सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके ने गांवों में सरकारी स्कूलों की दशा सुधारने के लिए 15 अगस्त से देशव्यापी अभियान की घोषणा की है। …और पढ़ें
सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके (सोशल मीडिया)
सीजेपी 15 अगस्त से सरकारी स्कूलों के लिए अभियान चलाएगी।
अभिभावक स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं का सोशल ऑडिट करेंगे।
सरपंचों को स्कूल सुधारने के लिए ‘सरपंच चैलेंज’ दिया गया।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। काकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने गांवों में सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने के लिए देशव्यापी अभियान की सोमवार को घोषणा की। उन्होंने अभिभावकों से स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं का सोशल आडिट करने और देशभर के सरपंचों से अपने- अपने स्कूलों को बेहतर बनाने का आह्वान किया।
यह अभियान 15 अगस्त को शुरू किया जाएगा। दीपके ने वीडियो संदेश में कहा कि वह इस पहल की शुरुआत अपने गांव हिंगोली, महाराष्ट्र से करेंगे और गांव के मुखिया से सरकारी स्कूलों के सुधार का अनुरोध करेंगे।
दीपके ने कहा कि 15 अगस्त को हमारा 80वां स्वतंत्रता दिवस है। लेकिन, पिछले 80 वर्षों में हमारे गांवों में सरकारी स्कूलों की सबसे अधिक उपेक्षा हुई है। उन्होंने पूछा, हमने नया संसद भवन, नया पीएम हाउस बनाया है, लेकिन, हम अपने गांवों में नए स्कूल क्यों नहीं बना पाए? क्या हम किसानों और श्रमिकों के बच्चों को अपने देश का भविष्य नहीं मानते?
दीपके ने कहा कि आज भी गांव के बच्चों को स्कूल जाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। उन्हें पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिलतीं। मुझे लगता है कि इस 15 अगस्त को हमें अपने सरकारी स्कूलों के सुधार की शुरुआत करनी चाहिए।
दीपके ने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में गांव जाकर सरपंच से मिलेंगे। जो सरपंच स्कूलों को सुधारने की पहल करेंगे, उन्हें सीजेपी के इंटरनेट मीडिया पेज पर उनके कार्य की तस्वीरों के साथ श्रेय दिया जाएगा, जिससे अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिलेगी। सीजेपी ने इसे “सरपंच चैलेंज” का नाम दिया है।
सीजेपी ने सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के माता-पिता से अनुरोध किया, आप अपने बच्चों के स्कूल जाएं और देखें कि क्या बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं। देखें कि क्या बिजली है, पानी है। क्या आपके बच्चों को शौचालय की सुविधाएं मिलती हैं? यदि सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं तो वीडियो रिकार्ड करें।
इसके साथ ही सीजेपी ने यह भी कहा कि जल्द ही एक प्रिंट करने योग्य आडिट फार्म जारी किया जाएगा, जिसके जरिये नागरिक अपने बच्चों के स्कूलों में मौजूद और नदारद सुविधाओं की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। यह फार्म सीजेपी के आधिकारिक इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्मों पर अभियान वीडियो लिंक के माध्यम से साझा किया जाएगा।