प्रशांत महासागर में बना सुपर टाइफून बावी (Bavi) तेजी से अमेरिका के प्रशांत क्षेत्र गुआम और उत्तरी मारियाना द्वीपों की तरफ बढ़ रहा है. मौसम एजेंसियों के मुताबिक ये तूफान बेहद खतरनाक स्थिति में पहुंच चुका है. इसकी अधिकतम लगातार हवा की रफ्तार 280 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों की गति 333 किलोमीटर प्रति घंटा तक दर्ज की गई है. इतनी तेज हवाओं के कारण इसे कैटेगरी-5 हरिकेन के बराबर माना जा रहा है.
अमेरिकी मौसम विभाग (NWS) ने सुपर टाइफून बावी को ‘बेहद खतरनाक’ करार दिया है. विशेषज्ञों का कहना है कि अगर इसका केंद्र किसी आबादी वाले इलाके के ऊपर से गुजरता है तो बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हो सकता है. तूफान के साथ तेज हवाएं, मूसलाधार बारिश, ऊंची समुद्री लहरें और समुद्री जलस्तर में अचानक वृद्धि (स्टॉर्म सर्ज) जैसी स्थितियां पैदा हो सकती हैं. इससे तटीय इलाकों में बाढ़, सड़कें बंद होने और बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप होने का खतरा बढ़ जाता है.
मौसम विभाग के अनुसार सुपर टाइफून बावी का सबसे ज्यादा असर रोटा (Rota) द्वीप पर पड़ सकता है. यहां करीब 1,500 लोग रहते हैं. अगर तूफान सीधे इस द्वीप से टकराता है तो कमजोर मकानों की छतें उड़ सकती हैं, दीवारें गिर सकती हैं और बड़ी संख्या में पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ सकते हैं. अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर सीधा प्रहार हुआ तो कई इलाकों में बिजली आपूर्ति हफ्तों या महीनों तक बाधित रह सकती है.
तूफान की चेतावनी के बाद गुआम और उत्तरी मारियाना द्वीपों में लोग अपने घरों और दुकानों की सुरक्षा में जुट गए हैं. कई लोगों ने खिड़कियों और दरवाजों को लकड़ी की चादरों से ढक दिया है. प्रशासन ने नागरिकों से घरों के भीतर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है. पुलिस और आपदा प्रबंधन टीमें लगातार संवेदनशील इलाकों में निगरानी कर रही हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत कार्य शुरू किया जा सके.
वैज्ञानिकों का मानना है कि समुद्र का बढ़ता तापमान उष्णकटिबंधीय चक्रवातों को पहले की तुलना में ज्यादा शक्तिशाली बना रहा है. हाल ही में वैश्विक एजेंसियों ने बताया कि महासागरों का तापमान रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुका है. इसके अलावा एल नीनो (El Niño) की सक्रियता भी समुद्री सतह को गर्म करती है, जिससे शक्तिशाली तूफानों के बनने की संभावना बढ़ जाती है। विशेषज्ञों का कहना है कि भविष्य में ऐसे तीव्र तूफानों की संख्या और ताकत दोनों बढ़ सकती हैं.
ये क्षेत्र पहले भी कई विनाशकारी तूफानों का सामना कर चुका है. हाल के सालों में आए सुपर टाइफूनों ने हजारों घरों को नुकसान पहुंचाया, बिजली व्यवस्था ठप कर दी और बुनियादी ढांचे को भारी क्षति पहुंचाई थी. इसी अनुभव को देखते हुए इस बार प्रशासन पहले से ही अलर्ट मोड पर है और लोगों से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की लगातार अपील कर रहा है. सुपर टाइफून बावी की आगे की दिशा और तीव्रता पर मौसम एजेंसियां लगातार नजर बनाए हुए हैं.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
हल्द्वानी से दिल्ली के बड़े न्यूजरूम तक… तनुजा जोशी, उत्तराखंड के शांत और खूबसूरत शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखती हैं. देहरादून के ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी करने के बाद साल 2018 में इन्होंने अपने सफर की शुरुआत ETV भारत से की. बतौर एंकर 3 साल तक अनगिनत खबरें पढ़ीं, लिखीं और … और पढ़े
© 1998-2026 Indiadotcom Digital Private Limited, All Rights Reserved.