देश और प्रदेश में अवैध रूप से रह रहे विदेशी घुसपैठियों के गंभीर मुद्दे पर हरियाणा भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने एक बेहद तल्ख और बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दो टूक शब्दों में नागरिकता की परिभाषा स्पष्ट करते हुए कहा कि जो लोग देश के विभाजन यानी साल 1947 से भारत में रह रहे हैं, वही असली भारतीय हैं। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि हरियाणा सहित देश के कई हिस्सों में इन घुसपैठियों की तादाद लगातार बढ़ती जा रही है, जो बेहद चिंताजनक है और अब इन्हें चिन्हित कर बाहर निकालना हर दल और हर नागरिक का फर्ज है।
झुग्गी-झोपड़ियों में बैठे हैं अवैध विदेशी, लगातार बढ़ रही है संख्या
प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने कहा कि वर्तमान में देश के भीतर अवैध रूप से रह रहे विदेशियों का मुद्दा बेहद गंभीर हो चुका है। सरकार द्वारा इन घुसपैठियों के खिलाफ जो भी दंडात्मक और कानूनी कार्रवाई की जा रही है, वह पूरी तरह से सही और जायज है। उन्होंने जमीनी हकीकत की तरफ इशारा करते हुए कहा कि शहरों और कस्बों में बनी झुग्गी-झोपड़ियों में बड़ी संख्या में ये अवैध विदेशी घुसपैठिये आकर बैठ गए हैं।
उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि सिर्फ देश ही नहीं, बल्कि खुद हरियाणा राज्य में भी इन घुसपैठियों की संख्या बहुत ज्यादा हो चुकी है। सबसे डराने वाली बात यह है कि इन लोगों की आबादी धीरे-धीरे और लगातार बढ़ती जा रही है, जो भविष्य के लिहाज से एक बहुत बड़ा और चिंता का विषय बन चुका है।
घुसपैठियों को डिटेक्ट और डिलीट करने के लिए सभी पार्टियां हों एकजुट
अवैध प्रवासियों को देश की सुरक्षा और संसाधनों के लिए खतरा बताते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राष्ट्रीय सुरक्षा के इस मुद्दे पर सभी राजनीतिक दलों से राजनीति से ऊपर उठने की अपील की। अर्चना गुप्ता ने एक मजबूत फॉर्मूला देते हुए कहा, ऐसे में इन घुसपैठियों को डिटेक्ट (पहचान) करके डिलीट (देश से बाहर) करना हम सबका फर्ज है। इस गंभीर राष्ट्रीय समस्या से निपटने के लिए सभी राजनीतिक पार्टियों को एकजुट होना पड़ेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में अवैध प्रवासियों और उनके सत्यापन को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि आने वाले दिनों में प्रशासन झुग्गी-झोपड़ियों और संदिग्ध बस्तियों में पहचान पत्र जांचने का बड़ा अभियान शुरू कर सकता है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.