UP News : उत्तर प्रदेश के मेरठ में रविवार को परशुराम जयंती के मौके पर जुलूस में फरसा लहराए जाने और डंडा लेकर चलने वाले कुछ युवकों को महिला डिप्टी एसपी शुचिता सिंह ने सख्त चेतावनी दी। माइक पर चेतावनी दे रहीं डिप्टी एसपी शुचिता सिंह का वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में शुचिता सिंह यह कहती सुनी जा रही हैं-‘ये जो ऊपर बैठे हैं, फरसा लहरा रहे हैं, डंडा लिए हुए हैं, सबकी फोटोग्राफी हो रही है। सब पर मुकदमा लिखा जाएगा।’ शुचिता सिंह का यह वीडियो सामने आने के बाद कमेंट्स की बाढ़ आ गई है। यूजर्स अपने-अपने ढंग से इस पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। जाहिर है कि कुछ प्रतिक्रियाएं पक्ष में हैं तो कुछ तंज का पुट समेटे हुए।
आइए अब जानते हैं कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के केंद्र मेरठ में भगवान परशुराम जयंती के दौरान ऐसा हुआ क्या कि डिप्टी एसपी को मुकदमा दर्ज किए जाने की चेतावनी देनी पड़ी। भगवान परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में मेरठ में भव्य शौर्य यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में श्रद्धा और उत्साह का ऐसा संगम देखने को मिला कि शहर की सड़कें जय श्री राम और भगवान परशुराम के उद्घोष से गूंज उठीं। इस बार शौर्य यात्रा में उत्तर प्रदेश की पहचान बन चुका बुलडोजर विशेष आकर्षण रहा। झांकियों के साथ चल रहे बुलडोजरों से श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की गई, जिसने सबका ध्यान खींचा। भगवान परशुराम की यह शौर्य यात्रा चौधरी चरण सिंह विवि परिसर से शुरू हुई। यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। डिप्टी एसपी शुचिता सिंह की ड्यूटी जुलूस में लगी थी। जुलूस में शामिल कुछ युवकों के हाथ में डंडे, फरसे दिखाई पड़े। युवकों द्वारा हाथों में डंडे और फरसे लहराते देख पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया। इसी दौरान डिप्टी एसपी शुचिता सिंह ने हाथ में माइक लेकर डंडे-फरसे लहराने वालों को चेतावनी दी कि उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया।
वैसे, परशुराम जयंती के मौके पर शहर भर में जुलूस निकले। बताया जा रहा है कि कई स्थानों पर जुलूसों में युवकों ने डंडे और भगवान परशुराम के शस्त्र फरसे का भी प्रदर्शन किया। जुलूस में बुलडोजर भी शामिल किया गया।
वहीं इस मौके पर अमित मिरिंडा गैंग के सदस्य और वांटेड नितिन कौशिक उर्फ मोनू हाइडिल ने भी खुलेआम फरसे लहराए। मोनू हाइडिल का भी वीडियो और फोटो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। हालांकि ‘लाइव हिन्दुस्तान’ वायरल हो रहे वीडियो, फोटो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। इस मामले में पुलिस अधिकारियों से शिकायत की गई है।
मेडिकल थाने में मयंक त्यागी ने 30 जुलाई 2025 को रंगदारी मांगने, धोखाधड़ी करने और साजिश समेत कई धारा में दर्ज कराया था। मुकदमे में शातिर अपराधी अमित मिरिंडा, नितिन कौशिक उर्फ मोनू हाइडिल, मुकुल सैनी, जतिन तेवतिया, वंश सचदेवा, अजय गुर्जर, हेमकुमारी और दो अन्य को आरोपी बनाया गया था। इसी मुकदमे में नितिन कौशिक उर्फ मोनू हाइडिल वांछित चल रहा है और उसकी ओर से हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका लगाई गई थी। इस प्रकरण में 21 अप्रैल को सुनवाई होनी है। यानी वर्तमान में नितिन मेडिकल पुलिस का वांटेड अपराधी है। इसके बावजूद मेडिकल पुलिस आरोपी को पकड़ नहीं पाई। रविवार को सोशल मीडिया पर नितिन उर्फ मोनू हाइडिल के शोभायात्रा में शामिल होने और फरसा संग वीडियो सामने आया।
अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
आरएसएस विज्ञापन र॓टहमार॓ साथ कामकरेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT TeluguHT BanglaHT TamilHT MarathiHT Auto HealthshotsHT SmartcastFAB Play