भास्कर अपडेट्स: पुलिस के सामने पेश हुए हुमायूं कबीर:मुर्शिदाबाद में भड़काऊ बयान मामले में होगी पूछताछ – Dainik Bhaskar

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के प्रमुख हुमायूं कबीर रविवार को पुलिस के सामने पेश हुए। उनके खिलाफ सार्वजनिक सभा में कथित भड़काऊ टिप्पणी करने के आरोप में दर्ज मामले की जांच चल रही है।
मामला उनकी एक जनसभा में दिए गए कथित भड़काऊ बयान से जुड़ा है। इसी मामले में दर्ज केस के सिलसिले में हुमायूं कबीर पुलिस के सामने पेश हुए।
फिलहाल पुलिस ने पूछताछ या आगे की कार्रवाई को लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की है। मामले की जांच जारी है।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
केरलम-मणिपुर और मेघालय में फीफा वर्ल्डकप फाइनल मैच के लिए स्कूल-कॉलेज में छुट्‌टी, रविवार रात 12.30 बजे से होगा मैच
रविवार रात फीफा फुटबॉल वर्ल्डकप का फाइनल मैच खेला जाना है। इसके चलते देश के 2 राज्यों केरलम, मेघालय और मणिपुर में सोमवार को सभी स्कूल, कॉलेज और प्रोफेशनल संस्थान बंद रहेंगे।
फीफा वर्ल्डकप 2026 का फाइनल भारतीय समयानुसार 20 जुलाई की रात 12:30 बजे शुरू होगा। इसे देखते हुए छात्रों की सुविधा के लिए सोमवार को छुट्‌टी का फैसला लिया गया है। फाइनल मुकाबले में मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना का सामना स्पेन से होगा।
डोंबिवली अस्पताल मारपीट मामला: शिवसेना पार्षद रमेश म्हात्रे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में
महाराष्ट्र के डोंबिवली स्थित शास्त्री नगर अस्पताल में डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्टाफ से मारपीट के मामले में आरोपी शिवसेना पार्षद रमेश म्हात्रे को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। कोर्ट के आदेश के अनुसार उन्हें 3 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में रखा जाएगा।
वहीं, मामले की दूसरी आरोपी साधना करांडे, जो अस्पताल में भर्ती एक महिला मरीज की मां हैं, को अदालत ने एक दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है। यह मामला शास्त्री नगर अस्पताल में डॉक्टरों, नर्सों और अस्पताल कर्मियों के साथ मारपीट से जुड़ा है।
अहमदाबाद की अवैध पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट मामले में 3 अरेस्ट, 9 लोगों की हुई थी मौत
अहमदाबाद के रामोल इलाके में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट और आग के मामले में पुलिस ने फैक्ट्री चलाने वाले तीन साझेदारों को गिरफ्तार किया है। शनिवार को हुए इस हादसे में नौ लोगों की मौत हुई थी, जबकि छह लोग घायल हुए थे। एजेंसी PTI के मुताबिक, फैक्ट्री का लाइसेंस मार्च में खत्म हो गया था, लेकिन इसके बावजूद वहां अवैध रूप से काम फिर शुरू कर दिया गया था।
अहमदाबाद पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलौत ने रविवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमीलाबेन डोडिया, उनके बेटे मेहुल डोडिया और उनके कारोबारी साझेदार सादिक सैयद के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं होने के बाद प्रशासन ने फैक्ट्री बंद करने के आदेश दिए थे। पुलिस समय-समय पर इसकी जांच भी करती रही। हालांकि, आरोपियों ने करीब 20 दिन पहले दाहोद से मजदूर बुलाकर फैक्ट्री को फिर से अवैध रूप से शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिसकर्मी हाल में संपन्न हुई रथ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था में व्यस्त थे।
पुलिस अब उस जमीन के मालिक की भूमिका की भी जांच कर रही है, जिसने यह परिसर किराये पर दिया था। इसके अलावा अवैध फैक्ट्री के लिए वित्तीय मदद करने वालों की भी जांच की जा रही है।
जम्मू-कश्मीर में एक हफ्ते के अंदर दूसरा संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन बरामद
जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में सेना ने एक संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन बरामद किया है। पिछले एक हफ्ते में इस तरह का दूसरा ड्रोन मिला है। अधिकारियों के अनुसार, टेरिटोरियल आर्मी के जवानों ने शनिवार देर रात पुरमंडल क्षेत्र के सांगर खेतों से इस ड्रोन को बरामद किया।
लगातार ड्रोन मिलने की घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी बढ़ा दी है और मामले की जांच शुरू कर दी है। ड्रोन को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। इससे पहले 14 जुलाई को भी जम्मू क्षेत्र के देवक गांव के पास एक खुले मैदान से एक ड्रोन बरामद किया गया था।
आंध्र प्रदेश के विजयनगरम के पास लॉरी-कार की टक्कर, 4 लोगों की मौत, एक घायल
आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में सत्ताराव जंक्शन के पास एक लॉरी और कार की टक्कर हो गई। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही आनंदपुरम पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
गुजरात के गोधरा रेलवे स्टेशन पर उद्घाटन के कुछ घंटे बाद ही लिफ्ट खराब, 6 यात्री फंसे
गुजरात के गोधरा रेलवे स्टेशन पर शनिवार को नई लिफ्ट के उद्घाटन के कुछ ही घंटे बाद उसमें तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते 6 यात्री करीब एक घंटे तक लिफ्ट में फंसे रहे।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और लिफ्ट का दरवाजा काटकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News