पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री की मशहूर सिंगर सुनंदा शर्मा ने कल रात मोहाली के CGC लांडरां कॉलेज में आयोजित परिवर्तन 2k26 हेरिटेज टू होराइजन फेस्ट में अपनी शानदार परफॉर्मेंस से सभी का दिल जीत लिया।
इस लाइव शो के दौरान दो ऐसे खास पल आए जब वहां मौजूद हज़ारों फैंस जज़्बाती भी हुए और जमकर हूटिंग भी की। सुनंदा ने न सिर्फ अपनी मां को स्टेज पर बुलाकर उन्हें अपना काम दिखाया बल्कि अपने पेट डॉग को भी स्टेज पर लाकर फैंस से रूबरू करवाया।
मां को दिखाया अपना काम,बोलीं-मम्मी मैं रोज़ यही करती हूं
शो के बीच में सुनंदा ने एक बेहद भावुक करने वाला पल फैंस के साथ शेयर किया। उन्होंने अपनी मां को स्टेज पर बुलाया और भीड़ से उनके लिए ज़ोरदार तालियां बजाने की अपील की। इसके बाद उन्होंने सभी फैंस से अपने फोन की फ्लैशलाइट्स ऑन करने को कहा।
जब पूरा ग्राउंड रोशनी से जगमगा उठा तब सुनंदा ने अपनी मां को गले लगाते हुए भीड़ की तरफ इशारा किया और कहा देखो एक वारी देखो हाउ ब्यूटीफुल अपनी मां के सामने खुशी ज़ाहिर करते हुए सुनंदा बोलीं मैं बहुत लकी हूं कि मैं आपको यह दिखा सकी। देख्या किन्ना सोहणा लगदा है मेरा काम यह है मम्मी मैं रोज़ यह करती हूं।उन्होंने अपनी मां से फैंस को हाथ जोड़ कर आशीर्वाद देने को भी कहा। यह नज़ारा देखकर फैंस पूरी तरह से झूम उठे।
खास अंदाज़ में हुई डॉगी चीची बाबा की एंट्री
मां के साथ इस इमोशनल मोमेंट के अलावा शो में एक और मज़ेदार पल तब आया जब सुनंदा ने अपने क्यूट पेट डॉग चीची बाबा की स्टेज पर एंट्री करवाई। चीची बाबा को गोद में उठाए हुए सुनंदा ने फैंस से पूछा सब जानते हैं चीची बाबा को।
इस पर क्राउड ने शोर मचाकर अपना रिएक्शन दिया। सुनंदा ने अपने पेट डॉग के साथ मस्ती करते हुए स्टेज से फैंस से कहा कि यह सिर्फ लड़कियों को देख रहा है, लड़कियां इधर ही हैं ना उधर तो यह देख ही नहीं रहा । चीची बाबा की इस एंट्री ने कॉन्सर्ट के दौरान एक अलग ही वाइब बना दी और लोग मुस्कुराते हुए इस पल को एन्जॉय करते नज़र आए।
Copyright © 2025-26 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.