Feedback
राजस्थान के पंचायत चुनाव में एक ऐसी जीत सामने आई है, जिसमें एक ही परिवार की दो पीढ़ियों ने शहरी और ग्रामीण राजनीति में अपनी मजबूत दस्तक दी है. टोंक जिले की गेदिया ग्राम पंचायत से MBA पास सौम्या सिंह ने सरपंच बनकर गांव की कमान संभाल ली है. खास बात यह है कि उनकी मां सरोज कंवर महज दो महीने पहले ही जयपुर नगर निगम की डिप्टी मेयर चुनी गई थीं. अब मां के बाद बेटी की इस सियासी एंट्री ने खूब चर्चा बटोरी है.
दरअसल, राजस्थान में हाल ही में संपन्न हुए पंचायत चुनाव में कई पढ़े-लिखे युवाओं ने राजनीति की पिच पर अपनी किस्मत आजमाई. इन्हीं में एक नाम सौम्या सिंह का भी है.
MBA की पढ़ाई पूरी करने वाली सौम्या के सामने कॉर्पोरेट जगत में करियर बनाने के कई रास्ते थे, लेकिन उन्होंने आलीशान दफ्तरों और कॉर्पोरेट दुनिया की चकाचौंध से अलग गांव की मिट्टी से जुड़कर काम करने का रास्ता चुना.
सौम्या के पिता रणजीत सिंह सोडाला बीजेपी के वरिष्ठ नेता हैं, ऐसे में उन्हें राजनीतिक माहौल विरासत में जरूर मिला, लेकिन अब उन्होंने खुद चुनावी मैदान में उतरकर अपनी राजनीतिक पारी का आगाज किया है.
सरपंच चुनाव के दौरान सौम्या शुरू से ही ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई थीं. उनकी उच्च शिक्षा और परिवार की राजनीतिक पृष्ठभूमि ने चुनावी मुकाबले को खास बना दिया था. नतीजे आए तो सौम्या ने भी अपनी लोकप्रियता साबित कर दी. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 574 वोटों के बड़े अंतर से हराकर शानदार जीत दर्ज की और गेदिया ग्राम पंचायत की सरपंच बन गईं.
सौम्या की इस जीत के पीछे एक दिलचस्प राजनीतिक कनेक्शन उनकी मां सरोज कंवर का भी है. करीब दो महीने पहले जब सरोज कंवर जयपुर नगर निगम की डिप्टी मेयर बनने के लिए चुनावी मैदान में थीं, तब सौम्या ने भी मां के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाई थी.
चुनावी रणनीति से लेकर जनसंपर्क तक उन्होंने राजनीति के कई दांव-पेच करीब से सीखे. मां की जीत के साथ ही राजनीति में उनकी दिलचस्पी और बढ़ी और अब उन्होंने खुद चुनाव लड़कर ग्रामीण राजनीति में अपनी जगह बना ली. हालांकि उनके पति अजीत सिंह ने भी जयपुर नगर निगम के वार्ड 23 से पार्षद का चुनाव लड़ा था लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा लेकिन अब पत्नी ने सरपंच का चुनाव जीतकर परिवार की राजनीतिक यात्रा में नया अध्याय जोड़ा है.
जीत के बाद सौम्या सिंह ने गेदिया गांव के मतदाताओं का आभार जताया. उन्होंने कहा कि यह उनकी नहीं, बल्कि गांव की जनता के विश्वास की जीत है.
सौम्या का कहना है कि वे अपनी मां से मिली राजनीतिक समझ और अपनी शैक्षणिक योग्यता का इस्तेमाल गांव के विकास में करेंगी. शिक्षा, स्वच्छता और महिला सशक्तिकरण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेंगे.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू