admin
News Admin
नागपुर: महाराष्ट्र दिवस और अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के उपलक्ष्य में नागपुर महानगरपालिका मुख्यालय में ध्वजारोहण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मनपा आयुक्त डॉ. अभिजीत चौधरी ने ध्वजारोहण की।
अपने संबोधन में डॉ. अभिजीत चौधरी ने महाराष्ट्र स्थापना दिवस और मजदूर दिवस की सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने भाषण में डॉ. चौधरी ने कहा कि महाराष्ट्र ने देश के स्वतंत्रता संग्राम, सामाजिक सुधार, कला, विज्ञान, साहित्य और उद्योग जैसे विविध क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि राज्य की अर्थव्यवस्था 1 ट्रिलियन डॉलर की दिशा में अग्रसर है और इसमें नागपुर की भूमिका अत्यंत महत्त्वपूर्ण रहेगी। आयुक्त ने नागपुर को राज्य का “ग्रोथ सेंटर” बताते हुए शहर के समग्र विकास का संकल्प दोहराया और नागरिकों से सहयोग की अपील की।
समारोह के दौरान अग्निशमन दल के जवानों, शिवछत्रपती क्रीडा पुरस्कार विजेताओं और तेजस्विनी महिला मंच की किरण मुंधडा का विशेष सत्कार किया गया। यह सम्मान उनके उल्लेखनीय कार्यों और योगदान के लिए प्रदान किया गया।
Copyright © All rights reserved