दूरसंचार विभाग (DOT) ने वॉट्सएप और टेलीग्राम जैसे एप को केवाईसी सत्यापित सिम से अकाउंट जोड़ने के निर्देश दिए हैं। नए नियमों को लागू करने का मकसद ऑनलाइन धोखाधड़ी रोकना है। बिना सिम के वाई-फाई से एप चलाने वाले यूजर्स प्रभावित हो सकते हैं।
DOT ने 28 नवंबर 2025 को निर्देश जारी किए थे। इधर वॉट्सएप वेब पर हर 6 घंटे में लॉगआउट की अनिवार्यता हटा दी गई है। नियमों के पालन की समय सीमा 31 दिसंबर बताई गई है।
सिम बाइंडिंग एक सुरक्षा व्यवस्था है, जिसमें मोबाइल नंबर की सिम को किसी ऐप से जोड़ा जाता है। इससे यह सुनिश्चित होता है कि ऐप का इस्तेमाल रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और अधिकृत सिम के जरिए ही हो।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
हैदराबाद में महिला से बदसलूकी के आरोप में DRDO कर्मचारी को मुक्का मारा, मौत
हैदराबाद में महिला से बदसलूकी के आरोप पर पड़ोसी के मुक्का मारने से DRDO के 55 साल के कर्मचारी की मौत हो गई। घटना बुधवार शाम चिक्कड़पल्ली इलाके की एक रिहायशी बिल्डिंग में हुई। पुलिस के मुताबिक, 23 साल की महिला ने कर्मचारी पर बदसलूकी का आरोप लगाया था।
इसकी जानकारी मिलने पर जिम ट्रेनर पड़ोसी ने कर्मचारी से बहस की और उसके चेहरे पर मुक्का मार दिया। इससे वह गिर पड़ा और उसके सिर में चोट लग गई। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पत्नी की शिकायत पर जिम ट्रेनर के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। वहीं, महिला की शिकायत पर मृतक के खिलाफ भी बदसलूकी का केस दर्ज हुआ है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
Copyright © 2025-26 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.