सरगुजा के 35 हायर सेकेंडरी स्कूलों में आज से NEET एवं JEE के ऑनलाइन क्लासेस शुरू किए गए हैं। कोटा एवं अन्य स्थानों के विशेषज्ञ शिक्षक बच्चों को ऑनलाइन पढ़ाएंगे और बच्चे शिक्षकों से सीधे सवाल भी कर सकेंगे। इसका लाभ ढाई हजार से अधिक छात्रों को मिलेगा।
मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक प्रबोध मिंज के आतिथ्य में ऑनलाइन क्लासेस का शुभारंभ किया गया। प्रदेश में सरगुजा पहला जिला बना है, जहां बच्चों को स्कूल में ही ऑनलाइन क्लासेस उपलब्ध होगी। इसके लिए इंफ्रास्ट्रक्चर स्कूलों में तैयार कर दिया गया है।
सरगुजा के कलेक्टोरेट सभाकक्ष में छात्रों की उपस्थिति में नीट व जेईई के ऑनलाइन क्लासेस का शुभारंभ किया गया। फिलहाल ऑनलाइन क्लासेस के लिए 35 स्कूलों का चयन किया गया है। इसके लिए जिला खनिज न्याय मद डीएमएफ से राशि स्वीकृत की गई है। स्कूलों में इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया गया है। ये कोचिंग क्लासेस टू वे होंगे। अर्थात बच्चे सीधे आनलाइन पढ़ा रहे शिक्षकों से सवाल भी कर सकेंगे।
ऑनलाइन के बाद रिकार्डेड मोड में भी क्लासेस
कलेक्टर अजीत वसंत ने बताया कि फिलहाल 35 स्कूलों में ऑनलाइन क्लास के लिए सभी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किए गए हैं। ऑनलाइन के बाद रिकार्डेड मोड में भी क्लासेस होंगे। इससे बच्चों को नीट एवं जेईई की तैयारी के लिए सुविधा मिलेगी। भविष्य में इसका विस्तार किया जा सकता है।
कलेक्टर ने बताया कि बच्चों को जिला प्रशासन द्वारा टैबलेट, इंटरनेट की सुविधा के साथ-साथ स्टडी मटेरियल भी उपलब्ध कराया जाएगा।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि बच्चों के लिए स्कूल में ही नीट एवं जेईई की ऑनलाइन क्सासेस शुरू करने वाला सरगुजा संभवतः पहला जिला है। यह डीएमएफ द्वारा शुरू की गई है। इसमें हिंदी एवं इंग्लिश दोनों माध्यमों से क्लासेस होंगे।
सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने इस अवसर पर छात्रों को बधाई दी और ऑनलाइन क्लासेस का लाभ लेकर नीट एवं जेईई की तैयारी करने की अपील की। सांसद ने कहा कि इसका लाभ सीधे उन छात्रों को लाभ मिलेगा जो आर्थिक तंगी के कारण महंगी कोचिंग नहीं कर पाते।
दिल्ली एवं कोटा के टीचर लेंगे क्लासेस
ऑनलाइन क्लास के लिए दिल्ली और कोटा के अनुभवी शिक्षकों को जोड़ा गया है, जो रोज शाम को लाइव क्लास लेंगे और बच्चों के डाउट भी क्लियर करेंगे।
ऑनलाइन क्लासेस के शुभारंभ अवसर पर युवा आयोग अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, डीइओ दिनेश झा सहित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.