भास्कर न्यूज | बैरिया/बेतिया
बैरिया प्रखंड के मंझरिया स्थित रामकृष्ण विवेकानंद विद्यामंदिर परिसर में मंगलवार को दैनिक भास्कर के अभियान ‘एक पेड़ एक जिंदगी’ की शुरुआत हुई। प्रगास इकोलॉजिकल ग्रीनवे फाउंडेशन के सहयोग से पहले दिन 151 पौधे लगाए गए। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय निदेशक मदन बनिक, प्रगास संस्था के मनोज कुमार, दैनिक भास्कर के ब्यूरोचीफ कृष्णकांत मिश्र, प्रधानाध्यापक राजेश कुमार पांडेय, विकास कुमार, राजकुमार सीरिल, नीरेश तमंग, सुभाष कुमार, ओम प्रकाश कुमार, मंजीत कुमार ने संयुक्त रुप से दीप प्रज्ज्वलित कर की। विद्यालय परिसर में देश के शहीदों को पुष्पांजलि दी गई। राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का आयोजन हुआ। बच्चों के बीच ‘भारतीय संस्कृति व पर्यावरण : वर्तमान व भविष्य’ विषय पर संभाषण प्रतियोगिता हुई।
कृष्णकांत मिश्र ने कहा कि ‘एक पेड़ एक जिंदगी’ अभियान दैनिक भास्कर के सामाजिक सरोकार से जुड़ा है। उन्होंने बताया कि देशभर में 4391 स्कूल, 1517 सोसाइटी और 2617 संस्थान दैनिक भास्कर के साथ मिलकर 75 लाख पौधरोपण कर रहे हैं। उन्होंने मंगलवार के अंक में आए अश्वगंधा के बीज को गमले में लगाने के लिए बच्चों को प्रेरित किया। कहा कि पौधे की तस्वीर अखबार में दिए क्यूआर कोड पर भेजें। इससे भास्कर की ओर से डिजिटल सर्टिफिकेट मिलेगा। विद्यालय के निदेशक मदन बनिक ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि विद्यालय का सौभाग्य है कि देश के सबसे बड़े मीडिया हाउस दैनिक भास्कर के पर्यावरण संरक्षण के लिए चलाए जा रहे एक पेड़ एक जिंदगी अभियान में भागीदार होने का अवसर उन्हें मिला। मौके पर करुणेश केशव, अजय कुमार पप्पू, अनुपम कुमार, विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.