Feedback
लखनऊ के एक गेस्ट हाउस का कमरा नंबर 101… पिछले करीब 20 दिनों से यहां एक युवक और युवती रह रहे थे. दोनों हरदोई के रहने वाले थे. लेकिन परिवार को उनके बारे में कोई जानकारी नहीं थी. फिर एक दिन गेस्ट हाउस से ऐसी खबर आई, जिसने पुलिस से लेकर परिवार तक को चौंका दिया.
कमरे के अंदर युवक और युवती मृत मिले. पुलिस के मुताबिक, दोनों ने फांसी लगाकर जान दे दी. जिस कमरे में दोनों के शव मिले, वहां से पुलिस को एक आर्य समाज मंदिर का मैरिज सर्टिफिकेट और एक सुसाइड नोट मिला है. दूसरी तरफ, पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि युवती के संबंध में हरदोई के एक थाने में अपहरण का मामला दर्ज था. सवाल है कि आखिर इन दोनों के साथ हुआ क्या था?
कमरा नंबर 101 में क्या हुआ?
मामला लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र का है. यहां एक गेस्ट हाउस में युवक और युवती ठहरे हुए थे. पुलिस के मुताबिक, दोनों 23 अगस्त से गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 101 में रह रहे थे. करीब 20 दिन बाद 9 सितंबर की रात गेस्ट हाउस संचालक ने पुलिस को सूचना दी कि कमरा नंबर 101 में ठहरे युवक और युवती ने फांसी लगा ली है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची.
पुलिस के अनुसार, दोनों ने कमरे में छत के पंखे के हुक से दुपट्टे के सहारे फांसी लगाई थी. पुलिस ने दोनों को नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल की जांच शुरू की गई.
पुलिस की शुरुआती जांच में युवक की पहचान हरदोई जिले के अरवलपुर, हरपालपुर निवासी 22 वर्षीय अमित के रूप में हुई. अमित के पिता का नाम ओम प्रकाश है. वहीं, युवती की पहचान हरदोई के पालिया पंचशाला निवासी 19 वर्षीय नरगिस के रूप में हुई है. दोनों हरदोई के रहने वाले थे, लेकिन पिछले करीब 20 दिनों से लखनऊ के इस गेस्ट हाउस में रह रहे थे.
पुलिस जब दोनों के परिजनों तक पहुंची तो मामले में एक और जानकारी सामने आई. पुलिस के मुताबिक, हरदोई में युवती के संबंध में अपहरण का केस दर्ज था. बताया गया कि दोनों के घर से चले जाने के बाद उनके बारे में परिवार को कोई जानकारी नहीं थी. अब पुलिस इस पूरे घटनाक्रम को जोड़कर देख रही है.
यह भी पढ़ें: जिससे प्यार था, उससे इंगेजमेंट हो गई… फिर मांगा गया दहेज, लॉ स्टूडेंट ने कर ली खुदकुशी, 5 महीने बाद सामने आई पूरी कहानी
जांच के दौरान पुलिस को कमरा नंबर 101 से आर्य समाज मंदिर का मैरिज सर्टिफिकेट मिला, जिसमें अमित और नरगिस की शादी का जिक्र है. पुलिस के मुताबिक, इसमें युवती का नाम नरगिस उर्फ पूजा दर्ज है. पुलिस ने मैरिज सर्टिफिकेट को कब्जे में ले लिया है और अब उससे जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है.
डीसीपी ईस्ट दीक्षा शर्मा के मुताबिक, 9 सितंबर की रात चिनहट थाना क्षेत्र के एक गेस्ट हाउस में युवक और युवती के सुसाइड की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. घटनास्थल पर एफएसएल टीम ने जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस को मौके से मैरिज सर्टिफिकेट और सुसाइड नोट भी मिला है.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल इमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू