महाकुंभ का आज 16वां दिन है। सुबह 11 बजे तक 1 करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया। अब तक करीब 16 करोड़ श्रद्धालु संगम में डुबकी लगा चुके हैं। मौनी अमावस्या से एक दिन पहले श्रद्धालुओं की जबरदस्त भीड़ को देखते हुए रातभर सभी विभागों के अफसरों ने कई राउंड मीटिंग की। भीड़ को कैसे संभालेंगे। सुरक्षा में क्या चुनौती आ रही है, उसका समाधान कैसे होगा। इन्हीं मुद्दों पर मंथन हुआ।
आज सुबह फिर ADG जोन भानु भास्कर और कमिश्नर ने सभी विभागों के अफसरों की इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है। कुंभ कमांड कंट्रोल सेंटर में मीटिंग चल रही है। DM, CRPF, ITBP, पुलिस, रेलवे आदि विभागों के अधिकारी मौजूद हैं। हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
मेला क्षेत्र में आर्टिफिशयल इंटेलिजेंस (AI) कैमरों से कड़ी निगरानी रखी जा रही है। DM ने प्रयागराज के लोगों से अपील की है कि मेला क्षेत्र में आप लोग कार से न आएं। समर्थ हैं तो पैदल आएं, नहीं तो बाइक से आएं। इससे देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं को जाम से नहीं जूझना पड़ेगा। आज स्थिति ऐसी है कि सड़कें-गलियां सब भर गई हैं। स्टेशन या बाहर से आने वाले यात्रियों को पार्किंग से करीब 10-12 किमी पैदल चलना पड़ रहा है।
महाकुंभ के पल-पल के अपडेट्स के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…
मेले में लगातार अनाउंसमेंट हो रहा कि जो लोग वाराणसी और जौनपुर की तरफ से आ रहे हैं, वह झूंसी के एरावत घाट पर स्नान करें। श्रद्धालुओं को संगम जाने से रोका जा रहा है। मिर्जापुर, चित्रकूट और रीवा की तरफ से आने वाले श्रद्धालु अरैल की तरफ स्नान करके वापस चले जाएं। अयोध्या और लखनऊ की तरफ से आने वाले लोगों को रसूलाबाद, फाफामऊ की तरफ ही रोककर स्नान करने की अपील की जा रही है।
संगम के आधे हिस्से को सील कर दिया गया है। जो पांटून पुल कल बंद किए गए थे, वह आज भी बंद हैं। कल अखाड़ों के स्नान पर खोले जाएंगे। संगम की तरफ से अखाड़ों की तरफ जाने के लिए सिर्फ एक पांटून पुल 13 नंबर वाला खोला गया है। बाहर से संगम आने के लिए लोग 15 नंबर पुल का सहारा ले रहे हैं। गाड़ियां पीपा पुल पर नहीं जाने दी जा रही हैं। पुल की सुरक्षा में CRPF को लगाया गया है।
प्रयागराज महाकुंभ जा रही दो ट्रेनों में देर रात पथराव और तोड़फोड़ की गई। अंदर ट्रेन फुल थी, तो यात्रियों ने अंदर से दरवाजे बंद कर दिए। झांसी से चलकर प्रयागराज जा रही पैसेंजर ट्रेन पर हरपालपुर स्टेशन पर यात्रियों ने पथराव करके खिड़की और दरवाजों के शीशे तोड़ दिए। वहीं, दूसरी ट्रेन अंबेडकर नगर- प्रयागराज एक्सप्रेस पर भी छतरपुर स्टेशन पर पथराव किया गया। पढ़ें पूरी खबर…
महाकुंभ में जबरदस्त भीड़ को देखते हुए सभी विभागों के अफसरों की इमरजेंसी मीटिंग बुलाई गई। कंट्रोल रूम में जिलेभर के अधिकारी बैठक में मौजूद हैं। ADG जोन भानु भास्कर के साथ ही कमिश्नर, पुलिस कमिश्नर, DM, CRPF, ITBP के अधिकारी कुंभ कमांड कंट्रोल सेंटर में मौजूद हैं।
बाहर से महाकुंभ मेला क्षेत्र की ओर आने वाले सभी रास्तों पर 10 किमी से ज्यादा लंबा जाम रात से ही लगा है। रीवा-प्रयागराज रोड की बात करें तो सुबह 4 बजे जाम इतना था कि 500 मीटर की दूरी तय करने में 2 घंटे से ज्यादा समय लगा। अभी भी यह रोड जाम है।
पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड के एमडी आचार्य बालकृष्ण ने महाकुंभ में पहुंचने पर कहा- महाकुंभ सनातन के गौरव का पर्व है। सनातन के संगम का पर्व है। संगम में सब डुबकी लगाकर पापों से निवृत्ति की कामना करते हैं। संतों के दर्शन और उपदेश से जीवन को निर्मल बनाते हैं। सबको इस पर्व का आनंद लेना चाहिए।
कल 29 जनवरी को मौनी अमावस्या है। महाकुंभ के दूसरे अमृत स्नान से एक दिन पहले मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी है। ड्रोन से लिए गए वीडियो में श्रद्धालुओं की जबरदस्त भीड़ दिख रही है। आज सुबह 8 बजे तक 45.50 लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया। अब तक 15 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु संगम में डुबकी लगा चुके हैं।
मैनपुरी सांसद डिंपल यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कुंभ मेला कोई नया आयोजन नहीं है। यह हमारी संस्कृति का अहम हिस्सा है, जो हजारों साल से चला आ रहा है। भाजपा सरकार ने कुंभ मेले को राजनीतिक मुद्दा बना लिया है। कुंभ मेले के आयोजन पर राजनीति करना गलत है। इससे संबंधित व्यवस्थाओं में जो पैसे खर्च किए जा रहे हैं, वह टैक्स के हैं। ऐसे में इसमें राजनीति का कोई स्थान नहीं। भाजपा अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए कुंभ को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रही है। पढ़ें पूरी खबर…
प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु रात में जमीन पर सोए थे। ड्रोन वीडियो रात 1.30 बजे शूट किया गया है।
अरुणाचल प्रदेश के गृहमंत्री मामा नातुंग ने संगम में डुबकी लगाई। अपने प्रदेश के लोगों के लिए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि वे गोवर्धन मठ पुरी के पीठाधीश्वर स्वामी अधोक्षजानंद देव तीर्थ के आदेश पर परिजनों और अधिकारियों के साथ महाकुंभ में आए हैं। यहां आकर वे अभिभूत हैं। महाकुंभ में दिव्य व्यवस्था के लिए UP के CM योगी के प्रति आभार जताया।
वकीलों ने कहा- प्रशासन पूरी व्यवस्था खराब करने में लगा है। VIP कल्चर के चक्कर में पूरे मेले को बेकार किया जा रहा है। हम सबकी गाड़ियों को बंद करके हूटर वाली गाड़ियों को निकाला जा रहा है।
वकीलों ने कहा- यहां के DM और मेला अधिकारी को CM तुरंत निर्देशित करें, नहीं तो मेले की व्यवस्था खराब हो जाएगी। कौन हैं वो VIP, जिनके चक्कर में ये रास्ते रोके जा रहे हैं। यहां आने वाले श्रद्धालुओं को काफी दिक्कत हो रही है। हम लोगों को हाईकोर्ट जाने तक का रास्ता नहीं मिल रहा। हम लोगों का काम कैसे होगा?
अमेरिकी रॉक बैंड कोल्डप्ले के को-फाउंडर और सिंगर क्रिस मार्टिन महाकुंभ पहुंचे। इस दौरान उनकी गर्लफ्रेंड और अमेरिकी एक्ट्रेस डकोटा जॉनसन भी नजर आईं। क्रिस और डकोटा को एक कार में बैठे देखा गया। भगवा रंग की ड्रेस पहने कपल महाकुंभ मेले में दिखाई दिए। डकोटा जॉनसन को हॉलीवुड फिल्म ’50 शेड्स ऑफ ग्रे’ को लेकर जाना जाता है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सोमवार को महाकुंभ पहुंचे और डुबकी लगाई थी। उनके साथ CM योगी, जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरि और योग गुरु बाबा रामदेव ने भी संगम में स्नान किया था। शाह अक्षयवट पहुंचे। यहां से स्वामी अवधेशानंद के आश्रम में पहुंचे और भोजन किया।
महाकुंभ में सोमवार को हुई धर्म संसद में PM से सनातन बोर्ड बनाने की मांग की गई। 13 अखाड़े और सभी 4 शंकराचार्य इसमें शामिल नहीं हुए। धर्म संसद में जगद्गुरु विद्या भास्कर ने PM मोदी से संसद में वर्शिप एक्ट को खत्म करने की मांग की। उन्होंने कहा- हम इस संबंध में सरकार को मांगपत्र भी भेज रहे हैं। नारा दिया गया- “संभल, मथुरा, विश्वनाथ, तीनों लेंगे एक साथ।” अयोध्या से आए वल्लभदास महाराज ने नारा दिया- रामलला हम आएंगे, मंदिर हर जगह बनाएंगे। धर्म संसद में करीब 5 हजार साधु-संत और भक्त पहुंचे। शंकराचार्य और 13 अखाड़ों ने बायकॉट किया था।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.