Feedback
उत्तराखंड में स्टेज शो के दौरान दलेर मेहंदी और मंत्री सुबोध उनियाल के बीच हुआ विवाद अब नया मोड़ ले चुका है. परफॉर्मेंस को लेकर उठे सवालों और शराब पीने के आरोपों के बीच अब दलेर मेहंदी के भाई और सिंगर मीका सिंह उनके बचाव में उतर आए हैं. मीका ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपने भाई का पक्ष रखा और उन लोगों को जवाब दिया, जो दलेर मेहंदी पर नशे में स्टेज पर आने के आरोप लगा रहे हैं.
मीका ने साफ कहा कि दलेर पिछले 30 साल से सुपरस्टार हैं और उन्होंने कभी उन्हें शराब पीते नहीं देखा. इतना ही नहीं, मीका ने इस आरोप को साबित करने की खुली चुनौती तक दे डाली.
’30 साल से सुपरस्टार हैं, क्या कभी हाथ में शराब का गिलास देखा?’
मीका सिंह ने अपने वीडियो में कहा- मैंने खबर देखी. आप लोगों ने यह बात फैला दी कि दलेर मेहंदी शराब पीकर गा रहे थे और उनसे गाया नहीं जा रहा था. सबसे पहले मैं आप सबसे पूछना चाहता हूं कि वह पिछले 30 साल से सुपरस्टार हैं. क्या आप लोगों ने कभी उनके हाथ में शराब का गिलास देखा है? क्या आपने उनकी बर्थडे पार्टी में शराब बहते हुए देखी है? नहीं, आपने ऐसा नहीं देखा. जब आपने देखा ही नहीं, तो फिर आपने कैसे कह दिया कि उनसे खड़ा नहीं हुआ जा रहा था?
‘104 डिग्री बुखार हो, फिर भी शो करना पड़ता है’
मीका ने आगे कहा कि कलाकार कई बार अपनी पहले से की गई प्रतिबद्धता के कारण तबीयत खराब होने के बावजूद शो करने पहुंच जाते हैं. उन्होंने कहा, “हम कलाकार कई बार किसी के कहने पर हां कर देते हैं कि हां, हम शो करेंगे. भले ही हमें 104 डिग्री बुखार हो, इससे फर्क नहीं पड़ता. अगर मैं बीमार हूं और परसों मेरा शो है, जिसकी मैं पहले ही हामी भर चुका हूं, तो बजट बड़ा हो या छोटा, मैं शो करूंगा. दलेर भाई ने भी शायद ऐसा ही किया होगा.”
‘भाई की हाल ही में बड़ी सर्जरी हुई है’
मीका ने दलेर मेहंदी की सेहत का हवाला देते हुए कहा कि हाल ही में उनकी बड़ी सर्जरी हुई है और वह पूरी तरह स्वस्थ नहीं थे. मीका के मुताबिक, इस बात को भी ध्यान में रखना चाहिए था कि आखिर किस हालत में दलेर मेहंदी स्टेज पर पहुंचे थे. उन्होंने कहा, “हाल ही में उनका बहुत बड़ा ऑपरेशन हुआ है. वहां बहुत शानदार मंत्री थे. वह स्टेज पर आए और उन्हें डांटते हुए कहा कि आपसे गाया नहीं जा रहा, मत गाओ. हमने आपको पैसे दिए हैं. मान लिया, उनकी बात सही हो सकती है. लेकिन यह मत कहिए कि वह शराब पीकर गा रहे थे.”
‘कोई कह दे कि दलेर को शराब पीते देखा है, तो मैं गाना छोड़ दूंगा’
मीका सिंह ने शराब पीने के आरोपों पर सबसे कड़ा रुख अपनाते हुए कहा, “मैं चुनौती देता हूं कि अगर एक भी इंसान आकर कह दे कि हमने दलेर को शराब पीते हुए देखा है, तो मैं गाना ही छोड़ दूंगा.”
मीका का यह बयान ऐसे समय आया है, जब उत्तराखंड के नई टिहरी में सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रम में दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में मंत्री सुबोध उनियाल उन्हें ठीक से नहीं गाने को लेकर टोकते दिखाई देते हैं. मंत्री ने दावा किया था कि दलेर मेहंदी को कार्यक्रम के लिए 35 लाख रुपये की पेशकश की गई थी और उनसे बेहतर परफॉर्मेंस की उम्मीद थी. शराब पीने के आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. अब मीका सिंह के खुलकर भाई का साथ देने के बाद यह विवाद और चर्चा में आ गया है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू