पश्चिम से अलग-अलग अभियानों में प्रतिबंधित संगठनों के तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी के दो सदस्यों को गुरुवार को थौबल के उनिंगखोंग से गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से पिस्तौल, गोला-बारूद, नकदी और अन्य सामान बरामद किया गया।
एक और अभियान में, प्रतिबंधित कांगली यावोल कन्ना लूप (केवाईकेएल) के एक सदस्य को बुधवार को इंफाल पश्चिम के लांगोल टाइप III से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक जांच चल रही है।
दिल्ली पुलिस ने बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान के लिए झुग्गी-झोपड़ियों में तलाशी अभियान चलाया, 10 को वापस भेजेंगे
दिल्ली पुलिस ने बांग्लादेशी घुसपैठ की मौजूदा जांच के तहत राजधानी की झुग्गी-झोपड़ियों में तलाशी अभियान चलाया। पश्चिमी दिल्ली के डीसीपी विचित्रा वीर ने कहा कि तलाशी अभियान रात में चलाया गया, ताकि लोगों की आसानी से जांच की जा सके, क्योंकि परिवार के सदस्य आमतौर पर काम के बाद घर पर ही रहते हैं। जिससे सत्यापन आसान हो जाता है। हमने पश्चिमी दिल्ली से 10 बांग्लादेशियों को वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और अन्य जिले भी इस प्रक्रिया को अंजाम दे रहे हैं।
म्यांमार में भूकंप का झटका, रिक्टर स्केल पर 4.8 रही तीव्रता
म्यांमार में रात करीब रात 12.53 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.8 मापी गई है। फिलहाल भूकंप से किसी भी तरह के नुकसान की खबर नहीं है।
तमिलनाडु में एक्टिविस्ट की रोड एक्सीडेंट में मौत, BJP प्रदेश अध्यक्ष अन्नामलाई ने बताया साजिश
तमिलनाडु में पर्यावरण एक्टिविस्ट के जगबीर अली की कथित रोड एक्सीडेंट में मौत हो गई थी। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष के अन्नामलाई ने इस साजिश बताया। उन्होंने कहा कि यह एक प्री प्लान्ड मर्डर था। लॉरी ने अली को सिर्फ टक्कर नहीं मारी बल्कि गाड़ी रिवर्स करके 2-3 बार उनके ऊपर चढ़ाई। यह सुनिश्चित करने के लिए कि अली मर गया है।
ऐसे सड़क हादसे कराकर एक्टिविस्ट की आवाज दबाना राज्य में एक पैटर्न बन गया है। भाजपा सबसे पहले इस मामले को जनता के सामने लाई है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.