नमस्कार,
आज की सबसे बड़ी खबर पीलीभीत में मेडिकल छात्रा की हत्या को लेकर है। वहीं, दूसरी बड़ी खबर यूपी सरकार के मंत्री मनोज पांडेय को लेकर दिए सपा नेता के बयान से जुड़ी है। आइए, सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा…
पहले टॉप 5 खबरें…
1. राममंदिर ट्रस्ट कोषाध्यक्ष बोले- चढ़ावे से 3 करोड़ चोरी हुए, अखिलेश के खिलाफ पोस्टर- दिल में बाबर, मुंह में राम
राम मंदिर चढ़ावा मामले में ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंददेव गिरि ने करीब 3 करोड़ रुपए की चोरी का दावा किया। उन्होंने कहा कि 14 करोड़ के जेवर और नकदी चोरी की बात गलत है। गिरि ने अपने इस्तीफे की खबरों को भी खारिज कर दिया। इधर, यूपी के कई जिलों में सोमवार देर रात अखिलेश की तस्वीरों के साथ पोस्टर मिले। इनमें लिखा था- ‘दिल में बाबर, मुंह में राम। पूरी खबर पढ़ें
2. मेडिकल कॉलेज में छात्रा की एकतरफा प्यार में हत्या, पीलीभीत में क्लासमेट ने दौड़ा-दौड़ाकर चाकू मारे
पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में मंगलवार सुबह 20 साल की छात्रा की उसके क्लासमेट ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। बरेली की रहने वाली छात्रा कशिश सीटी स्कैन रूम में थी। तभी उसके साथ पढ़ने वाला सागर सिंह वहां पहुंचा। दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसी बीच सागर ने बैग से चाकू निकालकर कशिश पर हमला कर दिया। इस दौरान एक महिलाकर्मी भी घायल हो गई। पूरी खबर पढ़ें
3. लखनऊ में तेज बारिश, दिन में अंधेरा छाया, यूपी में नदियां उफनाईं, प्रयागराज में घाटों पर पहुंचा पानी
लखनऊ में मंगलवार दोपहर 3.15 बजे तेज बारिश हुई। सुबह से मौसम साफ था। तेज धूप निकली थी। लोग उमस भरी गर्मी से परेशान थे। अचनाक मौसम बदल गया। आसमान में काले बादल छाने के बाद बारिश होने लगी। प्रदेश में नदियां भी उफान पर हैं। पहाड़ों पर भारी बारिश की वजह से प्रयागराज में गंगा और यमुना का पानी घाटों पर बनी दुकानों तक पहुंच गया है। पूरी खबर पढे़ं
4. रेलवे अफसर की पत्नी फूट-फूटकर रोई, पति को पीटने वाले बर्खास्त हों; यूपी में हजारों रेलकर्मी सड़क पर उतरे
आगरा में रेलवे अफसर को प्लेटफॉर्म पर घसीटकर पीटने के विरोध में प्रदर्शन तेज हो गया है। पीड़ित डिप्टी स्टेशन सुपरिटेंडेंट नरेंद्र चाहर की पत्नी हरेंद्री चाहर ने मंगलवार दोपहर मीडिया से कहा- अगर दोषी RPF जवानों को बर्खास्त नहीं किया गया, तो मैं जान दे दूंगी। उन्होंने रोते हुए कहा- मेरे पति को इतनी बेरहमी से पीटा गया कि घटना का वीडियो देखा भी नहीं जा रहा। पूरी खबर पढ़ें
5. बसपा नेता का हत्यारोपी मुस्तफिजुल एनकाउंटर में मारा गया, चलती ट्रेन से कूदकर पुलिस कस्टडी से भागा था
गोरखपुर में यूपी STF ने बसपा नेता की हत्या के आरोपी बदमाश को सोमवार रात मार गिराया। उस पर 1 लाख का इनाम था। STF और पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर और आंख के पास गोली लगी। बदमाश मुस्तफिजुल हसन ने 4 साल पहले बसपा नेता कलामुद्दीन उर्फ कमालू की हत्या की थी। पूरी खबर पढ़ें
अब 8 अहम खबरें…
6. यूपी की गवर्नर बोलीं- 13 साल की बेटियों को बचाइए, इसी उम्र में पीरियड्स शुरू होते हैं
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को कहा कि 13 साल की बेटियों को बचाइए। इसी उम्र में मेंसुरेशन शुरू होता है। इस उम्र की बेटियों की जांच जरूर होनी चाहिए। उन्हें समय से इलाज मिले। इस उम्र में एक-दूसरे से प्रेम होता है। जब एक-दो साल प्रेम के बाद पकड़ा जाता है तो वह सरकार के माथे आता है। राज्यपाल ने कहा कि मेरे बोलने का उद्देश्य गलत नहीं होता। पूरी खबर पढ़ें
7. UPSSSC ने वन टाइम रजिस्ट्रेशन लागू किया, अब बार-बार नहीं भरना होगा आवेदन
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने वन टाइम रजिस्ट्रेशन व्यवस्था लागू कर दी है। इससे भर्ती प्रक्रिया आसान होगी। अब अभ्यर्थियों को नई भर्ती के लिए आवेदन फॉर्म दोबारा नहीं भरना पड़ेगा। सिर्फ एक बार OTR कराना होगा। आयोग के अध्यक्ष ने बताया- भविष्य में सभी भर्तियों और परीक्षा (PET) के आवेदन OTR नंबर के जरिए स्वीकार किए जाएंगे। पूरी खबर पढ़ें
8. रामआसरे विश्वकर्मा बोले- मनोज पांडेय का बीजेपी में खतना हो गया, कानपुर में PDA सम्मेलन में शामिल हुए
कानपुर देहात में सपा के PDA सम्मेलन के दौरान राष्ट्रीय सचिव और पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा ने विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि मनोज पांडेय का बीजेपी में खतना हो गया है, इसलिए वह बीजेपी की भाषा बोल रहे हैं। कुछ समय पहले मनोज पांडेय ने कहा था कि अखिलेश मुस्लिमों की बात करें, हिंदुओं की चिंता न करें। विश्वकर्मा ने इसी बयान का पलटवार किया। पूरी खबर पढ़ें
9. संभल में ईदगाह की 25 फीट की मीनार ढहाई, मस्जिद को भी बुलडोजर से तोड़ा गया
संभल में ईदगाह और मस्जिद पर मंगलवार दोपहर 3 बजे बुलडोजर चलाकर 25 फीट ऊंची ईदगाह की मीनार ढहा दिया गया। इस दौरान मौके पर पुलिस, पीएसी और RAF के 100 जवान तैनात रहे। 2 नायब तहसीलदारों और 8 लेखपाल की मौजूदगी में आसपास के लोगों के आने पर रोक लगा दी गई। विरोध कर रहे लोगों से तहसीलदार ने कोर्ट में पक्ष रखने को कहा। पूरी खबर पढ़ें
10. कपल से मारपीट करने वालों ने कान पकड़कर माफी मांगी, गोरखपुर में पुलिस के आगे गिड़गिड़ाए
गोरखपुर में कार से खींचकर कपल को पीटने और मोबाइल लूटने वाले आरोपी पुलिस के आगे गिड़गिड़ाते दिखे। हाथ और कान पकड़कर माफी मांगने लगे। बोले- साहब बहुत बड़ी गलती हो गई, आज के बाद ऐसा कभी नहीं होगा, किसी झगड़े में हम लोग नहीं पड़ेंगे, एक बार माफ कर दीजिए। आरोपियों की पहचान महराजगंज के अभिषेक और कुंदन मधेशिया के रूप में हुई। पूरी खबर पढ़ें
11. कानपुर में पत्नी से तंग आकर थाने में खुद को आग लगाई, इंसाफ चाहिए चिल्लाते हुए पहुंचा युवक
कानपुर में पत्नी से परेशान होकर युवक ने मंगलवार सुबह 11 बजे थाने के गेट पर खुद को आग लगा ली। युवक चिल्लाते हुए महाराजपुर थाने के गेट पर पहुंचा। बोला- मुझे इंसाफ चाहिए। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता उसने पेट्रोल भरी बोतल निकाली और खुद पर छिड़क लिया। माचिस जलाकर खुद को आग के हवाले कर दिया। उसे बचाने में इंस्पेक्टर भी झुलस गए। पूरी खबर पढ़ें
12. आगरा में विदेशी महिला की साड़ी खुली, महिला सिपाही के बांधने पर अर्जेंटीना की टूरिस्ट बोली- थैंक्यू
आगरा में साड़ी पहनकर ताजमहल देखने पहुंची अर्जेंटीना की महिला टूरिस्ट की साड़ी खुल गई। वह बार-बार साड़ी बांध रही थीं। साड़ी खुल जा रही थी। इससे टूरिस्ट असहज हो गई। यह देख सुरक्षा में तैनात महिला सिपाही ने साड़ी बांधी। यह देख टूरिस्ट खुश हुई। उसने सिपाही से साड़ी बांधने और प्लेट्स बनाने का तरीका पूछा। इसके बाद हाथ मिलाकर थैंक्यू यूपी पुलिस बोला। पूरी खबर पढ़ें
13. सिपाही ने दो को कुचला, बिना टायर दौड़ाई कार, अमरोहा में पीछा कर लोगों ने पीटा
अमरोहा में सिपाही ने शराब के नशे में धुत होकर अपने ही गांव के दो लोगों को टक्कर मार दी। इसके बाद तेजी से कार दौड़ाई और ट्रैक्टर को टक्कर मारते हुए भाग निकला। टक्कर के बाद कार का अगला टायर फट गया लेकिन सिपाही ने कार नहीं रोकी। बिना टायर के ही वह नेशनल हाईवे-9 पर 8 किमी तक कार दौड़ाता रहा। रास्ते में गाड़ियों को टक्कर मारता चला गया। पूरी खबर पढ़ें
खबर जो हटकर है…
14. आगरा में फ्रिज की बर्फ से बनी शिवलिंग जैसी आकृति, लोग चमत्कार समझ पूजा करने लगे
आगरा में एक घर के फ्रिज के अंदर जमी बर्फ की आकृति को शिवलिंग समझ कर लोग पूजा-अर्चना करने लगे। इसका वीडियो सोमवार देर रात सामने आया। इसमें लोग आकृति को शिवलिंग मानकर पूजा-अर्चना, जलाभिषेक और उसके सामने चढ़ावा चढ़ाते हुए नजर आ रहे। मामला खेरिया मोड़ स्थित नगला भुजा क्षेत्र का बताया जा रहा है। पूरी खबर पढ़ें
कल क्या रहेगा खास…
15. चिराग पासवान यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की बैठक करेंगे
कल 15 जुलाई को लखनऊ में लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान प्रदेश कार्यसमिति बैठक करेंगे। इसमें उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की रणनीति, संगठन के विस्तार एवं सशक्तिकरण के अलावा पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा होगी।
कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.