देवरिया में बरहज स्थित बाबा राघवदास भगवानदास स्नातकोत्तर महाविद्यालय आश्रम में 14 अक्टूबर को हिंदी विभाग की ओर से एक दिवसीय संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसका विषय ‘हिंदी भाषा: अतीत एवं भविष्य’ रखा गया है। कार्यक्रम सुबह 11 बजे महाविद्यालय के बाबा राघवदास सभागार में शुरू होगा।
संगोष्ठी के मुख्य वक्ता रामजी सहाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रुद्रपुर के हिंदी विभाग प्रभारी प्रो. संतोष यादव होंगे। वह हिंदी भाषा के ऐतिहासिक विकास और डिजिटल युग में उसकी वैश्विक संभावनाओं पर विचार रखेंगे।
कार्यक्रम में साहित्यकार डॉ. विनीता दीक्षित, प्रो. सूरज प्रकाश गुप्ता और डॉ. अरविन्द कुमार पाण्डेय भी अपने विचार साझा करेंगे। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. शम्भु नाथ तिवारी संगोष्ठी की अध्यक्षता करेंगे। हिंदी विभाग की सहायक प्रोफेसर कंचन तिवारी कार्यक्रम की संयोजिका हैं।
उन्होंने बताया कि हिंदी केवल राजभाषा ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक चेतना को जोड़ने वाली भाषा भी है। ऐसी संगोष्ठियों से युवाओं में अपनी मातृभाषा के प्रति गर्व और जुड़ाव की भावना मजबूत होती है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.