अभिनेता रणदीप हुड्डा ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए अपना नया लुक शेयर किया है। ऐसा लुक जिसे देख फैंस हैरान हैं। अभिनेता ने अपने नए लुक की तस्वीर इंस्टाग्राम पर शेयर की।
तस्वीर में एक्टर आधे गंजे नजर आ रहे हैं। उनके सिर पर दोनों साइड तो बाल दिखाई दे रहे हैं, लेकिन बीच से बाल गायब हैं, साथ ही एक्टर की हेयरलाइन भी पीछे जाती हुई नजर आ रही है। पोस्ट को देखकर फैंस भी काफी हैरान हो रहे हैं।
पोस्ट शेयर कर अभिनेता ने कैप्शन में लिखा, ‘इस मंगलवार के लिए कौन-सी चाय? सिर्फ कॉफी ही नहीं है, जो बन रही है!’ सूत्रों के मुताबिक, यह नया लुक हाल ही में एक नए प्रोजेक्ट के ट्रायल से है, जिसकी शूटिंग रणदीप जल्द ही शुरू करने वाले हैं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो अभिनेता हाल ही में फिल्म स्टार सनी देओल की हाई एक्शन फिल्म ‘जाट’ में विलेन का रोल निभाते दिखे। फिल्म को गोपीचंद मालिनेनी ने निर्देशित किया है। इसमें सैयामी खेर, रेजिना कैसांद्रा, जगपति बाबू, राम्या कृष्णन, विनीत कुमार सिंह, प्रशांत बजाज, जरीना वहाब, पी. रविशंकर और बबलू पृथ्वीराज थे।
Also Read : अदाणी एयरपोर्ट्स को मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए मिला 1 अरब डॉलर का फंड
हुड्डा जल्द ही हॉलीवुड फिल्म “मैचबॉक्स” में नजर आने वाले हैं, जिसका निर्देशन सैम हार्ग्रेव कर रहे हैं। फिल्म में जॉन सीना, जेसिका बील, सैम रिचर्डसन, आर्टुरो कास्त्रो, टेयोना पैरिस, दानई गुरिरा और कोरी स्टोल सरीखे कलाकार हैं। मैचबॉक्स 2026 में रिलीज होगी।
हिंदी सिनेमा की बात करें तो उनके पास युद्ध ड्रामा “ऑपरेशन खुकरी” है। इसे एक रियल वॉर ड्रामा पर आधारित बताया जा रहा है।
फिल्म 2000 में पश्चिमी अफ्रीका के एक देश में हुए वास्तविक सैन्य अभियान पर आधारित है, जहां भारतीय सेना के 233 जवानों को विद्रोही बलों ने बंधक बना लिया था। यह मिशन भारतीय सेना द्वारा अब तक किए गए सबसे खतरनाक और साहसिक अभियानों में से एक माना जाता है। फिल्म में रणदीप हुड्डा मेजर जनरल राज पाल पुनिया की भूमिका निभाएंगे, जो उस वक्त 14वीं मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री के कंपनी कमांडर थे और इस मिशन की अगुवाई कर रहे थे।
Pic Credit : ANI
Your email address will not be published.
© NayaIndia 2025 | All rights reserved.