भास्कर न्यूज|मदनगंज किशनगढ़
सरकारी शिक्षकों के कथित लिव-इन रिलेशनशिप प्रकरण में शिक्षा विभाग अब एक बार फिर सख्त हो गया है।
लंबे समय से लंबित चल रहे इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) प्रारंभिक शिक्षा अजमेर ने किशनगढ़ के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को तत्काल जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश जारी किए हैं। विभाग ने कहा है कि यह मामला वीआईपी प्रकृति का है और लगातार देरी के कारण विभाग की छवि प्रभावित हो रही है।
आदेश के तहत शिकायतकर्ता लाली देवी ने अध्यापक सुनील कुमार राप्रावि महाराणा प्रताप नगर अजमेर व अध्यापिका रिंकू मीणा राउमावि बांदरसिंदरी पर गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत में कहा गया है कि सुनील कुमार शादीशुदा होने के बावजूद रिंकू मीणा के साथ पति-पत्नी की तरह रह रहे हैं। इस संबंध में विभागीय स्तर पर पूर्व में भी 26 सितंबर 2024, 6 फरवरी 2025, 11 जुलाई 2025 और 8 सितंबर 2025 को जांच आदेश जारी किए जा चुके हैं, लेकिन अब तक प्राथमिक जांच रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की गई।
डीईओ गोविंद नारायण शर्मा ने आदेश में कहा कि पूर्व में स्थानीय कार्यालय को तीन दिन में जांच रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन आज तक रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। इस मामले में निदेशालय बीकानेर से लगातार रिपोर्ट मांगी जा रही है। ऐसे में सीबीईओ अजमेरा तत्काल जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
इनका कहना है…
आदेश के बाद दो सदस्यों की जांच टीम बना दी गई है, उन्हें जल्द जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया है।
-प्रेमचंद अजमेरा, सीबीईओ, किशनगढ़
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.