भास्कर अपडेट्स: मोहन भागवत बोले- धर्म को लेकर ज्ञान की कमी थी, इसलिए इसके नाम पर उत्पीड़न हुआ – Dainik Bhaskar

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने रविवार को कहा कि धर्म के नाम पर जो भी उत्पीड़न और अत्याचार हुए, वे धर्म को लेकर गलतफहमी और सही ज्ञान की कमी के कारण हुए। महाराष्ट्र के अमरावती में महानुभाव आश्रम के शताब्दी समारोह में उन्होंने कहा कि धर्म महत्वपूर्ण है और इसे सही तरीके से सिखाया जाना चाहिए।
आरएसएस प्रमुख ने कहा कि धर्म हमेशा से अस्तित्व में है और सब कुछ उसी के अनुसार चलता है, यही कारण है कि इसे “सनातन” कहा जाता है। उन्होंने कहा कि धर्म का आचरण ही धर्म की रक्षा है।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
दिल्ली की झांकी लगातार चौथी साल गणतंत्र परेड से बाहर, केजरीवाल बोले- दिल्ली के लोगों से इतनी नफरत क्यों
गणतंत्र दिवस परेड में दिल्ली की झांकी लगातार चौथी बार शामिल नहीं की गई। पिछली बार 2021 की गणतंत्र दिवस परेड में दिल्ली की झांकी शामिल की गई थी। इसमें शाहजहानाबाद रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट को दिखाया गया था। इस मामलें में रविवार को आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल केंद्र पर राजनीति करने का आरोप लगाया। केजरीवाल ने कहा- मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि इस साल एक बार फिर दिल्ली की झांकी को क्यों शामिल नहीं किया जा रहा है? यह किस तरह की राजनीति है? दिल्ली और इसके लोगों के प्रति इतनी नफरत क्यों है? अगर ये नेता इतनी दुश्मनी रखते हैं, तो दिल्ली के लोग उन्हें वोट क्यों दें?
दिल्ली हाईकोर्ट में पूर्व IAS पूजा खेडकर की अग्रिम जमानत पर फैसला कल, UPSC से धोखाखड़ी का आरोप
दिल्ली हाईकोर्ट सोमवार को पूर्व IAS पूजा खेडकर की अग्रिम जमानत याचिका पर फैसला सुनाएगा। पूजा ने सिविल सेवा परीक्षा में तय सीमा से ज्यादा अटेम्प्ट के लिए अपनी गलत पहचान पेश करने के आरोप में दर्ज FIR में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। उन पर परीक्षा में धोखाधड़ी और अवैध रूप से OBC और विकलांगता कोटे का लाभ लेने का आरोप है। जस्टिस चंदर धारी सिंह की बेंच ने 27 नवंबर को मामले में अपना आदेश सुरक्षित रख लिया था।
पश्चिम बंगाल से आतंकी संगठन से जुड़े होने के शक में युवक गिरफ्तार, 31 दिसंबर तक रिमांड में भेजा गया
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले से पुलिस ने जावेद अहमद मुंशी नाम के युवक को गिरफ्तार किया। उसके भारत में बैन आतंकी संगठन तहरीक-ए-मुजाहिदीन से जुड़े होने का शक है। गिरफ्तारी के बाद जावेद को अलीपुर कोर्ट में पेश किया गया था। जहां से उसे 31 दिसंबर तक ट्रांजिट रिमांड भेज दिया गया।
INX मीडिया मामला- दिल्ली की अदालत ने कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम को विदेश यात्रा की मंजूरी दी
दिल्ली की एक अदालत ने INX मीडिया मामले में आरोपी कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम को 4 से 12 जनवरी के बीच विदेश यात्रा करने की मंजूरी दे दी। विशेष जज कावेरी बावेजा ने 17 दिसंबर के अपने आदेश में कार्ति को अपनी कंपनी से जुड़े प्रोग्राम में शामिल होने और अपनी बेटी से मिलने के लिए वियना (ऑस्ट्रिया) और यूके जाने की इजाजत दी।
हालांकि, ED की ओर से पेश वकील एनके मट्टा ने कहा कि कार्ति इस छूट का दुरुपयोग कर सकते हैं। लेकिन जज ने कहा- यह रिकॉर्ड में दर्ज है कि आवेदक को पहले भी विदेश यात्रा के लिए अदालत से अनुमति मिली है और उसने कभी भी इसका दुरुपयोग नहीं किया।
CBI ने 15 मई, 2017 को एक मामला दर्ज किया था। जांच एजेंसी ने 2007 में 305 करोड़ रुपए की विदेशी फंडिंग लेने के लिए INX मीडिया ग्रुप को दी गई फॉरन इंवेस्टमेंट प्रमोशन बोर्ड की मंजूरी में अनियमितता का आरोप लगाया गया था। उस कार्ति चिदंबरम के पिता पी चिदंबरम केंद्रीय वित्त मंत्री थे। मामले में कांग्रेस नेता पी चिदंबरम भी आरोपी हैं।
राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा के काफिले की गाड़ी 4 बार पलटी, 6 पुलिसकर्मी घायल
राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे रविवार को पाली जा रही थीं। पाली जिले के बाली इलाके में उनके कारकेड में शामिल पुलिस की बोलेरो पलट गई। गाड़ी ने 4 बार पलटी खाई। घटना में 6 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कहा गया कि बाइक सवार को बचाने के चलते ये हादसा हुआ है।
आर्मी ने कारगिल में घुसपैठ की जानकारी देने वाले लद्दाखी चरवाहे को श्रद्धांजलि दी, कल निधन हुआ था
भारतीय सेना ने रविवार को लद्दाखी चरवाहे ताशी नामग्याल को श्रद्धांजलि अर्पित की। ताशी ने 1999 के कारगिल युद्ध में पाकिस्तानी घुसपैठ की जानकारी भारतीय सैनिकों को दी थी। ताशी का 21 दिसंबर को निधन हो गया। फायर एंड फ्यूरी कॉर्प्स ने X पर लिखा कि भारतीय सेना देश उनके योगदान के लिए कर्जदार रहेगी। उनका निस्वार्थ बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा। कारगिल युद्ध करीब दो महीनों तक चला था और 26 जुलाई, 1999 को भारत की जीत के साथ खत्म हुआ था।
दिल्ली में महिला सम्मान योजना के रजिस्ट्रेशन कल से शुरू, AAP घर-घर जाकर करेंगे रजिस्ट्रेशन
आम आदमी पार्टी (AAP) के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने रविवार को घोषणा की कि मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना और बुजर्गों के मुफ्त इलाज से जुड़ी संजीवनी योजना के रजिस्ट्रेशन कल (सोमवार) से शुरू हो जाएंगे। पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर रजिस्ट्रशन करेंगे।
दिल्ली सरकार ने 2024-25 के बजट में 18 साल उम्र से ज्यादा की सभी महिलाओं को हर महीने 1 हजार रुपए देने के लिए मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना की घोषणा की थी। हाल ही में केजरीवाल ने ऐलान किया है कि अगर AAP आगामी विधानसभा चुनाव के बाद सत्ता में लौटती है, तो यह राशि बढ़ाकर 2100 रुपए कर दी जाएगी।
इसके अलावा 60 साल से ज्यादा उम्र के सभी लोगों मुफ्त इलाज के लिए संजीवनी योजना शुरू की जाएगी। आगामी दिल्ली चुनावों में AAP लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रही है, जिसने पिछले चुनाव में पार्टी ने 70 में से 62 सीटें जीती थीं।
मुंबई में युवक ने 4 साल के बच्चे को क्रेटा से रौंदा, फुटपाथ के पास चल रहा था
मुंबई में एक 19 साल के क्रेटा चला रहे युवक ने 4 साल के बच्चे को रौंद दिया, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना शनिवार शाम की है।
पुलिस ने रविवार को बताया कि बच्चा मुंबई के वडाला इलाके में अपने पिता के साथ फुटपाथ पर ही रहता था। उसके पिता मजदूर हैं।
बच्चा शनिवार शाम को फुटपाथ के पास ही घूम रहा था। इसी दौरान क्रेटा चला रहे एक युवक ने उसे टक्कर मारी। बच्चे की मौके पर मौत हो गई। आरोपी ड्राइवर को हिरासत में लिया गया है। पूरी खबर पढ़ें…
असम में बाल विवाह के खिलाफ कार्रवाई, अब तक 416 लोगों को गिरफ्तार किया गया
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को कहा कि राज्य में बाल विवाह के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए 416 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने 335 मामले दर्ज किए हैं। गिरफ्तार लोगों को रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने X पर लिखा, “असम बाल विवाह के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखे हुए है। 21-22 दिसंबर की रात को शुरू किए गए तीसरे चरण के अभियान में 416 गिरफ्तारियां की गईं और 335 मामले दर्ज किए गए। हम इस सामाजिक बुराई को खत्म करने के लिए साहसिक कदम उठाते रहेंगे।”
असम सरकार ने 2023 में फरवरी और अक्टूबर में दो चरणों में बाल विवाह के खिलाफ अभियान शुरू किया था। फरवरी में पहले चरण में 3,483 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 4,515 मामले दर्ज किए गए, जबकि अक्टूबर में दूसरे चरण में 915 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 710 मामले दर्ज किए गए।
कश्मीर के सोपोर में आतंकियों के 2 मददगार गिरफ्तार, पिस्तौल और गोला बारूद भी बरामद
जम्मू-कश्मीर के सोपोर में आतंकियों के 2 मददगार को शनिवार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार सुबह बताया कि यारबुघ इलाके में गाड़ियों की चेकिंग के दौरान दोनों आरोपियों का पकड़ा गया है। इनके पास से एक पिस्तौल 9 mm की 5 राउंड गोलियां, 2 ग्रेनेड भी बरामद किए गए हैं।
इनकी पहचान अरवानी इलाके के राशिद अहमद भट और अनंतनाग के साजिद इस्माइल हारू के रूप में हुई है।
ताइवान में 90 साल की महिला ने 45 किग्रा वजन उठाकर रिकॉर्ड बनाया, पोती ने प्रेरित किया था
ताइवान के ताइपे में वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता हुई। इसमें 90 साल की चेंग चेन चिन-मेई ने 45 किलो वजन उठाकर अपना ही पिछला रिकॉर्ड तोड़ा। उन्होंने पहले 35 किलो वजन उठाया था। चेंग चेन ने पार्किंसन से उबरने के लिए पोती के कहने पर पिछले साल से वेटलिफ्टिंग शुरू की थी।
विराट कोहली के बेंगलुरु स्थित रेस्टोरेंट को नगर निगम का नोटिस, फायर और सेफ्टी नियमों के उल्लंघन का आरोप
क्रिकेटर विराट कोहली के बेंगलुरु स्थित रेस्टोरेंट One8 Commune को नगर निगम ने फायर और सेफ्टी नियमों के उल्लंघन को लेकर नोटिस जारी किया है। नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि इस रेस्टोरेंट को एक हफ्ते पहले नोटिस जारी किया गया था, लेकिन इस पर कोई जवाब नहीं मिला। इसलिए सोमवार को रेस्टोरेंट को नया नोटिस जारी किया जाएगा।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News