'मेरी गलती मत दोहराना…’, मैक्सिको से सिख युवक का रोते हुए वीडियो वायरल – AajTak

Feedback
सोशल मीडिया पर एक भारतीय सिख चुवक का वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें वह हाथ जोड़कर, बिस्तर पर लाचार पड़ा है और दर्द से कराहते हुए नजर आ रहा है. इसमें वह मैक्सिको में फंसे होने का दावा करते हुए लोगों से अवैध ‘डंकी रूट’ के जरिए अमेरिका जाने की कोशिश नहीं करने की अपील कर रहा है. युवक ने वीडियो में अपने साथ कथित तौर पर हुई मारपीट और मुश्किलों का जिक्र किया है. हालांकि, आजतक इस वीडियो या युवक की ओर से किए गए दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका है.
33 सेकंड के इस वीडियो में युवक एक बिस्तर पर लेटा नजर आ रहा है और हाथ जोड़कर लोगों से अपील कर रहा है. वीडियो सबसे पहले बुधवार को टिकटॉक पर पोस्ट किए जाने की बात सामने आई है. इसके बाद इसे एक्स समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया गया.
वीडियो में युवक भावुक नजर आ रहा है. वह लोगों से कहता है, ‘मेरी गलती कोई और न दोहराए. इस रास्ते से यहां मत आना.’ इसके बाद वह दावा करता है कि उसने वहां से भागने की कोशिश की थी, जिसके बाद उसके साथ बुरी तरह मारपीट की गई.
युवक वीडियो में कह रहा है, ‘मैंने भागने की कोशिश की और उन्होंने मुझे बहुत बुरी तरह पीटा. अब मैं ठीक से चल भी नहीं सकता.’ वह वीडियो बना रहे व्यक्ति की ओर इशारा करते हुए दावा करता है, ‘यही वह व्यक्ति है जो मुझे यहां लेकर आया.’
वीडियो के आखिर में युवक हाथ जोड़कर कहता है कि उसने बहुत बड़ी गलती की और इसकी कीमत चुका चुका है.
एजेंटों के झांसे में न आने की अपील
वीडियो में युवक कथित तौर पर अवैध रास्ते से मैक्सिको पहुंचने और बाद में वहां से निकलने की कोशिश करने की बात कहता है. वह लोगों को ऐसे एजेंटों के झांसे में नहीं आने की चेतावनी देता है, जो विदेश पहुंचाने के लिए सुरक्षित रास्ते का भरोसा देते हैं.
वीडियो में युवक का नाम या पता सामने नहीं आता है. सोशल मीडिया पर इसे ‘मैक्सिको में भारतीय सिख के साथ घिनौना व्यवहार’ जैसे कैप्शन के साथ शेयर किया जा रहा है.
हालांकि, वीडियो की सत्यता और इसमें किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. यह भी स्पष्ट नहीं है कि वीडियो में दिख रहा युवक वास्तव में मैक्सिको में ही है या उसके साथ कथित घटना कब और कहां हुई.
क्या होता है डंकी रूट?
बता दें कि ‘डंकी रूट’ ऐसे अनौपचारिक और अवैध प्रवासी रास्तों के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला शब्द है, जिनके जरिए लोग वैध इमिग्रेशन प्रक्रिया के बाहर अमेरिका या दूसरे देशों में पहुंचने की कोशिश करते हैं. ‘डंकी’ शब्द पंजाबी के ‘डंकी’ से जुड़ा माना जाता है, जिसका अर्थ एक जगह से दूसरी जगह छलांग लगाते हुए या अलग-अलग पड़ावों से गुजरते हुए आगे बढ़ना है.
इस तरह के नेटवर्क में एजेंट या मानव तस्कर कई देशों के रास्ते लोगों को आगे भेजते हैं. कई मामलों में पर्यटक वीजा, फर्जी दस्तावेज और अवैध सीमा पार करने जैसे तरीकों का इस्तेमाल किया जाता है. इसके लिए लोगों से लाखों रुपये और कई बार करोड़ों रुपये तक वसूले जाने की बात सामने आती रही है.
दक्षिण अमेरिका से मैक्सिको तक लंबा और खतरनाक सफर
अमेरिका जाने की कोशिश करने वाले भारतीयों के लिए बताए जाने वाले कुछ डंकी रूट दक्षिण अमेरिका से शुरू होते हैं. यात्री भारत से ब्राजील, गुयाना, इक्वाडोर या कोलंबिया जैसे देशों तक पहुंचते हैं. इसके बाद उत्तर की ओर बढ़ते हुए वे पनामा और फिर मैक्सिको की तरफ जाते हैं.
इस दौरान उन्हें कोलंबिया और पनामा के बीच करीब 100 किलोमीटर लंबे घने जंगल वाले डेरियन गैप से गुजरना पड़ सकता है. कई लोगों के लिए यह सफर कई दिनों तक चलता है. घने जंगल, नदियां, कठिन रास्ते और आपराधिक गिरोहों का खतरा इस यात्रा को बेहद जोखिम भरा बनाता है.
पनामा के बाद रास्ता अक्सर कोस्टा रिका, निकारागुआ, होंडुरास और ग्वाटेमाला से होते हुए मैक्सिको तक पहुंचता है. इस दौरान लोग बस, ट्रक, नाव या पैदल यात्रा करते हैं. मैक्सिको पहुंचने के बाद अमेरिका की सीमा पार करने की कोशिश की जाती है.
हालांकि, डंकी रूट का कोई एक तय रास्ता नहीं है. एजेंटों और परिस्थितियों के मुताबिक रास्ते बदलते रहते हैं और समय-समय पर नए रूट भी सामने आते हैं.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News