भास्कर न्यूज|बालोद
लोकतंत्र बचाने के नारे के साथ भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जिला मुख्यालय बालोद में बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। जिला संगठन के आह्वान पर आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में जिले भर से लगभग तीन हजार से अधिक कार्यकर्ता, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। हाथों में पार्टी के झंडे, तख्तियां और नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरे।
कुर्मी भवन से शुरू हुई इस पदयात्रा के जरिए भाजपा ने जहां अपनी संगठनात्मक एकजुटता का संदेश दिया, वहीं कांग्रेस पर सीधा हमला बोलते हुए जिले का राजनीतिक माहौल भी गरमा दिया। पदयात्रा में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा तथा प्रदेश भाजपा महामंत्री यशवंत जैन मुख्य रूप से शामिल हुए। कुर्मी भवन के सभास्थल पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कांग्रेस पर देश में अराजकता का माहौल बनाने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पड़ोसी देशों में लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई सरकारों का भीड़तंत्र और अराजकता ने क्या हाल किया है, इसे देश को भूलना नहीं चाहिए।
बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने का दिया सुझाव डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कार्यकर्ताओं को मंत्र देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में सुशासन स्थापित करने के लिए केवल बड़े आयोजनों तक सीमित रहने के बजाय बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ानी होगी। संगठन की मजबूती और निरंतर जनसंपर्क ही पार्टी की असली ताकत है। उन्होंने दोहराया कि देश के पड़ोसी मुल्कों में चुनी हुई सरकारों के साथ भीड़तंत्र ने जो किया, वह सबके सामने है। भारत में भी उसी तर्ज पर अराजकता फैलाने का प्रयास हो रहा है, जिसका जवाब भाजपा के अनुशासित कार्यकर्ता जनसैलाब के माध्यम से देने के लिए तैयार हैं।
प्रदेश भाजपा महामंत्री यशवंत जैन ने सभा में जुटे कार्यकर्ताओं को संगठन की असली शक्ति बताया। उन्होंने कहा कि यह उमड़ा जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि जनता भाजपा के साथ खड़ी है। विपक्ष पर देश में अराजकता का माहौल तैयार करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता ऐसी कोशिशों का मुंहतोड़ जवाब देगा और विपक्ष की किसी भी झूठी साजिश को सफल नहीं होने देगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर विपक्ष की मंशा के प्रति जनजागरण करने का आह्वान किया।
Copyright © 2025-26 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.