मेरठ-सहारनपुर MLC चुनाव में BJP की बल्ले-बल्ले, श्रीचंद शर्मा और दिनेश गोयल ने फिर लहराया जीत का परचम – Bharat24live

Yuvraj Singh
Date: 27-10-26 22:31
MLC Election Result: मेरठ-सहारनपुर खंड की शिक्षक और स्नातक एमएलसी सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने जीत का परचम लहराया है. दोनों सीटों पर पार्टी के उम्मीदवारों ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज कर अपना दबदबा कायम रखा. शिक्षक सीट पर श्रीचंद शर्मा ने 18,099 वोट हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि स्नातक सीट पर दिनेश गोयल 24,928 वोटों के साथ विजयी रहे. दोनों सीटों पर समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार दूसरे स्थान पर रहे. वहीं, विभिन्न शिक्षक संगठनों के प्रत्याशियों को भी चुनाव में निराशा हाथ लगी.
शिक्षक एमएलसी सीट पर श्रीचंद शर्मा का दबदबा बरकरार
शिक्षक एमएलसी सीट पर भाजपा के श्रीचंद शर्मा ने लगातार दूसरी बार जीत हासिल की. उन्हें कुल 18,099 वोट मिले, जबकि सपा उम्मीदवार नितिन कुमार तोमर दूसरे स्थान पर रहे. इस चुनाव में माध्यमिक शिक्षक संघ के शर्मा गुट के उम्मीदवार डॉ. सुशील कुमार पुंडीर और ठकुराई गुट के सुशील चौधरी समेत अन्य प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा. श्रीचंद शर्मा का जन्म 15 जून 1966 को गौतमबुद्ध नगर के धूम मानिकपुर गांव में हुआ था. ज्योतिष शास्त्र से स्नातक करने के बाद उन्होंने केशव माधव शिक्षण संस्थान की स्थापना की. उनका राजनीतिक और सामाजिक सफर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़ने के बाद आगे बढ़ा. वह 1988 में संघ के स्वयंसेवक बने और 1996 में विश्व हिंदू परिषद के जिला प्रमुख की जिम्मेदारी संभाली.
RSS से भाजपा तक, ऐसा रहा श्रीचंद शर्मा का सफर
श्रीचंद शर्मा ने संगठन में अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाते हुए भाजपा में भी महत्वपूर्ण पदों पर काम किया. वर्ष 1998 में वह सहकारिता प्रकोष्ठ के अध्यक्ष बने और 2000 में आरएसएस के जिला प्रचार प्रमुख की जिम्मेदारी संभाली. इसके बाद 2004 से 2007 तक उन्होंने भाजपा के गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष के रूप में काम किया. वर्ष 2013 से 2016 के बीच वह पार्टी के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रहे. इसके अलावा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य और राष्ट्रीय प्रशिक्षण प्रकल्प के प्रदेश संयोजक की जिम्मेदारी भी निभाई. भाजपा ने 2019 में उन्हें शिक्षक एमएलसी सीट से उम्मीदवार बनाया था और 2020 में उन्होंने पहली बार जीत हासिल की. अब दूसरी बार जीत दर्ज कर उन्होंने इस सीट पर अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत की है.
स्नातक एमएलसी सीट पर दिनेश गोयल ने दोहराई जीत
मेरठ-सहारनपुर खंड की स्नातक एमएलसी सीट पर भाजपा उम्मीदवार दिनेश गोयल भी लगातार दूसरी बार विजयी रहे. उन्हें 24,928 वोट मिले, जबकि सपा के प्रमेंद्र सिंह भाटी एडवोकेट दूसरे स्थान पर रहे. शिक्षक संगठनों से जुड़े उम्मीदवारों को इस सीट पर भी खास सफलता नहीं मिली. दिनेश गोयल का जन्म 1 जुलाई 1953 को मेरठ जिले के कुराली गांव में हुआ था. विज्ञान वर्ग से स्नातक दिनेश गोयल व्यापार के साथ शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में भी सक्रिय हैं. वह राजकुमार गोयल इंस्टीट्यूशंस ग्रुप के चेयरमैन हैं और अजय कुमार गर्ग इंजीनियरिंग कॉलेज के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे हैं. इसके अलावा वह राजकुमार गोयल जूनियर हाईस्कूल, पुरामहादेव, बागपत के प्रबंधक और गाजियाबाद की श्रीकृष्ण गोशाला के अध्यक्ष समेत कई संस्थाओं से जुड़े हैं. भाजपा ने 2020 में उन्हें स्नातक सीट से उम्मीदवार बनाया था, जहां उन्होंने जीत हासिल की थी. इस बार फिर जीत दर्ज कर उन्होंने अपनी सीट बरकरार रखी.
ये भी पढ़ें: Kal Ka Mausam: कहीं भारी बारिश तो कहीं तेज हवाएं… कल 15 से ज्यादा राज्यों में बिगड़ेगा मौसम
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News