भारत ने स्पष्ट किया है कि शेख हसीना की स्वैच्छिक वापसी प्रत्यर्पण की मांग से बिल्कुल अलग है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि वैध दस्तावेजों के साथ नागरिक की वापसी और प्रत्यर्पण अनुरोध की कानूनी प्रक्रियाएं भिन्न हैं।
शेख हसीना की वापसी पर भारत का रुख स्पष्ट (फाइल फोटो)
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की 16 दिसंबर को स्वेदश वापसी के एलान के बीच भारत ने अपना रुख स्पष्ट किया है। बुधवार को विदेश मंत्रालय ने कहा कि किसी नागरिक की अपनी मर्जी से देश वापसी का मामला बांग्लादेश सरकार द्वारा की जा रही प्रत्यर्पण की मांग से बिल्कुल अलग है।
नई दिल्ली में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा, अगर कोई नागरिक वैध यात्रा दस्तावेजों के साथ स्वेच्छा से अपने देश लौटना चाहता है, तो यह मामला प्रत्यपर्ण के अनुरोध से पूरी तरह अलग है।
इसके साथ ही उन्होंने दोहराया कि शेख हसीना के प्रत्यर्पण को लेकर ढाका की ओर से भेजी गई मांग की जांच भारत की तय और स्थापित कानूनी प्रक्रियाओं के तहत की जा रही है।
भारत का यह बयान शेख हसीना के प्रवक्ता की उस घोषणा के बाद आया है, जिसमें उन्होंने 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की बात कही थी।
गौरतलब है कि 16 दिसंबर को बांग्लादेश 1971 के मुक्ति संग्राम में पाकिस्तान पर अपनी ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाता है। इससे पहले हसीना ने जुलाई में भी अपने इस्तीफे की दूसरी बरसी से पूर्व दिसंबर में लौटने के संकेत दिए थे।
हालांकि, उनकी वापसी में दस्तावेजों का पेंच फंस गया है। हसीना ने बांग्लादेश सरकार से आवश्यक यात्रा दस्तावेज जारी करने का अनुरोध किया था, जिसे खारिज कर दिया गया है। वर्तमान में बांग्लादेश की सरकार का नेतृत्व तारिक रहमान कर रहे हैं, जो हसीना की चिर-प्रतिद्वंद्वी रहीं खालिदा जिया के बेटे हैं।
5 अगस्त 2024 को छात्रों के उग्र विद्रोह के बाद शेख हसीना की 15 साल पुरानी सत्ता गिर गई थी और उन्हें देश छोड़कर भारत में शरण लेनी पड़ी थी। इसके बाद नवंबर 2025 में, प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई के दौरान मानवता के खिलाफ अपराधों के आरोप में उन्हें उनकी अनुपस्थिति में मौत की सजा सुनाई गई थी।
हसीना ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए अदालत के सामने आत्मसमर्पण करने की इच्छा जताई है।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।