भास्कर अपडेट्स: गोवा नाइटक्लब अग्निकांड में लूथरा बंधुओं को जमानत; पुलिस ने दर्ज की नई FIR – Dainik Bhaskar

गोवा की एक स्थानीय अदालत ने बुधवार को नाइटक्लब अग्निकांड केस में सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को जमानत दे दी है। यह घटना पिछले साल 6 दिसंबर को हुई थी। इस हादसे में 25 लोगों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद दोनों भाई थाईलैंड भाग गए थे।
हादसे के 10 दिन बाद 16 दिसंबर को इन्हें भारत लाया गया था। लूथरा बंधुओं पर हेल्थ ऑफिस से फर्जी नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) बनाने का आरोप है। इससे पहले 27 मार्च को अदालत ने फर्जीवाड़ा और धोखाधड़ी के मामले में दोनों की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी।
अब पुलिस ने इस मामले में दूसरी FIR भी दर्ज की है, जिसके मुताबिक क्लब चलाने की अनुमति लेने के लिए दस्तावेजों में हेराफेरी की गई।
जम्मू के नरवाल में ऑयल टैंकर में लगी आग, दमकल और पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं
जम्मू-कश्मीर के नरवाल इलाके में एक ऑयल टैंकर में आग लगने की घटना सामने आई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, टैंकर में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। किसी के हताहत होने की भी अभी पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है।
आज की बाकी बड़ी खबरें…
सूरत में कपड़े फैक्ट्री में आग लगी, फायर ब्रिगेड ने पूरा इलाका सील किया
गुजरात में सूरत शहर के इंडस्ट्रियल एरिया सचिन GIDC में बुधवार दोपहर को एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। गोपी निटिंग नाम की इस फैक्ट्री में नॉयलॉन के कपड़े बनाए जाते हैं। आग के भीषण होने के चलते फायर ब्रिगेड ने इलाके में इमरजेंसी कॉल जारी कर दिया है।
इसके साथ ही पूरा इलाका सील कर दिया गया है। आग की लपटें काफी ऊंची होने के चलते आसपास की फैक्ट्रियों में भी आग लगने का खतरा है। आग से इलाके में धुएं के घने बादल छा गए। फायर ब्रिगेड की 10 से ज्यादा गाड़ियां आग बुझाने में लगी हुई हैं।
भारतीय नौसेना में INS मालवन शामिल; देश का दूसरा एंटी-सबमरीन युद्धपोत
मंगलवार को कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (CSL) ने नौसेना को दूसरा एंटी-सबमरीन वॉरफेयर (ASW) शैलो वाटर क्राफ्ट ‘INS मालवन’ सौंपा। CSL भारतीय नौसेना के लिए 8 ASW शैलो वाटर क्राफ्ट बनाएगा। मालवन इसी सीरीज का हिस्सा है। इससे पहले दिसंबर 2025 में नौसेना को INS माहे सौंपा गया था।
80 मीटर लंबा और 1,100 टन वजनी यह जहाज वॉटरजेट प्रोपल्शन और अत्याधुनिक कॉम्बैट सिस्टम से लैस है। इसे पनडुब्बी रोधी अभियान, अंडरवॉटर सर्विलांस, माइन वॉरफेयर और लो-इंटेंसिटी ऑपरेशंस के लिए डिजाइन किया गया है।
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, इस जहाज का नाम महाराष्ट्र के ऐतिहासिक तटीय शहर मालवन पर रखा गया है, जो छत्रपति शिवाजी महाराज की समुद्री विरासत से जुड़ा है।
केंद्र ने पेंशन और भूमि संसाधन समेत 13 विभागों में फेरबदल किया
केंद्र सरकार नें बुधवार को 13 मंत्रालयों और विभागों में फेरबदल किया है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने सीनियर IAS अधिकारी निवेदिता शुक्ला वर्मा को प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग का सचिव बनाया है।
इसके साथ ही उन्हें पेंशन और पेंशनभोगी कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। चंचल कुमार को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया गया है।
वहीं, रोहित कंसल ग्रामीण विकास सचिव होंगे, जबकि नरेंद्र भूषण को इसी मंत्रालय में भूमि संसाधन विभाग का सचिव बनाया गया है। इसके अवाला चंद्रशेखर कुमार को राष्ट्रीय वर्षा आधारित क्षेत्र प्राधिकरण का CEO नियुक्त किया गया है, जिन्हें सचिव स्तर का दर्जा दिया गया है। इन सभी नियुक्तियों को ACC ने मंजूरी दी है।
315 करोड़ की साइबर ठगी में उद्योगपति पवन रुइया गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल पुलिस की साइबर क्राइम विंग ने मंगलवार को उद्योगपति पवन रुइया को करोड़ों के फ्रॉड केस में गिरफ्तार किया। उन पर शेल कंपनियों और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल होने का आरोप है।
पुलिस ने उन्हें कोलकाता के न्यू टाउन इलाके में एक होटल के पास से हिरासत में लिया। यह कार्रवाई बिधाननगर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में दर्ज मामले के आधार पर की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने करीब 315 करोड़ रुपए की संदिग्ध रकम का पता लगाया है। यह रकम शेल कंपनियों और रुइया परिवार से जुड़े लोगों के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई थी।
पुलिस ने इस मामले में खुद संज्ञान लेते हुए (सुओ मोटू) केस दर्ज किया था। जांच एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क और मनी ट्रेल की गहराई से पड़ताल कर रही हैं।
24 लेखकों को मिला साहित्य अकादमी पुरस्कार 2025
कमानी ऑडिटोरियम में चल रहे ‘फेस्टिवल ऑफ लेटर्स’ के दूसरे दिन, 24 भारतीय भाषाओं के कुल 24 लेखकों और कवियों को साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाने वालों में अंग्रेजी लेखक और पूर्व राजदूत नवतेज सरना शामिल थे, जिन्हें उनके उपन्यास ‘Crimson Spring’ के लिए यह पुरस्कार मिला; और हिंदी लेखिका ममता कालिया को उनके संस्मरण ‘जीते जी इलाहाबाद’ के लिए सम्मानित किया गया। पुरस्कार विजेताओं को एक पेटी दी गई, जिसमें एक उत्कीर्ण तांबे की पट्टिका, एक शॉल और 1 लाख की नकद राशि शामिल थी।
कुवैत से 20 पार्थिव शरीर देरी के बाद केरल पहुंचे
कुवैत में अलग-अलग घटनाओं में जान गंवाने वाले 20 लोगों के पार्थिव शरीर मंगलवार को भारत पहुंचें। हवाई सेवाओं में रुकावट के कारण इनके आने में देरी हुई है।
पार्थिव शरीरों को कुवैत एयरवेज की एक खास फ्लाइट से कुवैत से कोलंबो होते हुए कोच्चि के लिए रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि इस फ़्लाइट में कोई यात्री सवार नहीं है।
मृतक केरल के अलग-अलग हिस्सों से हैं, जिनमें कोझिकोड, अलाप्पुझा और कोट्टायम शामिल हैं; जबकि कुछ शवों को तमिलनाडु में उनके गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के कारण कुवैत में पहले सेवाओं में आई रुकावटों की वजह से शवों को वापस लाने का काम रुका हुआ था।
IAS अधिकारी तुकाराम मुंडे का 21 साल की सेवा में 24वीं बार तबादला
महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के वरिष्ठ अधिकारी तुकाराम मुंडे का तबादला कर दिया। नौकरशाही में अपने 21 साल के करियर में यह उनका 24वां तबादला है। एक ईमानदार सिविल सेवक माने जाने वाले मुंडे उन कई IAS अधिकारियों में से एक थे जिनका सरकार ने तबादला किया है। इनमें अश्विनी भिड़े, विकास चंद्र रस्तोगी और लोकेश चंद्र जैसे अधिकारी शामिल हैं।
2025 में भारत में 65 बार इंटरनेट बंद हुआ, एक्सेस नॉउ और कीपइटऑन एलायंस की रिपोर्ट
भारत 2025 में इंटरनेट शटडाउन के मामले में दुनिया के शीर्ष देशों में शामिल रहा, जहां कुल 65 बार इंटरनेट सेवाएं बंद की गईं। एक्सेस नॉउ और कीप इट ऑन अलायंस की रिपोर्ट के मुताबिक, 52 देशों में कुल 313 शटडाउन दर्ज हुए, जो 2024 के 304 मामलों से अधिक हैं। इन बंदियों के पीछे मुख्य कारण संघर्ष, विरोध-प्रदर्शन, चुनाव, राजनीतिक अस्थिरता, साम्प्रदायिक हिंसा नियंत्रण और सूचना पर नियंत्रण रहे। रिपोर्ट में फेसबुक, वाट्सएप और टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म सबसे ज्यादा प्रभावित रहे।
जम्मू-कश्मीर के गांदरबल में तलाशी अभियान शुरू; गोलीबारी की आवाज सुनी गई
सुरक्षा बलों ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के गांदरबल ज़िले में घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया। सुरक्षा बलों ने आतंकवाद विरोधी अभियान के तहत तलाशी लेने के लिए ज़िले के अराहामा इलाके की घेराबंदी कर दी। अधिकारियों ने बताया कि घेराबंदी वाले इलाके के पास गोलीबारी की आवाज़ें सुनी जाने की ख़बर है। मौके पर अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजे गए हैं।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News