Shreeom Singh
Date: 24-10-26 10:40
मुंबई में महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने जैश-ए-मोहम्मद से कथित संबंध रखने वाले 33 साल के मोहम्मद हसन अबू सरमद अख्तर को गिरफ्तार किया है. एटीएस ने उसे माहिम मेट्रो स्टेशन के पास से पकड़ा. शुरुआती जांच के मुताबिक, आरोपी रैपिडो राइडर के तौर पर काम करता था और इत्र बेचने की आड़ में कथित तौर पर कट्टरपंथी विचारों का प्रचार कर रहा था. जांच एजेंसियां अब उसके संपर्कों और आतंकी संगठन से जुड़े होने के आरोपों की पड़ताल कर रही हैं.
पाकिस्तानी खुफिया अधिकारी के संपर्क में होने का आरोप
जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र एटीएस ने संदिग्ध को हिरासत में लेने के बाद मुंबई पुलिस को सौंप दिया था. उस पर पाकिस्तान के एक खुफिया अधिकारी (PIO) के संपर्क में रहने का आरोप है. एटीएस की शिकायत के आधार पर माहिम पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज की गई है और मुंबई पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन और लैपटॉप भी बरामद किए हैं. इनकी जांच की जा रही है, ताकि उसके संपर्कों और गतिविधियों के बारे में जानकारी मिल सके.
गुजरात ATS ने भी जैश के 8 संदिग्धों को पकड़ा था
इससे पहले जुलाई में गुजरात एटीएस ने पाकिस्तान में मौजूद प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से कथित रूप से जुड़े 8 लोगों को गिरफ्तार किया था. इनकी गिरफ्तारी गुजरात और मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों से हुई थी.
जांच एजेंसी के मुताबिक, आरोपी पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में थे और गुजरात में संगठन का नेटवर्क बनाने की कोशिश कर रहे थे. उन पर जैश की विचारधारा का गुजराती भाषा में अनुवाद कर उसका प्रचार करने का भी आरोप था. जांच में आतंकी संगठन की ओर से फंडिंग किए जाने की बात भी सामने आई थी.
पंजाब पुलिस ने भी आतंकी मॉड्यूल का किया था भंडाफोड़
इससे पहले पंजाब पुलिस ने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक कथित आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया था. इस मामले में जम्मू-कश्मीर के दो भाइयों को उनके एक साथी के साथ गिरफ्तार किया गया था.
पुलिस के अनुसार, दोनों भाई मोहाली में एक वाहन चालक के अपहरण और हत्या के पुराने मामले में भी शामिल थे. गिरफ्तार आरोपियों में साहिल बशीर जम्मू-कश्मीर के हंदवाड़ा के कलामाबाद थाने में दर्ज एक मामले में वांछित था. वहीं, उसके भाई ऐजाज अहमद को पहले भी हथियारों के जखीरे के साथ गिरफ्तार किया जा चुका था.
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें