Feedback
टेक और सॉफ्टवेयर कंपनियों में छंटनी का दौर एक बार फिर तेज होता दिख रहा है. एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर कंपनी Workday ने करीब 500 कर्मचारियों की छंटनी का ऐलान किया है. कंपनी ने बताया है कि इस कटौती का सबसे ज्यादा असर उसके प्रोडक्ट और टेक्नोलॉजी टर्म पर पड़ेगा. यह इस साल वर्कडे में छंटनी का दूसरा बड़ा दौर है. कंपनी करीब 500 कर्मचारियों को नौकरी से हटाएगी, जिससे उसके लगभग 2.5 फीसदी कर्मचारी प्रभावित होंगे. कंपनी ने 29 सितंबर को जारी एक फाइलिंग में इसकी जानकारी दी.
कंपनी के मुताबिक, यह फैसला टीमों के ढांचे को अपनी आगे की ग्रोथ प्लानिंग के हिसाब से बदलने के लिए लिया गया है. वर्कडे कुछ किराये के ऑफिस स्पेस में भी कटौती करेगा. हालांकि, कंपनी ने कहा है कि वित्त वर्ष 2027 में वह जरूरी रणनीतिक क्षेत्रों और लोकेशन पर नई भर्तियां जारी रखेगी.
प्रोडक्ट और टेक्नोलॉजी टीमों पर ज्यादा असर
इस छंटनी का सबसे ज्यादा असर वर्कडे की प्रोडक्ट और टेक्नोलॉजी टीमों पर पड़ने वाला है. हालांकि, कंपनी ने यह नहीं बताया है कि इन दोनों टीमों से कितने कर्मचारियों की नौकरी जाएगी. 31 जुलाई 2026 तक वर्कडे में दुनियाभर में 20,896 कर्मचारी थे. करीब 500 कर्मचारियों की छंटनी इसी मौजूदा वर्कफोर्स के आधार पर की जा रही है.
इस साल दूसरी बार छंटनी
वर्कडे ने 2026 में इससे पहले भी कर्मचारियों की छंटनी की थी. फरवरी में कंपनी ने करीब 400 पदों में कटौती की थी यानी यह इस साल कंपनी दूसरी बार अपने कर्मचारियों की संख्या कम कर रही है.
क्या AI की वजह से गई नौकरी?
वर्कडे की नई छंटनी ऐसे समय में हुई है जब AI को लेकर सॉफ्टवेयर इंडस्ट्री में काफी बदलाव हो रहे हैं. AI टूल्स अब कोड लिखने, सॉफ्टवेयर से जुड़े काम करने और कई तरह के टास्क को ऑटोमेट करने में सक्षम हो रहे हैं. हालांकि, यहां एक बात साफ है. Workday ने अपनी छंटनी को सीधे AI से नहीं जोड़ा है. कंपनी ने इसके पीछे संगठनात्मक बदलाव और अपनी रणनीतिक ग्रोथ प्राथमिकताओं के साथ टीम स्ट्रक्चर को बेहतर तरीके से जोड़ने की बात कही है.
फिर भी जारी रहेगी कुछ जगहों पर भर्ती
छंटनी के बावजूद Workday ने कहा है कि वह वित्त वर्ष 2027 में रणनीतिक तौर पर महत्वपूर्ण क्षेत्रों और लोकेशन पर भर्ती जारी रखेगी यानी कंपनी पूरी तरह से हायरिंग बंद नहीं कर रही है. वर्कडे को इस पुनर्गठन पर करीब 65 से 80 मिलियन डॉलर का खर्च आने का अनुमान है.
इसमें कर्मचारियों के सेवरेंस, बेनिफिट्स और ऑफिस स्पेस कम करने से जुड़े खर्च शामिल हैं. कंपनी के मुताबिक, इस खर्च का बड़ा हिस्सा वित्त वर्ष 2027 की तीसरी तिमाही में दर्ज किया जाएगा. टेक इंडस्ट्री में AI के बढ़ते इस्तेमाल के बीच Workday का यह फैसला ऐसे समय में आया है जब कई सॉफ्टवेयर कंपनियां अपनी टीमों और बिजनेस स्ट्रक्चर में बदलाव कर रही हैं.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू