प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त 2026 को 80वें स्वतंत्रता दिवस पर लालकिले की प्राचीर से अपने संबोधन का केंद्र देश के युवाओं को बनाया. पीएम ने अपने भाषण के दौरान पीएम मोदी ने मुफ्त कोचिंग, एआई स्किलिंग और 2036 के ओलंपिक लक्ष्यों सहित कई बड़ी घोषणाएं कीं. 75 मिनट के भाषण में प्रधानमंत्री ने 52 बार युवाओं का जिक्र किया. सरकार ने अगले एक साल में 1 करोड़ युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का स्किल ट्रेनिंग देने का लक्ष्य रखा है. वहीं पीएम मोदी के ‘दिमागी नक्सल’ वाले बयान पर देश में राजनीति गरमा गई है. लाला किले पर आयोजित इस कार्यक्रम में दोनों सदनों के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे अनुपस्थित रहे.
पीएम मोदी ने 52 बार किया युवाओं का जिक्र किया
पीएम मोदी ने अपने भाषण में युवाओं के लिए युवा शक्ति, साथियों, नौजवान और युवा जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया. युवा शब्द का इस्तेमाल 20 बार किया, जिसमें पांच बार युवा शक्ति और युवा सामर्थ्य जैसे शब्दों के जरिए युवाओं की ताकत का जिक्र किया. उन्होंने युवाओं को 22 बार नौजवानों और 10 बार साथियों कहकर भी संबोधित किया. उन्होंने युवाओं से समाज और अर्थव्यवस्था के हर क्षेत्र में नेतृत्व की भूमिका निभाते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया.
प्रधानमंत्री ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर के जरिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि कोचिंग संस्थान गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ डालते हैं, जिसे खत्म करने के लिए बेहतरीन शिक्षकों और डिजिटल नेटवर्क को एक साथ लाया जाएगा. पीएम मोदी में देश को खेल जगत में वैश्विक महाशक्ति बनाने और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए दो बड़े दूरगामी फैसलों का ऐलान किया. प्रधानमंत्री ने 2036 के खेल लक्ष्यों को स्पष्ट करते हुए कहा कि देश का लक्ष्य आगामी 2036 ओलंपिक में कम से कम तीन-चौथाई (75 फीसदी) खेल स्पर्धाओं में भागीदारी दर्ज करना है.
‘दिमागी नक्सल’ वाले बयान पर राजनीति गरमाई
पीएम मोदी ने आंतरिक सुरक्षा और नक्सलवाद पर भी बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि देश को जंगलों में पनपने वाले हथियारी नक्सलवाद से मुक्त कराने में बड़ी सफलता मिली है, लेकिन अब देश के सामने ‘दिमागी नक्सल’ की नई और गंभीर चुनौती है, जिनसे बेहद सतर्क रहने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को समाज से अलग-थलग करना होगा, जिस पर कांग्रेस समेत पूरा विपक्ष भड़क गया. कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि पहले अपने विरोधियों को ‘अर्बन नक्सल’ कहा था और अब वे उन्हें ‘दिमागी नक्सल’ कह रहे हैं.
वंदे मातरम पर BJP-कांग्रेस में आर पार
बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी के शीर्ष नेताओं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का अपमान किया. बीजेपी ने उनसे माफी की मांग की. बीजेपी कई नेताओं ने सोनिया गांधी पर कार्यक्रम में वंदे मातरम् के पूर्ण संस्करण के गायन पर आपत्ति जताने का भी आरोप लगाया. हालांकि, विपक्षी दल कांग्रेस ने इस आरोप का खंडन करते हुए कहा कि राष्ट्रगीत के पूर्ण संस्करण के गायन को रोकने का कोई प्रयास नहीं किया गया. पार्टी ने कहा कि गांधी केवल पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के लिए कुर्सी को लेकर कह रही थीं, क्योंकि वह काफी समय से खड़े थे.
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर किया. वीडियो में लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और सोनिया गांधी आपस में बातचीत करते नजर आ रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि कांग्रेस के दोनों नेता ‘वंदे मातरम्’ गाने को राकने की कोशिश कर रहे हैं. वहीं, वीडियो में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी दिखाई पड़ रहे हैं. बीजेपी सांसद ने वीडियो के कैप्शन में लिखा, ‘आज राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के कांग्रेस मुख्यालय पर हुए अपमान पर यह है सोनिया गांधी और राहुल गांधी के बीच हुए बातचीत का अंश. निर्णय देश करे, मेरा मुंह बंद रखना ही उचित है.’
दुनिया भर के नेताओं ने भारत को दी बधाई
भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर दुनियाभर के वैश्विक नेताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और 140 करोड़ भारतीयों को बधाई संदेश भेजे. मित्र राष्ट्रों ने न केवल भारत के विकास की सराहना की, बल्कि रक्षा, टेक्नोलॉजी, अंतरिक्ष और सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प जताया. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई भेजते हुए भारत की आर्थिक, वैज्ञानिक और सामाजिक प्रगति की खुलकर सराहना की.
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत को बधाई देते हुए दोनों देशों के मजबूत होते रिश्तों की बात की. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी के बीच अच्छे संबंधों की वजह से भारत-अमेरिका रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं. इजरायल के राष्ट्रपति आइजक हर्जोग ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर भारत सरकार और देश की जनता को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि कि इजरायल और भारत के बीच की यह गहरी और घनिष्ठ मित्रता समय के साथ और अधिक मजबूत होगी. फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भी भारत को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी हैं.
We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.