मऊ में भगवान विश्वकर्मा जयंती पर गुरुवार शाम 6 बजे नगर पालिका परिषद के कम्युनिटी हॉल में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना-2.0 के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे कारीगरों, श्रमिकों और लाभार्थियों ने देखा और सुना। कार्यक्रम में योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कारीगरों को टूलकिट वितरित की गईं।
मुख्यमंत्री ने पोर्टल और प्रदर्शनी की शुरुआत की
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्वकर्मा जयंती पर विश्वकर्मा सौर ऊर्जा एवं स्वदेशी मेला-2026 आधारित प्रदर्शनी और मार्जिन मनी ऋण पोर्टल की शुरुआत की। कार्यक्रम में लाभार्थियों को सिलाई मशीन, हलवाई टूलकिट समेत विभिन्न उपकरण दिए गए। टूलकिट पाकर लाभार्थियों ने खुशी जताई।
अधिकारियों ने बताया कि योजना का उद्देश्य पारंपरिक और स्थानीय कारीगरों को आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराकर उनकी कार्यक्षमता बढ़ाना है। इससे स्वरोजगार को बढ़ावा देने और कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी।
मुफ्त ट्रेनिंग और आर्थिक सहायता का प्रावधान
अधिकारियों के मुताबिक, योजना के तहत पात्र कारीगरों को मुफ्त प्रशिक्षण, टूलकिट और 5 हजार रुपये मानदेय देने का प्रावधान है। इसके साथ ही पात्र लाभार्थियों को बिना गारंटी और बिना ब्याज के 10 लाख रुपये तक का ऋण तथा 15 प्रतिशत की छूट भी मिलती है।
विधायक ने योजनाओं का लाभ दिलाने के दिए निर्देश
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मधुबन विधायक रामविलास चौहान ने कहा कि सरकार श्रमिकों और कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही है। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के जरिए पारंपरिक काम करने वाले लोगों को प्रशिक्षण और आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ सभी पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए। विधायक ने बताया कि कैंप लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है और जरूरी दस्तावेज दुरुस्त कराकर उन्हें लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
कारीगरों से उपकरणों का सही इस्तेमाल करने की अपील
भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने कहा कि बढ़ई, दर्जी और राजमिस्त्री जैसे पारंपरिक काम करने वाले कारीगरों को व्यवसाय बढ़ाने के लिए टूलकिट दी जा रही हैं। उन्होंने लाभार्थियों से मिले उपकरणों का सही इस्तेमाल कर अपने काम को बेहतर बनाने की अपील की। उपायुक्त उद्योग हरेंद्र प्रताप ने लाभार्थियों को योजना की पात्रता और इसके तहत मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.