सोनीपत में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जिला कोर्ट परिसर के एडीआर सेंटर में जिला स्तरीय बैठक और प्रशिक्षण कार्यशाला हुई। इसका आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) और एमडीडी ऑफ इंडिया ने मिलकर किया।
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-सह-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रचेता सिंह के मार्गदर्शन में हुई कार्यशाला में सरकारी विभागों के अधिकारियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
बाल विवाह के विरुद्ध दिलाई शपथ
कार्यशाला के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों को बाल विवाह के विरुद्ध सामूहिक शपथ दिलाई गई। सभी ने संकल्प लिया कि वे “न बाल विवाह करेंगे, न होने देंगे और न ही इसे किसी रूप में प्रोत्साहित करेंगे।” साथ ही अपने कार्यक्षेत्र में ऐसी किसी भी संभावित घटना की सूचना मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित कर रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
बैठक में आगामी 27 नवंबर 2026 को ‘अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस’ के अवसर पर जिले के प्रत्येक गांव में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का संयुक्त रोडमैप भी तैयार किया गया। इन ग्रामीण कार्यक्रमों का आयोजन संबंधित ग्राम पंचायत के सरपंच की अध्यक्षता में ग्राम सचिव के माध्यम से सुनिश्चित किया जाएगा।
मीटिंग में इन विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
पुलिस, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, पंचायती राज, जिला प्रशासन और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। एमडीडी ऑफ इंडिया की ओर से सुनीता, साहिल घंघास, रमन्ना देवी और सरिता शामिल हुईं। बाल कल्याण समिति की सदस्य संगीता गौड़ भी मौजूद रहीं।
प्रतिभागियों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006, दहेज प्रतिषेध अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम की जानकारी दी गई। ‘मॉडल प्रॉसीक्यूशन स्कीम-2022’ से जुड़ी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के बारे में भी बताया गया।
कार्रवाई करने का प्रशिक्षण दिया
अधिकारियों को संभावित बाल विवाह की समय पर पहचान करने और सूचना मिलते ही कार्रवाई करने का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही, बच्चों को जरूरी सुरक्षा और मदद देने तथा विभागों के बीच तालमेल बनाने पर जोर दिया गया।
कार्यशाला में डा. राज सिंह ने कहा कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि बच्चों के मौलिक अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सर्वांगीण विकास को प्रभावित करने वाली गंभीर समस्या है। इसकी रोकथाम के लिए सभी संबंधित विभागों, पंचायतों, बाल कल्याण समितियों और सामाजिक संगठनों का आपसी समन्वय अत्यंत आवश्यक है।
Copyright © 2025-26 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.