वाराणसी की आज की 10 बड़ी खबरें: घर गिराने पोकलैंड पहुंची तो हाथ जोड़कर रोने लगी महिला, थाने में आरोपी का VIP… – Dainik Bhaskar

नमस्कार, वाराणसी की आज (रविवार) की बड़ी खबरें… दालमंडी में नगर निगम और विकास प्राधिकरण टीम 6 मकानों को बुलडोजर और पोकलैंड मशीनों से ध्वस्त कर रही है। महिला टी-20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम की जीत की कामना को लेकर नमामि गंगे टीम ने मां
लालपुर-पांडेयपुर थाने में पुलिस द्वारा एक आरोपी को कथित तौर पर वीआईपी ट्रीटमेंट दिए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद थाने में मुंशी की कुर्सी पर बैठाया गया।
ऐसी ही 10 खबरें सिलसिलेवार पढ़िए…
1- दालमंडी में घर पर पोकलैंड चलते ही रोने लगी महिला: हाथ जोड़कर बोली-मुझे समय दे दो, रिटायर्ड IPS का घर समेत 13 तोड़ा गया
वाराणसी के दालमंडी में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत रविवार को रिटायर्ड IPS अधिकारी समेत 13 लोगों के मकानों को ध्वस्त किया गया। इस दौरान जैसे ही पोकलैंड मशीन एक मकान के अगले हिस्से को तोड़ने लगी, तो एक महिला हाथ जोड़कर रोने लगी। महिला ने अधिकारियों से गुहार लगाते हुए कहा- हमें थोड़ा और समय दे दीजिए, हम घर खाली कर देंगे।
नगर निगम और वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की शुरुआत मकान संख्या सीके-43/119 और सीके-43/115 से की। ध्वस्तीकरण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर करीब 200 पुलिसकर्मी मौके पर तैनात रहे।
कार्रवाई से एक दिन पहले शनिवार को क्षेत्र में मुनादी कराई गई थी। सभी प्रभावित मकान मालिकों को पहले ही नोटिस जारी कर मकान खाली करने के निर्देश दिए गए थे। इनमें नगर निगम ने 5 मकानों को अति जर्जर तथा वीडीए ने 9 मकानों को अवैध घोषित किया था। दालमंडी सड़क चौड़ीकरण अभियान के तहत अब तक कुल 132 मकान ध्वस्त किए जा चुके हैं। पढ़िए पूरी खबर…
2. राममंदिर प्रकरण में निष्पक्ष जांच रिपोर्ट देगी SIT: डीजीपी बोले- यूपी से माफियाओं का सफाया हुआ, हवालात में मिलेंगे भौकाली रीलबाज
यूपी के डीजीपी राजीव कृष्ण आज वाराणसी दौरे पर पहुंचे। इस दौरान अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे में गड़बड़ी के मामले पर कहा- इसकी जांच के लिए गठित तीन सदस्यीय एसआईटी निष्पक्ष तरीके से काम कर रही है। टीम जल्द ही अपनी रिपोर्ट देगी।
उन्होंने कहा कि सरकार अपराध और भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। डीजीपी ने दावा किया कि प्रदेश से माफियाओं का सफाया हो चुका है और सोशल मीडिया पर दबंगई दिखाने वाले या दहशत फैलाने वाले तथाकथित ‘रीलबाजों’ पर पुलिस की कड़ी नजर है। ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है और जरूरत पड़ने पर वे सीधे हवालात में मिलेंगे। पढ़िए पूरी खबर…
3. साड़ी के पैकेट में छिपाकर भेजा जा रहा था गांजा: वाराणसी में 123 किलो बरामद, 30 लाख की खेप के साथ तस्कर गिरफ्तार
वाराणसी में यूपी एसटीएफ और एनसीबी की संयुक्त कार्रवाई में गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। टीम ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 123 किलो गांजा बरामद किया। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 30 लाख रुपए बताई जा रही है। जांच में सामने आया कि गांजे की खेप असम से कोरियर के जरिए भेजी जाती थी। गांजे को सिल्क साड़ी लिखे पैकेटों में छिपाकर वाराणसी समेत पूर्वांचल के कई जिलों तक पहुंचाया जाता था। पढ़िए पूरी खबर…
4. वाराणसी-लालपुर थाने में आरोपी को VIP ट्रीटमेंट: मुंशी की कुर्सी पर बैठाया, दूसरे अपराधी जमीन पर सुलाए; बाहर का खाना भी खिलवाया
वाराणसी के लालपुर-पाण्डेयपुर थाने की पुलिस पर रसूखदार आरोपियों को कथित तौर पर वीआईपी ट्रीटमेंट देने के आरोप लगे हैं। जमीन के नाम पर धोखाधड़ी और लाखों रुपए के गबन के मामले में गिरफ्तार आरोपी प्रिंस उपाध्याय को थाने में मुंशी की कुर्सी पर बैठाने, बाहर से खाना मंगवाकर खिलाने और विशेष सुविधा देने का आरोप है, जबकि अन्य आरोपियों को जमीन पर बैठाया गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि शिकायत दर्ज होने के काफी समय बाद आरोपी की गिरफ्तारी हुई, जबकि वह खुलेआम घूम रहा था। वहीं, पुलिस वीआईपी ट्रीटमेंट के आरोपों को खारिज कर रही है। मामले की जांच कैंट एसीपी अपूर्व पांडेय द्वारा की जा रही है और दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पढ़िए पूरी खबर…
5. वाराणसी में संस्कृत महाविद्यालय में फर्जी नियुक्ति का आरोप: मृतक आश्रित कोटे से नौकरी पर उठे सवाल, DM ने गठित की जांच समिति
वाराणसी के चोलापुर स्थित केदारनाथ संस्कृत महाविद्यालय में नियुक्तियों को लेकर विवाद गहरा गया है। महाविद्यालय के पूर्व प्रबंधक ने मृतक आश्रित कोटे और शिक्षण अनुभव प्रमाण पत्र के आधार पर हुई कुछ नियुक्तियों में अनियमितता और फर्जीवाड़े का आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन से शिकायत की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है, जो आरोपों की जांच कर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। वहीं, जांच के बीच महाविद्यालय में नई भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पढ़िए पूरी खबर…
6. अंडर-18 हॉकी एशिया कप के खिलाड़ी राहुल का भव्य स्वागत: भारत ने जापान को हराकर जीता खिताब, बोले- मेडल बाबा विश्वनाथ को समर्पित
वाराणसी के युवा हॉकी खिलाड़ी राहुल यादव ने अंडर-18 हॉकी एशिया कप जीतकर वाराणसी पहुंचे। जापान में आयोजित टूर्नामेंट के फाइनल में भारत ने मेजबान और डिफेंडिंग चैंपियन जापान को 4-1 से हराकर तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। स्वदेश लौटने पर रविवार को राहुल का काशी में भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने अपनी सफलता और गोल्ड मेडल बाबा विश्वनाथ, अपने माता-पिता और कोच को समर्पित करते हुए कहा कि मेहनत और लगन से कोई भी खिलाड़ी बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकता है। राहुल ने युवा खिलाड़ियों से मेहनत से कभी पीछे न हटने की अपील की। पढ़िए पूरी खबर…
7. वाराणसी में उमस से लोग बेहाल, 37.6°C पारा: पुरवा हवाओं से राहत, मानसून अब भी सुस्त; अस्पतालों में बड़ी भीड़
वाराणसी में रविवार को मौसम ने लोगों को राहत और परेशानी दोनों का एहसास कराया। सुबह बादलों और पुरवा हवाओं के कारण मौसम अपेक्षाकृत सुहाना रहा, लेकिन दिन चढ़ने के साथ तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि पुरवा हवाओं ने दोपहर बाद कुछ राहत जरूर दी, लेकिन वातावरण में नमी बढ़ने से उमस बनी रही। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी है, इसलिए अगले कुछ दिनों तक गर्मी और उमस का असर बना रह सकता है। पढ़िए पूरी खबर…
8. दोस्त की हत्या कर बिहार भागने वाला आरोपी गिरफ्तार: सामान लेने वाराणसी लौटा तो पुलिस ने दबोचा, पिस्टल बरामद
वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र में दोस्त की गोली मारकर हत्या करने के बाद फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दिलदारनगर निवासी गोपीनाथ चौरसिया वारदात के बाद बिहार भाग गया था और वहीं छिपकर रह रहा था। पुलिस के अनुसार, वह अपना सामान लेने के लिए वाराणसी लौटा था, तभी सर्विलांस की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस कर उसे दबोच लिया गया। आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद हुई है। पुलिस का कहना है कि मृतक सोनू और आरोपी पहले साथ पढ़ाई करते थे, लेकिन आपसी मनमुटाव के चलते दोनों के बीच रंजिश हो गई थी। इसी रंजिश में 9 जून को नगवां इलाके में सोनू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पढ़िए पूरी खबर…
9. वाराणसी के राजघाट पुल पर 60 दिनों तक नो-इंट्री: आज रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक बंद रहेगा आवागमन, पैदल चलने पर भी रोक
वाराणसी के राजघाट पुल पर आज रात 10 बजे से अगले 60 दिनों तक रात के समय आवाजाही बंद रहेगी। लोक निर्माण विभाग (PWD) पुल पर ड्रेनेज स्पाउट और एक्सपेंशन ज्वाइंट बदलने का काम करेगा, जिसके लिए 14 जून से 13 अगस्त तक रोजाना रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक नो-इंट्री लागू रहेगी। इस दौरान पुल से वाहनों के साथ-साथ पैदल यात्रियों के गुजरने पर भी रोक रहेगी। प्रशासन ने ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था की है और पड़ाव-राजघाट मार्ग के वाहनों को रामनगर-सामनेघाट तथा विश्वसुंदरी पुल की ओर मोड़ा जाएगा। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार पुल के कई हिस्से जर्जर हो चुके हैं, इसलिए बारिश से पहले मरम्मत कार्य पूरा करना जरूरी है। पढ़िए पूरी खबर…
10. भारत की जीत के लिए काशी में गंगा आरती: महिला टी-20 वर्ल्ड कप क्रिकेट के पहले शंखनाद, चक दे इंडिया के लगे नारे
महिला टी-20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय महिला क्रिकेट टीम की जीत की कामना को लेकर रविवार को वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर नमामि गंगे टीम ने विशेष पूजा-अर्चना की। टीम के सदस्यों ने एक हाथ में क्रिकेट बैट और दूसरे हाथ से मां गंगा व बाबा विश्वनाथ की आरती उतारकर भारतीय टीम की सफलता के लिए प्रार्थना की। भारत माता की तस्वीर, क्रिकेट किट, बैट-बॉल और तिरंगा लेकर पहुंचे सदस्यों ने शंखनाद कर टीम इंडिया के समर्थन में उत्साह जताया। इस दौरान “भारत माता की जय”, “चक दे इंडिया” और “जीतेगा भाई जीतेगा, हिंदुस्तान जीतेगा” के नारों से दशाश्वमेध घाट गूंज उठा। पढ़िए पूरी खबर…
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News