जयसिंहपुर तहसील सभागार में रविवार को परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य कार्ड वितरण एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे 50 से अधिक रसोइयों सहित शिक्षकों और अधिकारियों ने देखा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मोतिगरपुर ब्लॉक प्रमुख चंद्र प्रताप सिंह ने रसोइयों को कैशलेस स्वास्थ्य कार्ड के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार गरीब, जरूरतमंद और कामकाजी वर्गों को स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सिंह ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में रसोइयों की भूमिका महत्वपूर्ण है, और स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ी इन योजनाओं का लाभ उन्हें व उनके परिवारों को आवश्यकता पड़ने पर राहत प्रदान करेगा।
ब्लॉक प्रमुख ने इस बात पर जोर दिया कि सरकार की मंशा है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र लोगों तक पहुंचे। इस दौरान रसोइयों ने मुख्यमंत्री का लाइव प्रसारण देखा और योजना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में रसोइयों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित भी किया गया।
तहसीलदार मयंक मिश्रा, खंड शिक्षा अधिकारी जयसिंहपुर सुनील यादव, खंड शिक्षा अधिकारी मोतिगरपुर बलदेव यादव और प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष दीपेंद्र सिंह ने भी रसोइयों की भूमिका की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने में रसोइयों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक और 50 से अधिक रसोइयां उपस्थित रहीं।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.