कस्बे के राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल में हिंदी साहित्य विषय को बदलकर भूगोल विषय लागू किए जाने के विरोध में बुधवार को विद्यार्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित विद्यार्थियों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और स्टेट हाइवे-23 पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। करीब कई घंटे तक चले इस प्रदर्शन से हाइवे पर वाहनों की कतार लग गईं। इससे आवागमन प्रभावित रहा।
सूचना मिलने पर केलवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और विद्यार्थियों से समझाइश कर जाम खुलवाया। विद्यार्थियों ने चेतावनी दी कि हिंदी साहित्य विषय को यथावत नहीं रखा गया तो आने वाले दिनों में जिला कलेक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। हमें हिंदी साहित्य ही चाहिए, भूगोल स्वीकार नहीं प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों महेंद्र, दिनेश, परमेश, दिलशान, ललिता, रेनू और सोनू सहित अन्य विद्यार्थियों ने बताया कि स्कूल में वर्तमान में हिंदी साहित्य विषय संचालित है, लेकिन शिक्षा विभाग के बीकानेर निदेशालय की ओर से इसे बदलकर भूगोल विषय चयनित कर दिया गया है। विद्यार्थियों का कहना है कि उन्होंने अपनी रुचि और भविष्य को ध्यान में रखते हुए हिंदी साहित्य विषय चुना था।
अचानक विषय परिवर्तन से उनका शैक्षणिक भविष्य प्रभावित होगा। विद्यार्थियों ने कहा कि वह भूगोल विषय स्वीकार नहीं करेंगे। स्कूल में 350 विद्यार्थियों पर सिर्फ एक लेक्चरर कार्यवाहक पीईईओ रामप्रहलाद ने बताया कि स्कूल में अभी हिंदी साहित्य विषय संचालित है, लेकिन निदेशालय स्तर से बदलाव कर भूगोल विषय चयनित किया गया है। स्कूल में वर्तमान में करीब 350 विद्यार्थियों का नामांकन है, जबकि कक्षा 11वीं और 12वीं में लगभग 79 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। हैरानी की बात यह है कि पूरे स्कूल में केवल एक ही लेक्चरर कार्यरत है, जिनके पास कार्यवाहक प्रिंसिपल का अतिरिक्त प्रभार भी है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.