Feedback
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े ने राहुल गांधी की चर्चा की मांग पर पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जिस चर्चा की बात कर रहे हैं, वह सड़क पर नहीं बल्कि संसद में होनी चाहिए.
विनोद तावड़े ने कहा कि बाबा साहेब आंबेडकर के संविधान के अनुसार प्रधानमंत्री और नेता प्रतिपक्ष के बीच किसी भी विषय पर चर्चा संसद में होती है, सड़क पर नहीं. उन्होंने कहा कि जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों के बीच तर्क-वितर्क, प्रश्न-उत्तर और संवाद संसद में होने से संविधान की गरिमा बनी रहती है. एक्स पोस्ट में तावड़े ने राहुल गांधी से कहा कि वह अपनी ‘सड़कछाप_राजनीति’ बंद करें और आने वाले संसद सत्र में आकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से चर्चा करें.
इससे पहले कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर आमने-सामने सार्वजनिक बहस की चुनौती दी है. शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर ‘आस्क मी’ सेशन के दौरान एक सवाल का जवाब देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वह प्रधानमंत्री के साथ सार्वजनिक बहस करना चाहते हैं, जबकि बीजेपी संसद में चर्चा की बात कर रही है.
संसद में बहस करने पर सवाल
राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि बीजेपी संसद में बहस कराने पर ही क्यों जोर दे रही है. उन्होंने कहा कि अगर बहस होनी है तो वह सार्वजनिक तौर पर होनी चाहिए. इसी दौरान उन्होंने सोनिया गांधी की किताब को लेकर बीजेपी की ओर से की जा रही बयानबाजी पर भी सवाल उठाया. दिल्ली के प्रदूषण और प्रधानमंत्री को दिए गए बहस के न्योते पर तंज कसते हुए राहुल गांधी ने पूछा कि दिल्ली के AQI और बहस के न्योते में से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसे ज्यादा नजरअंदाज करेंगे.
राहुल गांधी ने संसद में उन्हें बोलने का मौका नहीं दिए जाने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कृषि कानूनों, वोट चोरी, SIR, चीन, जनरल नरवणे की किताब और एप्सटीन से जुड़े मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें इन मामलों पर संसद में अपनी बात रखने नहीं दी गई.
सवाल पूछने और आरोप लगाने का मौका मिलना चाहिए
राहुल ने कहा कि वह ऐसी बहस नहीं चाहते जिसमें दोनों तरफ से लंबे-लंबे भाषण दिए जाएं. राहुल गांधी के मुताबिक, आमने-सामने की बहस में दोनों नेताओं को एक-दूसरे से सीधे सवाल पूछने और आरोप लगाने का मौका मिलना चाहिए. राहुल गांधी ने कहा कि वह चाहते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके सामने बैठें और दोनों के बीच सीधे सवाल-जवाब हों. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उन पर आरोप लगाएं और वह प्रधानमंत्री पर आरोप लगाएं. उनके मुताबिक, बहस में एक तरफ नरेंद्र मोदी हों और दूसरी तरफ वह खुद हों.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू