मुख्य बातें
शेयर बाजार में सरकारी कंपनी पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन (PFC) के निवेशकों के लिए अच्छी खबर है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए दूसरे अंतरिम डिविडेंड का ऐलान कर दिया है। PFC के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने हर शेयर पर 4.10 रुपये का डिविडेंड देने की मंजूरी दी है। कंपनी के एक शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। इस हिसाब से निवेशकों को फेस वैल्यू पर 41% डिविडेंड मिलेगा। PFC ने डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट भी तय कर दी है। कंपनी के शेयर आज गुरुवार को BSE पर 2.36% की तेजी के साथ 329.50 रुपये पर बंद हुए।
कंपनी ने मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को रिकॉर्ड डेट रखा है। यानी जिन निवेशकों के पास तय रिकॉर्ड डेट के अनुसार कंपनी के शेयर होंगे, वे इस डिविडेंड के लिए पात्र होंगे। कंपनी ने बुधवार को BSE पर दी गई जानकारी में बताया कि 17 नवंबर 2026 को उन शेयरधारकों की पहचान की जाएगी, जिन्हें वित्त वर्ष 2026-27 के दूसरे अंतरिम डिविडेंड का फायदा मिलेगा। इसलिए जो निवेशक इस डिविडेंड का लाभ लेना चाहते हैं, उन्हें रिकॉर्ड डेट और शेयर खरीदने की समयसीमा का ध्यान रखना होगा।
डिविडेंड के साथ कंपनी ने सितंबर तिमाही के नतीजे भी जारी किए हैं। वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में PFC का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर करीब 2% घटकर 7,681.51 करोड़ रुपये रह गया। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी ने 7,834.39 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था। कंपनी के मुताबिक, खर्च बढ़ने की वजह से मुनाफे पर थोड़ा दबाव देखने को मिला है। हालांकि, कंपनी की कुल आय में मामूली बढ़ोतरी हुई है। सितंबर तिमाही में PFC की कुल आय बढ़कर 29,234.42 करोड़ रुपये हो गई, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में यह 28,901.10 करोड़ रुपये थी। यानी कंपनी की कमाई में बढ़ोतरी हुई है, लेकिन खर्च बढ़ने के कारण मुनाफे में हल्की गिरावट दर्ज की गई।
अब बात करें PFC के शेयरों की तो गुरुवार को कंपनी के स्टॉक में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। BSE पर शेयर 2.36% की तेजी के साथ 329.50 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी का मार्केट कैप करीब 1,08,738.35 करोड़ रुपये रहा। बता दें कि PFC के शेयर में लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में तेजी दर्ज की गई। पिछले तीन कारोबारी दिनों में शेयर करीब 5% चढ़ चुका है। वहीं, पिछले एक हफ्ते में इसने 2.87% का रिटर्न दिया है।
(डिस्क्लेमर: यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)
वर्षा पाठक लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं और पिछले 4 सालों से इस संस्थान से जुड़ी हुई हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें लगभग 8 साल का अनुभव है। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। बिहार की रहने वाली वर्षा वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान के बिजनेस सेक्शन के लिए खबरें लिखती हैं। उन्हें स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, यूटिलिटी, टैक्स, बजट, एक्सप्लेनर, इंटरव्यूज और कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़ी खबरों की समझ है। जटिल आर्थिक विषयों को सरल, तथ्यात्मक और पाठकों के लिए उपयोगी भाषा में प्रस्तुत करना उनकी लेखन शैली की विशेषता है। हिन्दुस्तान से पहले वर्षा दैनिक भास्कर (प्रिंट), मनी भास्कर और नेटवर्क18 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं। उन्हें फील्ड रिपोर्टिंग का अनुभव भी है। डिजिटल पत्रकारिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्षा को मनी भास्कर में सबसे अधिक UVs-PVs का पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा, लाइव हिन्दुस्तान में भी वर्षा का टॉप परफॉर्मेंस रहा है और इसके लिए पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play