मुंबई 2008 आतंकी हमले (26/11) की 17वीं बरसी है। इस मौके पर मुंबई पुलिस मुख्यालय में शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत कई नेता मौजूद रहे।
इधर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने X पर लिखा- 2008 में आज ही के दिन आतंकियों ने मुंबई पर कायराना हमला कर वीभत्स और अमानवीय कृत्य किया। मुंबई आतंकी हमलों का डटकर सामना करते हुए अपना बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन करता हूं और इस कायराना हमले में अपनी जान गंवाने वाले सभी लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ।
आगे कहा कि आतंकवाद किसी एक देश के लिए नहीं, बल्कि पूरी मानव जाति के लिए बहुत बड़ा अभिशाप है। मोदी सरकार की आतंक के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति स्पष्ट है, जिसे पूरा विश्व सराह रहा है और भारत के आतंक विरोधी अभियानों को व्यापक समर्थन दे रहा है।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
UIDAI ने 2 करोड़ मृत लोगों के आधार हटाए, गलत इस्तेमाल रोकने के लिए फैसला
यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) ने पूरे देश में 2 करोड़ से ज्यादा मृत लोगों के आधार हटा दिए हैं। सरकार ने कहा कि ऐसा इसलिए किया गया, ताकि कोई इन नंबरों का गलत इस्तेमाल न कर सके और आधार रिकॉर्ड साफ रहे।
मृत व्यक्तियों की पहचान के लिए UIDAI ने राज्य सरकारों, RGI, PDS और अन्य विभागों से जानकारी ली। आधार नंबर किसी और को दोबारा नहीं दिया जाता। इसी के लिए परिवार में मृत्यु की सूचना फीचर माय आधार पोर्टल पर शुरू किया गया है, जो अभी 25 राज्यों में उपलब्ध है।
परिवार का कोई सदस्य आधार नंबर और डेथ सर्टिफिकेट की जानकारी देकर नंबर बंद करवा सकता है। UIDAI ने लोगों से अपील की है कि मृत्यु होने पर इसकी रिपोर्ट जरूर करें।
बंगाल के संदेशखाली में ED टीम पर हमले का मुख्य आरोपी अबुल हुसैन गिरफ्तार
CBI ने पश्चिम बंगाल के संदेशखली में ED टीम पर हुए हमले के मुख्य आरोपी अबुल हुसैन मोल्ला उर्फ दुरंतो को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी मंगलवार रात दक्षिण 24 परगना जिले से की गई।
हमला 5 जनवरी 2024 को किया गया था। दुरंतो हमले का वांटेड था। उस दिन ED की टीम राशन वितरण घोटाले के मामले में सस्पेंड TMC नेता शाहजहां शेख के घर छापा मारने गई थी। वहां भीड़ ने टीम पर हमला कर दिया था। पुलिस के अनुसार दुरंतो को कई बार CBI का नोटिस दिया गया लेकिन वह जांच में शामिल नहीं हुआ। उसके खिलाफ स्थानीय कोर्ट ने गैर-जमानती वारंट भी जारी किया था।
5 मार्च 2024 को कलकत्ता हाईकोर्ट ने इस मामले की जांच पुलिस से हटाकर CBI को सौंप दी थी।
बेंगलुरु में नकली नंदिनी घी बनाने वाले रैकेट के मास्टरमाइंड दंपती गिरफ्तार; करोड़ों का माल जब्त
बेंगलुरु में नकली नंदिनी घी बनाने वाले रैकेट का खुलासा हुआ है। सिटी क्राइम ब्रांच (CCB) ने रेड कर 8,136 लीटर नकली घी, करोड़ों की मशीनरी, पाम व नारियल तेल, 5 मोबाइल, 1.19 लाख नकद और 4 बोलेरो गाड़ियां जब्त कीं।
कुल बरामदगी ₹1.26 करोड़ से ज्यादा बताई जा रही है। पुलिस ने मास्टरमाइंड दंपती शिवकुमार और उसकी पत्नी रम्या को गिरफ्तार किया है। कपल हाई-टेक मशीनों से बड़े पैमाने पर मिलावटी घी तैयार कर बाजार में बेच रहे थे।
इससे पहले गिरोह के चार सदस्य पकड़े गए थे। घी में जानवरों की चर्बी मिलाने की आशंका की भी जांच चल रही है। पुलिस सप्लाई चेन और अन्य आरोपियों की तलाश में है।
पीएम मोदी ने हैदराबाद में सफ्रान की एयरक्राफ्ट इंजन फैसिलिटी का उद्घाटन किया, कहा-भारत निवेशकों के लिए भरोसेमंद पार्टनर है
PM नरेंद्र मोदी ने बुधवार को हैदराबाद में कॉमर्शियल विमानों में उपयोग होने वाले लेप (LEAP) इंजनों के लिए फ्रांसीसी कंपनी सफ्रान (Safran) की मेंटेनेंस, मरम्मत और ओवरहाल सुविधा का वर्चुअली उद्घाटन किया। इस मौके पर मोदी ने कहा कि यह सुविधा युवाओं के लिए रोजगार के मौके देगी। हमने निवेशकों के लिए नेशनल सिंगल विंडो सिस्टम ने कई एप्रूवल्स को एक ही मंच पर ला दिया है।
भारत निवेशकों के लिए भरोसेमंद पार्टनर है। जीएसटी सुधार, फेसलेस टैक्स असेसमेंट, नए लेबर कोड ने शासन को पहले से कहीं अधिक सरल और पारदर्शी बना दिया है। मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में, भारत के विमानन क्षेत्र ने एक बड़ी छलांग लगाई है और आज देश दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ते घरेलू विमानन बाजारों में से एक है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि भारत का घरेलू बाजार दुनिया में तीसरा सबसे बड़ा है।
महाराष्ट्र में लिव-इन पार्टनर की हत्या, लड़की की लाश सूटकेस में भरकर नाले मे फेंकी
महाराष्ट्र के ठाणे में लिव-इन पार्टनर की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने बुधवार को बताया कि 22 साल की लड़की का शव देसाई गांव के पास नाले किनारे पड़े सूटकेस से बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी विनोद श्रीनिवास विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि लड़की का नाम प्रियंका विश्वकर्मा है। उसकी कलाई पर ‘P V S’ टैटू मिला, जिससे पहचान हुई। पिछले पांच साल से वह विनोद श्रीनिवास विश्वकर्मा (50) के साथ लिव-इन में रह रही थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने 21 नवंबर की रात झगड़े के बाद लड़की का गला दबाकर हत्या कर दी। अगले दिन शव सूटकेस में भरकर पुल से नीचे फेंक दिया था।
PM मोदी का संविधान दिवस पर नागरिकों को लेटर, लिखा- संवैधानिक कर्तव्य मजबूत लोकतंत्र की नींव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को संविधान दिवस पर देश के नागरिकों को एक लेटर लिखा। PM ने नागरिकों से अपने संवैधानिक कर्तव्यों का पालन करने की अपील की और कहा कि ये एक मजबूत लोकतंत्र की नींव हैं।
प्रधानमंत्री ने नागरिकों से मतदान के अधिकार का इस्तेमाल करने और लोकतंत्र को मजबूत करने की जिम्मेदारी पर भी जोर दिया। PM ने कहा कि स्कूल और कॉलेज 18 साल की उम्र पूरी करने वाले पहली बार मतदाता बनने वालों को सम्मानित करके संविधान दिवस मनाएं।
कर्नाटक के कलबुर्गी में सड़क हादसा; सीनियर IAS अधिकारी महंतेश बिलगी समेत 3 की मौत
कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में आज एक सड़क हादसे में सीनियर IAS अधिकारी महंतेश बिलगी और दो अन्य लोगों की मौत हो गई। हादसा जेवरगी तालुक के गौनाहल्ली के पास हुआ, जब महंतेश बिलगी विजयपुरा से कलबुर्गी की ओर इनोवा कार से जा रहे थे।
महंतेश बिलगी कर्नाटक स्टेट मिनरल्स कॉरपोरेशन लिमिटेड (KSMCL) के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) के पद पर तैनात थे। इससे पहले वे BESCOM के MD भी रह चुके थे।
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें तुरंत कलबुर्गी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। हादसे में कार सवार दो अन्य व्यक्तियों की भी मौत हुई है।
कर्नाटक के फॉरेस्ट, इकोलॉजी और एनवायरनमेंट मंत्री ईश्वर खंड्रे ने बिलगी के निधन पर गहरा दुख जताया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महाराष्ट्र के वसई में क्लोरीन गैस लीक होने से एक की मौत, 18 लोग अस्पताल भर्ती
महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई में मंगलवार दोपहर 10 से 15 साल पुराने सिलेंडर से क्लोरीन गैस लीक होने पर 59 के व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे में 18 लोग प्रभावित हुए, जिनमें 5 फायर ब्रिगेड कर्मी भी शामिल हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा दोपहर करीब 3.30 बजे दीवानमन शवदाह गृह के पास पानी की टंकी के पास काम के दौरान हुआ। गैस रिसाव रोकते समय कई दमकलकर्मी भी बेहोश हो गए। घायलों में किशोर, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं।
बेंगलुरु में नाइजीरियाई ड्रग तस्कर गिरफ्तार, CCB ने ₹23 करोड़ के ड्रग्स जब्त किए
सेंट्रल क्राइम ब्रांच (CCB) ने बेंगलुरु में रविवार को नाइजीरियाई नागरिक एजीके नैगू ओकाफोर को गिरफ्तार किया। आरोपी को सोमवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
छापेमारी के दौरान CCB ने उसके ठिकाने से ₹23 करोड़ कीमत के 11.5 किलो एमडीएमए क्रिस्टल और 1,040 एक्स्टेसी टैबलेट बरामद किए। ओकाफोर 2017 में बिजनेस वीजा पर भारत आया था और वीजा खत्म होने के बाद भी शहर में अवैध रूप से रहकर बड़े पैमाने पर ड्रग तस्करी में जुटा हुआ था।
जांच में पता चला कि वह दिल्ली से ड्रग्स मंगवाकर कर्नाटक, चेन्नई और हैदराबाद में सप्लाई करता था। बरामद स्टॉक नए साल की पार्टियों में सप्लाई करने के लिए तैयार बड़े कंसाइनमेंट का हिस्सा था, जिसे शहर के पब, बार और रिसॉर्ट्स तक पहुंचाया जाना था।
महाराष्ट्र के कोल्हापुर में TET पेपर लीक रैकेट का खुलासा, 18 गिरफ्तार
महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में मंगलवार को पुलिस ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) का प्रश्नपत्र लीक करने और अभ्यर्थियों को फर्जी तरीके से परीक्षा पास कराने में शामिल एक रैकेट का भंडाफोड़ किया है। TET 23 नवंबर को आयोजित की गई थी। यह प्राइमरी और अपर प्राइमरी स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती के लिए एक अनिवार्य योग्यता परीक्षा है।
पुलिस को परीक्षा से एक दिन पहले पैसे लेकर प्रश्नपत्र बांटने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और कई संदिग्धों को हिरासत में लिया। अधिकारियों ने को बताया कि उन्होंने मुख्य आरोपी महेश गायकवाड़ को भी गिरफ्तार किया है।
बेंगलुरु में कैश वैन लूट का मामला, पुलिस ने ₹7.11 करोड़ बरामद किए
कर्नाटक के बेंगलुरु में कैश वैन से हुई लूट मामले में पुलिस ने ₹7.11 करोड़ बरामद किए। इस मामले में 9 लोगों की गिरफ्तारी हुई है, जिनमें एक पुलिस कांस्टेबल अन्नप्पा नाइक भी शामिल है। घटना 23 नवंबर को हुई थी। दो दिन बाद 3 मुख्य आरोपियों को पकड़ा गया था, जिनसे ₹5.76 करोड़ मिले। इसके बाद हैदराबाद के नमपल्ली मेट्रो स्टेशन के पास तीन और संदिग्धों को ₹54.74 लाख के साथ गिरफ्तार किया गया। सोमवार को तीन और आरोपियों को पकड़ा गया। सभी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
14500 फीट की ऊंचाई पर त्रिकोर शक्ति के जवानों को विशेष ट्रेनिंग
गंगटोक में 14,500 फीट ऊंचाई पर तापमान -30 डिग्री तक गिर जाता है, वहां सेना के जवान खुद को ही हथियार बना चुके हैं। त्रिशक्ति कोर के जवानों को आर्मी मार्शल आर्ट्स रूटीन यानी एएमएआरआई ट्रेनिंग दी जा रही है। यह तब काम आती है जब बंदूक जाम, गोली खत्म हो जाए या दुश्मन इतना पास हो कि फायरिंग का मौका ही न मिले। एक लेफ्टिनेंट ने बताया कि अब हथियार की जरूरत कम लगती है, क्योंकि हम खुद हथियार बन चुके हैं।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.