जिवाना गुलियांन के हर्षित सोलंकी ने मुंबई में आयोजित प्रतिष्ठित पुरुष सौंदर्य प्रतियोगिता रूबरू मिस्टर इंडिया-2026 में मिस्टर ग्लोबल का खिताब जीता है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने जिले का नाम रोशन किया है।
प्रतियोगिता में हर्षित ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए देशभर से आए प्रतिभागियों के बीच अपनी फिटनेस, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और रैंप वॉक से निर्णायकों को प्रभावित किया।
विभिन्न चरणों में उनके बेहतर प्रदर्शन के आधार पर निर्णायकों ने उन्हें विजेता घोषित किया। रूबरू मिस्टर इंडिया के निदेशक मानव रांका, पंकज खरबंदा और पूर्व मिस्टर ग्लोबल ने हर्षित सोलंकी को मिस्टर ग्लोबल अवार्ड से सम्मानित किया। अब वह आगामी सितंबर माह में थाईलैंड में होने वाली अंतरराष्ट्रीय मिस्टर ग्लोबल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
हर्षित ने बताया कि उन्होंने जनवरी माह में रूबरू मिस्टर इंडिया 2026 प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया था। कई चरणों में उनकी फिटनेस, व्यक्तित्व, स्टेज प्रेजेंस और आत्मविश्वास की जजों ने सराहना की, जिसके दम पर वह फाइनल तक पहुंचे।
इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने लगातार मेहनत, अनुशासन और फिटनेस पर ध्यान दिया। उनका उद्देश्य मॉडलिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए देश का नाम रोशन करना है। हर्षित सोलंकी पूर्व विधायक सतेंद्र सोलंकी के भतीजे हैं।
उनके बड़े भाई आकाश सोलंकी, बिनौली ब्लॉक प्रमुख कुलदीप तोमर, प्रधानाचार्य भरतवीर सिंह, रामपाल ठेकेदार, संजय छिल्लर और अनुराग सोलंकी सहित कई लोगों ने हर्षित को बधाई दी है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.