Feedback
रिश्तेदार जेल में था. किसी भी तरह उसको जमानत दिलानी थी. इसलिए एक व्यक्ति ने गजब ही तरीका निकाला. वह तांत्रिक के चक्कर में पड़ गया. इतना ही नहीं तांत्रिक क्रिया में वो चीफ जस्टिस का फोटो लेकर ही बैठ गया.
मामला छत्तीसगढ़ के बिलासपुर का है. पुलिस ने शनिवार को एक व्यक्ति से पूछताछ की है. उस पर आरोप है कि उसने अपने एक रिश्तेदार को जमानत दिलाने के लिए छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस की तस्वीर के साथ ‘तांत्रिक’ अनुष्ठान में हिस्सा लिया था.
यह अजीब घटना शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात सिपत पुलिस स्टेशन इलाके के देवरी गांव में एक श्मशान घाट पर हुई.
ग्रामीणों ने देर रात चार लोगों को संदिग्ध गतिविधियों में शामिल देखा और उन्हें रोका. पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बताया कि उनमें से तीन तो भाग गए, लेकिन ऋषिकेश कुमार को पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया.
एसपी ने बताया कि पुलिस ने मौके से अनुष्ठान का सामान बरामद किया, जिसमें मछली, नींबू, सिंदूर और चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा व दो अन्य लोगों की तस्वीरें शामिल थीं.
पूछताछ के दौरान, कुमार ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि चाकू मारने के एक मामले में उसके रिश्तेदार प्रियांशु को कुछ अन्य लोगों के साथ अरेस्ट किया गया था. उनमें से एक को जमानत मिल गई, जबकि अन्य आरोपियों की अर्जियां कोर्ट में लंबित थीं.
उसने पुलिस को बताया कि कुमार और उसके तीन दोस्त एक तांत्रिक का वीडियो देखने के बाद श्मशान घाट गए थे. उस तांत्रिक ने दावा किया था कि एक अनुष्ठान से जमानत पाने में मदद मिलती है.
एसपी सिंह ने कहा कि आगे की जांच चल रही है. पुलिस के अनुसार, मौके पर मिली तस्वीरों में से एक प्रियांशु की थी, जबकि दूसरी चाकू मारने की घटना के पीड़ित की थी.
पुलिस ने चेतावनी दी कि ऐसे अनुष्ठान करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा, ‘कोई भी अनुष्ठान करके जमानत नहीं मिल सकती. अपराधियों को खुद को सुधारना चाहिए.’
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू