मया बाजार के पकरेला गांव में बिजली विभाग की लापरवाही सामने आई है। यहां खंभे पर लगे ट्रांसफार्मर की केबल टूटकर जमीन पर पड़ी है। खुली केबल से करंट फैलने का खतरा बना हुआ है, जिससे बच्चे और आम लोग घायल हो रहे हैं। शिकायत के बाद भी विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
पकरेला गांव की मुख्य बस्ती के पास लगे ट्रांसफार्मर की केबल पिछले 15 दिनों से टूटी हुई है। इसमें अक्सर करंट आ जाता है। यह ट्रांसफार्मर गांव के मुख्य रास्ते पर है, जहां से लोग आते-जाते हैं और बच्चे भी खेलते रहते हैं।
ग्रामीणों ने इस केबल को बांस के सहारे ऊपर टांगा है। लेकिन बारिश में भीगने से बांस में भी करंट आने लगा है। इससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
गांव के शिव कुमार ने बताया कि तीन दिन पहले उनका 8 साल का बेटा स्कूल जा रहा था। उसका पैर जमीन पर पड़ी केबल पर पड़ गया, जिससे उसे करंट लगा और वह दूर जा गिरा। गनीमत रही कि उसकी जान बच गई। कई बार जानवर भी करंट की चपेट में आ चुके हैं।
स्थानीय किसान राम सजीवन यादव ने बताया कि उन्होंने जेई और लाइनमैन को 10 बार फोन किया है। हर बार उन्हें ‘कल आकर ठीक करेंगे’ का जवाब मिलता है, लेकिन आज तक कोई नहीं आया। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, ट्रांसफार्मर का खंभा भी पुराना हो चुका है और कभी भी गिर सकता है। इसकी अर्थिंग भी खराब है। रात में केबल से चिंगारी निकलती रहती है। इस बारे में बिजली विभाग के अवर अभियंता (जेई) सूरज गुप्ता से बात की गई तो उन्होंने बताया कि ट्रांसफार्मर को जल्द ही ठीक कराया जाएगा।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.