Yuvraj Singh
Date: 24-09-26 19:40
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बढ़ता तनाव एक बार फिर हवाई हमलों तक पहुंच गया है. पाकिस्तान ने गुरुवार तड़के अफगानिस्तान में 10 ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया. पाकिस्तानी अधिकारियों के मुताबिक, इन स्थानों का इस्तेमाल ड्रोन को लॉन्च करने और स्टोर करने के लिए किया जा रहा था. पाकिस्तान का कहना है कि अफगानिस्तान से आए ड्रोन हमलों के जवाब में यह कार्रवाई की गई, जबकि काबुल ने इन हमलों में चार नागरिकों की मौत का दावा किया है.
रूस ने जताई चिंता
पाकिस्तान की कार्रवाई पर रूस ने भी प्रतिक्रिया दी है. काबुल स्थित रूसी दूतावास ने अफगानिस्तान के पूर्वी हिस्सों में हुए हवाई हमलों में नागरिकों के मारे जाने और घायल होने की खबरों पर चिंता जताई. रूसी पक्ष ने दोनों देशों से टकराव बढ़ाने से बचने और बातचीत के जरिए अपने मतभेद सुलझाने की अपील की है.
अफगानिस्तान ने दी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी
अफगानिस्तान ने पाकिस्तानी हमलों की निंदा करते हुए जवाब देने की बात कही है. काबुल का कहना है कि पाकिस्तान की ओर से किए गए हमले उसकी संप्रभुता का उल्लंघन हैं. अफगानिस्तान सरकार के प्रवक्ता ने कहा कि इन बेशर्म आक्रामकता और उल्लंघनों के जवाब में एक निर्णायक रुख अपनाते हुए माकूल जवाब दिया जाएगा, इंशाअल्लाह.’ दूसरी ओर, पाकिस्तान का दावा है कि उसके हमले ड्रोन लॉन्च और स्टोरेज से जुड़े ठिकानों तक सीमित थे. दोनों देशों के बीच सीमा पार हमलों और उग्रवादी गतिविधियों को लेकर पहले से ही आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं.
तनाव बढ़ने से क्षेत्रीय हालात पर नजर
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच हालिया घटनाक्रम ने दोनों पड़ोसी देशों के संबंधों में तनाव और बढ़ा दिया है. पाकिस्तान लगातार अफगानिस्तान से संचालित होने वाले कथित उग्रवादी हमलों को लेकर चिंता जताता रहा है, जबकि अफगान तालिबान इन आरोपों से इनकार करता है. ऐसे में रूस की ओर से बातचीत और तनाव कम करने की अपील सामने आई है, जबकि दोनों पक्षों के बीच स्थिति पर क्षेत्रीय स्तर पर नजर बनी हुई है.
ये भी पढ़ें: मुनीर ने इस्लामाबाद को कंटेनरों से घेरा, बुलडोजर लेकर पहुंचेंगे इमरान खान के समर्थक, जानें प्लान
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें