भास्कर अपडेट्स: नीति आयोग के नए उपाध्यक्ष अशोक लाहिड़ी ने PM मोदी से मुलाकात की – Dainik Bhaskar

नीति आयोग के नए उपाध्यक्ष अशोक लाहिड़ी ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। उनके साथ नीति आयोग के नए सदस्य डॉ. गोबर्धन दास भी टीम में शामिल हैं, दोनों पश्चिम बंगाल से आते हैं।
अशोक लाहिड़ी चार दशक से अधिक समय से आर्थिक नीतियों से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य आर्थिक सलाहकार, वित्त आयोग के सदस्य और एशियन डेवलपमेंट बैंक, वर्ल्ड बैंक व IMF जैसी संस्थाओं में काम कर चुके हैं।
वहीं, डॉ. गोबर्धन दास मॉलिक्यूलर साइंस के प्रोफेसर हैं और इम्यूनोलॉजी, संक्रामक रोग और सेल बायोलॉजी के फील्ड में काम करते रहे हैं। वे येल यूनिवर्सिटी, ह्यूस्टन मेथोडिस्ट हॉस्पिटल (अमेरिका) और साउथ अफ्रीका की संस्थाओं में रिसर्च कर चुके हैं।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
बंगाल में कोलकाता समेत 9 जगहों पर ED के छापे, PDS घोटाले में कार्रवाई
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पश्चिम बंगाल में पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम (PDS) से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में शनिवार सुबह 9 जगहों पर छापेमारी की। कोलकाता, बर्दवान और हाबरा में सप्लायर और एक्सपोर्टर से जुड़े ठिकानों पर तलाशी ली गई। यह कार्रवाई निरंजन चंद्र साहा और उससे जुड़े लोगों से संबंधित है।
मामला 23 अक्टूबर 2020 को बसीरहाट थाने में दर्ज FIR से जुड़ा है, जिसमें कल्याणकारी योजनाओं के लिए तय गेहूं की हेराफेरी का आरोप लगा था।
जांच में सामने आया कि PDS का गेहूं गैरकानूनी चैनलों से सस्ते में लिया गया और सप्लाई सिस्टम से हटाकर अलग-अलग जगह जमा किया गया। बाद में FCI और राज्य सरकार के निशान हटाकर इसे खुले बाजार या निर्यात में बेचा गया।
सुप्रीम कोर्ट बोला- डीएनए से पिता साबित नहीं, तो भरण-पोषण भी जरूरी नहीं
सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि अगर डीएनए टेस्ट से साबित हो जाए कि कोई व्यक्ति बच्चे का बायोलॉजिकल पिता नहीं है, तो उससे बच्चे के भरण-पोषण का खर्च नहीं मांगा जा सकता।
जस्टिस संजय करोल और जस्टिस एन.के. सिंह की पीठ ने दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखते हुए एक महिला की अपील खारिज कर दी। महिला ने अपनी बेटी को भरण-पोषण न मिलने के खिलाफ याचिका दायर की थी। कोर्ट ने कहा कि भरण-पोषण तय करते समय स्पष्ट डीएनए साक्ष्य को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। मामले में याचिकाकर्ता महिला प्रतिवादी के घर में तीन साल तक घरेलू सहायिका के रूप में काम कर चुकी थी।
दिल्ली में डॉक्टर ने तेज रफ्तार कार से ई-रिक्शा को मारी टक्कर, 1 की मौत, 5 घायल
दिल्ली के मॉडल टाउन इलाके में तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, हादसा शुक्रवार देर शाम को रिंग रोड पर एक अस्पताल के पास हुआ।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्पीड से आ रही कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मारी, जिससे चालक और उसमें सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा पलट गया।
घायलों को कार चालक ने ही तुरंत विनायक अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक, कार चला रहे व्यक्ति की पहचान डॉ. सिद्धार्थ के रूप में हुई है, जो रोहिणी के निवासी हैं और GB पंत अस्पताल में सीनियर रेजिडेंट (रेडियोलॉजिस्ट) हैं।
मुंबई में मंत्री गिरीश महाजन पर चिल्लाने वाली महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज
बीजेपी की रैली के कारण हुए ट्रैफिक जाम पर महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन को खरी-खोटी सुनाने वाली महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। वर्ली पुलिस स्टेशन में यह शिकायत अधिवक्ता गुणरत्न सदावर्ते की बेटी जेन सदावर्ते ने दर्ज कराई है।
अपनी शिकायत में जेन सदावर्ते ने आरोप लगाया कि महिला ने हंगामा किया, अपशब्दों का इस्तेमाल किया, रैली में बाधा डाली और सार्वजनिक शांति भंग की।
मंगलवार को हुई रैली के दौरान एक नाराज महिला ने मंत्री महाजन को उस समय घेर लिया था, जब वे पत्रकारों से बात कर रहे थे। महिला ने सड़कों पर जाम लगाने को लेकर गुस्सा जताते हुए मंत्री को खरी-खोटी सुनाई थी और कहा था- यहां से निकल जाइए, आप ट्रैफिक जाम कर रहे हैं।
उसने यह भी सवाल उठाया कि रैली पास के खुले मैदान में क्यों नहीं की गई। इससे पहले, मंत्री गिरीश महाजन ने कहा था कि महिला का गुस्सा कुछ हद तक जायज था, लेकिन उसकी भाषा अनुचित थी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि उनके खिलाफ किसी कानूनी कार्रवाई की जरूरत नहीं है।
जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा कस्टोडियल टॉर्चर केस में DSP बरी, 7 अन्य पर चलेगा ट्रायल
जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में कस्टोडियल टॉर्चर मामले में कोर्ट ने DSP को बड़ी राहत दी है। कोर्ट ने DSP ऐजाज अहमद नाइक को आरोपों से मुक्त कर दिया, जबकि अन्य 7 आरोपियों के खिलाफ ट्रायल चलाने का आदेश दिया है।
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, यह आदेश प्रिंसिपल डिस्ट्रिक्ट एंड सेशंस जज मनजीत सिंह मनहास की अदालत ने शुक्रवार को दिया।
यह मामला फरवरी 2023 में पुलिसकर्मी खुर्शीद अहमद चोहन के कथित कस्टोडियल टॉर्चर से जुड़ा है, जिसकी जांच CBI कर रही थी। CBI की चार्जशीट के अनुसार, पूछताछ के दौरान पीड़ित के जननांग और टेस्टिकल्स काट दिए गए थे। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने पिछले साल CBI से स्टेटस रिपोर्ट मांगी थी।
कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि DSP के खिलाफ कोई prima facie केस नहीं बनता। फैसले में कहा गया कि अभियोजन पक्ष के सबूतों में कहीं भी यह संकेत नहीं है कि DSP ने कथित घटनाओं में सीधे तौर पर हिस्सा लिया।
महाराष्ट्र के बीड़ में LPG सिलेंडर ब्लास्ट दो घर जलकर खाक, मृत्युभोज की तैयारी के दौरान हुआ हादसा
महाराष्ट्र के बीड़ जिले में LPG सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। विस्फोट के बाद लगी आग में दो घर जलकर खाक हो गए। हालांकि, इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब बालासाहेब जाधव के घर पर उनकी पत्नी के निधन के दसवें दिन के कार्यक्रम के लिए खाना बनाया जा रहा था।
इसी दौरान चूल्हे में अचानक आग भड़क गई, जिसने गैस सिलेंडर को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद जोरदार विस्फोट हुआ। विस्फोट के बाद लगी आग तेजी से फैल गई और मिट्टी-लकड़ी से बना जाधव का घर पूरी तरह जल गया। पास का एक और घर भी इस आग की चपेट में आ गया।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News