मुंबई में गुरुवार रात गेटवे ऑफ इंडिया के पास समुद्र में एक फेरी का इंजन अचानक बंद हो गया। फेरी में 34 यात्री और 4 क्रू सदस्य सवार थे। घटना रात करीब 8:30 बजे हुई, जब फेरी ‘अनवारी’ समुद्री यात्रा पूरी कर वापस लौट रही थी और तट से करीब 1.5 नॉटिकल मील दूर फंस गई।
पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आसपास चल रही नौकाओं से मदद मांगी। पास में मौजूद ‘आजाद हिंद’ नाव के संचालक जुनैद मुल्ला ने मौके पर पहुंचकर फेरी को खींचकर गेटवे ऑफ इंडिया के जेट्टी नंबर 2 तक पहुंचाया। रात करीब 9:30 बजे सभी 38 लोगों को सुरक्षित उतार लिया गया। हादसे में किसी को चोट नहीं आई।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
मनी लॉन्ड्रिंग केस में मणिपुर के सलाइ ग्रुप की 14.69 करोड़ रुपए की संपत्ति अटैच
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मणिपुर के सलाइ ग्रुप ऑफ कंपनीज, SMART सोसाइटी और उनसे जुड़े लोगों की 14.69 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति अटैच की है। इसमें जमीन, इमारतें, प्लांट-मशीनरी और औद्योगिक व व्यावसायिक इकाइयां शामिल हैं। ED के इम्फाल कार्यालय ने 2 सितंबर को अटैचमेंट ऑर्डर के बाद यह कार्रवाई की।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 36% सालाना रिटर्न का वादा कर बिना वैध अनुमति लोगों से पैसा जमा किया और उसे 19 कंपनियों के जरिए घुमाया। ED के मुताबिक, कुल 76.63 करोड़ रुपए की अपराध से अर्जित आय का पता चला है, जिसका इस्तेमाल संपत्तियां खरीदने और अन्य खर्चों में किया गया। अब तक इस मामले में कुल 67.92 करोड़ रुपए की संपत्ति अटैच की जा चुकी है।
मणिपुर में कांग्रेस नेता के घर के पास बम विस्फोट, जांच शुरू
मणिपुर के थौबल जिले में कांग्रेस विधायक दल के नेता के. मेघचंद्र सिंह के यैरिपोक स्थित घर के गेट के पास गुरुवार रात करीब 8:15 बजे बम विस्फोट हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर के पास विस्फोटक फेंका था।
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान चलाया। विस्फोट के पीछे किसका हाथ है और उसका मकसद क्या था, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.