उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने सहायक अध्यापक, प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी (एलटी ग्रेड) परीक्षा-2025 के अंतर्गत हिन्दी और संगीत विषय के अभ्यर्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण विज्ञप्ति जारी की है। आयोग ने अभिलेखों की जांच के बाद हिन्दी विषय के 878 और संगीत विषय के 117 अभ्यर्थियों का अभ्यर्थन निरस्त कर दिया है। फिलहाल, इन अभ्यर्थियों को अपना प्रत्यावेदन देने का अंतिम अवसर दिया गया है।
आयोग द्वारा जारी सूची के अनुसार, हिन्दी विषय में कुल 878 अभ्यर्थियों के आवेदन खारिज किए गए हैं। इन आवेदनों के निरस्त होने के विभिन्न कारण बताए गए हैं, जिनमें शैक्षिक अर्हता संबंधी कमी सबसे प्रमुख है।
सबसे अधिक 294 अभ्यर्थियों के आवेदन इसलिए निरस्त हुए क्योंकि उन्होंने विज्ञापन में अनिवार्य ‘एक विषय के रूप में संस्कृत के साथ इंटरमीडिएट अथवा उ.प्र. संस्कृत शिक्षा परिषद से उत्तर मध्यमा परीक्षा’ की अर्हता पूरी नहीं की थी। इसके अतिरिक्त, 282 अभ्यर्थियों ने अंतिम तिथि तक ऑनलाइन आवेदन ही नहीं किया था। दस्तावेजों का अभाव, खेल कोटा/डीएफएफ/दिव्यांगता श्रेणी के दावों के समर्थन में प्रमाण-पत्र न होना, और ऑनलाइन जानकारी व दस्तावेजों में भिन्नता भी अन्य प्रमुख कारण रहे।
इसी प्रकार, संगीत विषय में कुल 117 अभ्यर्थियों के आवेदन निरस्त किए गए हैं। आयोग ने इसका विस्तृत विवरण भी जारी किया है।
आयोग के सचिव के अनुसार, सबसे अधिक 60 अभ्यर्थियों के आवेदन निर्धारित समय तक अपेक्षित प्रमाण-पत्र एवं अभिलेख उपलब्ध न कराने के कारण निरस्त किए गए। 23 अभ्यर्थियों के आवेदन शैक्षिक अर्हता संबंधी कमियों के कारण खारिज हुए, जबकि 15 अभ्यर्थियों के आवेदन दस्तावेजों के अभाव में निरस्त हुए। 8 आवेदन आवश्यक अभिलेखों में त्रुटि या मानकों का पालन न करने के कारण और अन्य मामले निर्धारित अर्हता व विसंगतियों के कारण रद्द किए गए।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.