Feedback
चीन के गुआंग्शी झुआंग स्वायत्त क्षेत्र में एक 12 साल के लड़के की हैरतअंगेज हरकत चर्चा का विषय बनी हुई है. लड़का अकेले कार चलाते हुए हाईवे पर निकल पड़ा और करीब 6 घंटे तक किसी की नजर में नहीं आया. लेकिन जब एक टोल प्लाजा कर्मचारी को उसकी लंबाई और उम्र पर शक हुआ तो पूरा मामला खुल गया.
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, लड़के का सरनेम लुओ है. 15 जून को वह हाईवे के एक टोल प्लाजा पर पहुंचा. टोल कर्मचारी ने देखा कि ड्राइवर की कद-काठी किसी बच्चे जैसी लग रही है. पूछताछ होने पर लुओ ने दावा किया कि वह बच्चा नहीं, बल्कि बौनेपन से पीड़ित एक वयस्क है.
हालांकि कर्मचारी को उसकी बात पर भरोसा नहीं हुआ और उसने तुरंत पुलिस को सूचना दे दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो पता चला कि कथित ‘बौना ड्राइवर’ दरअसल सिर्फ 12 साल का बच्चा है और उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस होने का सवाल ही नहीं उठता.
पिता को भी नहीं थी भनक.
शुरुआत में लुओ ने पुलिस को बताया कि वह अपनी आंटी की कार लेकर दादी के घर जा रहा था. लेकिन जब पुलिस ने उसके परिवार से संपर्क किया तो पूरी कहानी ही बदल गई. लड़के के पिता ने बताया कि उन्हें तो यह भी नहीं पता था कि उनका बेटा गाड़ी चलाना जानता है.
जांच में यह भी सामने आया कि कार उसकी आंटी की नहीं, बल्कि पड़ोसी की थी. पड़ोसी को भी तब तक कार चोरी होने का पता नहीं चला था, जब तक पुलिस ने उसे फोन नहीं किया.
सुबह 4 बजे घर से निकला था बच्चा
पुलिस के मुताबिक, लुओ ने पड़ोसी की कार की चाबी चुरा ली थी. वह सुबह करीब 4 बजे घर से निकला और लगभग 45 मिनट बाद हाईवे पर पहुंच गया. इसके बाद वह लगातार घंटों तक कार चलाता रहा. हैरानी की बात यह है कि इतने लंबे सफर के दौरान किसी ने उसे नहीं रोका. यहां तक कि वह चप्पल पहनकर गाड़ी चला रहा था, जो सड़क सुरक्षा नियमों के लिहाज से भी गलत माना जाता है.
लुओ की यह ‘रोड ट्रिप’ शायद और लंबी चलती, लेकिन उसकी किस्मत ने साथ छोड़ दिया. दरअसल, हाईवे टोल चुकाने के लिए वह अपने लाल लिफाफे में मिले शुभकामना वाले पैसों का इस्तेमाल कर रहा था. जब उसके पास पैसे कम पड़ने लगे तो टोल प्लाजा पर उसकी गतिविधियों ने कर्मचारियों का ध्यान खींच लिया और मामला पुलिस तक पहुंच गया.
यह भी पढ़ें: शख्स ने एक फ्लैट में पाल रखे थे 300 से ज्यादा अजगर, बिजली बिल से पकड़ा गया
पूछताछ में लड़के ने बताया कि उसने और उसके दोस्तों ने खुद ही गाड़ी चलाना सीख लिया था. उसने यह भी स्वीकार किया कि वह पहले भी सार्वजनिक सड़कों पर कार चला चुका है.
पुलिस ने दी कड़ी चेतावनी
ट्रैफिक पुलिस ने इस पूरे मामले को बेहद खतरनाक बताया. अधिकारियों का कहना है कि अगर रास्ते में कोई हादसा हो जाता तो कई लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी. पुलिस ने लड़के के अभिभावक और कार मालिक को थाने बुलाया. लुओ को ट्रैफिक नियमों और नाबालिगों के वाहन चलाने के खतरों के बारे में समझाया गया. वहीं उसके अभिभावकों को भी चेतावनी दी गई कि बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखना उनकी जिम्मेदारी है.
इसके अलावा कार मालिक को भी सलाह दी गई कि वह अपनी गाड़ी की चाबियां सुरक्षित जगह पर रखे, ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो. चीन के सोशल मीडिया पर भी यह मामला खूब चर्चा में है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू