वडोदरा के करजण में NH-48 पर एक सीएनजी पंप पर गैस भरवाते समय कार में जोरदार धमाका हो गया। गनीमत …और पढ़ें
वडोदरा में सीएनजी पंप पर कार में हुआ जोरदार धमाका।
गैस भरवाते समय कार खाली थी, बड़ा हादसा टला।
विस्फोट से कार के परखच्चे उड़े, दो अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त।
डिजिटल डेस्क, वडोदरा। गुजरात के वडोदरा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आ रही है। यहां करजण के पास नेशनल हाईवे-48 पर स्थित एक सीएनजी पंप पर गैस भरवाते समय एक कार में अचानक जोरदार धमाका हो गया।
विस्फोट इतना भयानक था कि कार के पिछले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और उसके पतरा व कांच दूर-दूर तक बिखर गए। गनीमत यह रही कि गैस भरवाते समय कार में कोई भी मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी की जान नहीं गई।
मिली जानकारी के अनुसार, करजण नेशनल हाईवे-48 पर जिंदाल कंपनी के सामने बने सीएनजी पंप पर एक कार चालक अपनी गाड़ी में गैस डलवाने के लिए पहुंचा था।
सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए कार में बैठे सभी लोग नीचे उतर गए थे, जिसके बाद पंप कर्मचारी गाड़ी में सीएनजी भरने लगा। इसी दौरान अचानक कार की गैस टैंक जोरदार धमाके के साथ फट गई।
बता दें कि धमाका इतना तेज था कि आसपास मौजूद लोगों में भारी दहशत फैल गई और पंप पर भगदड़ मच गई। इस भीषण विस्फोट की चपेट में आने से पास ही खड़े अन्य दो वाहनों को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही करजण फायर ब्रिगेड की टीम और स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्थिति को संभाला और इलाके को सुरक्षित किया।
गौरतलब है कि सीएनजी टैंक फटने के पीछे की असल वजह अभी तक सामने नहीं आई है। पुलिस और तकनीकी टीमें इस बात की जांच कर रही हैं कि क्या यह हादसा टैंक की खराब क्वालिटी, उसकी एक्सपायरी डेट या किसी अंदरूनी तकनीकी खराबी की वजह से हुआ है।