साउथ मुंबई की चमक-धमक, अरब सागर की उठती लहरें और गगनचुंबी इमारतें दशकों से देश के सबसे अमीर और रसूखदार लोगों का ठिकाना रही हैं, लेकिन जब बात प्रभा देवी जैसे बेहद प्रीमियम इलाके की हो और वहां 15-20 करोड़ रुपये से लेकर 50 करोड़ रुपये तक के आलीशान अपार्टमेंट्स बिक रहे हों, तो आम इंसान के जहन में एक सवाल जरूर आता है आखिर इन महंगे घरों में ऐसा क्या खास होता है.
फिलहाल ये इलाका इसलिए चर्चा में है क्योंकि बेहद आलीशान और महंगे रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स ‘रुस्तमजी क्राउन’ (Rustomjee Crown) में बीएमसी का चाबुक चला है. 15 से 50 करोड़ रुपये के फ्लैट्स वाली इस सोसायटी में अवैध निर्माण और बिना इजाजत किए गए बदलावों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू हुई. आरटीआई कार्यकर्ता संतोष दौंडकर की शिकायत के बाद नगर निगम की टीम ने भारी पुलिस सुरक्षा के बीच यह बड़ा एक्शन लिया है.
शिकायत के मुताबिक, बड़े-बड़े रसूखदारों ने अपने फ्लैट्स को बड़ा करने के लिए कॉमन स्पेस पर कब्जा कर लिया था. लोगों ने बाहर की कॉमन लॉबी को दीवारें उठाकर अपने फ्लैट के अंदर मिला लिया था. इतना ही नहीं, किचन डक्ट और वेंटिलेशन शाफ्ट को घेरकर 450 से 800 स्क्वायर फीट का अतिरिक्त कमरा या स्पेस बना लिया था.
यह भी पढ़ें: 250 करोड़ की जमीन, 128 फ्लैट और VIP मालिक… मुंबई के रुस्तमजी क्राउन पर क्यों चला हथौड़ा
क्या है इस सोसायटी की खूबियां
अगर आप भी रुस्तमजी क्राउन (Rustomjee Crown) का नाम सुनकर यह सोच रहे हैं कि चार दीवारों के इस प्रोजेक्ट की कीमत इतनी ज्यादा क्यों है, तो आइए आपको इस अल्ट्रा-लग्जरी रेसिडेंशियल वंडर के बारे में बताते हैं.
दक्षिण मुंबई में जमीन का हर एक टुकड़ा सोने के भाव बिकता है, ऐसे में प्रभा देवी का यह प्रोजेक्ट लोअर पारेल और वर्ली जैसे मुंबई के सबसे बड़े कमर्शियल और लाइफस्टाइल हब्स के ठीक बीच स्थित है. यहां की ऊंची मंजिलों से खिड़की खोलते ही बांद्रा-वर्ली सी लिंक और मुंबई का जगमगाता क्षितिज साफ दिखाई देता है. शाम के समय ढलते सूरज के साथ अरब सागर का नजारा इस घर की सबसे बड़ी यूएसपी है.
देश के सबसे प्रतिष्ठित सिद्धिविनायक मंदिर से महज चंद मिनटों की दूरी और बीकेसी (BKC) व नरीमन पॉइंट जैसे बिजनेस हब्स का बेहतरीन कनेक्ट, इसे उद्योगपतियों और कॉर्पोरेट दिग्गजों की पहली पसंद बनाता है.
जहां मुंबई जैसे शहर में 1-2 एकड़ की जमीन पर सोसायटियां खड़ी कर दी जाती हैं, वहीं रुस्तमजी क्राउन 5.7 एकड़ के विशाल फैलाव में फैला हुआ है. कंक्रीट के जंगल के बीच इतना बड़ा खुला क्षेत्र मिलना अपने आप में एक बहुत बड़ी लग्जरी है.
वर्ल्ड-क्लास एमेनिटीज
इन लग्जरी अपार्टमेंट्स की कीमत सिर्फ कंक्रीट की नहीं, बल्कि उस 5-स्टार लाइफस्टाइल की है जो यहां रहने पर मिलती है. प्रोजेक्ट में पोडियम और रूफटॉप को मिलाकर 3 अलग-अलग लेवल पर 40 से अधिक विश्वस्तरीय सुविधाएं दी गई हैं.
यहां सिर्फ एक सामान्य स्विमिंग पूल नहीं, बल्कि इन्फिनिटी पूल, प्राइवेट लगून और किड्स पूल की सुविधा है, जहां दिनभर की थकान मिटा सकते हैं,
एक ऐसा इनडोर और आउटडोर क्लब हाउस है जहां 5-स्टार होटल जैसा फील आता है. यहां इंटरनेशनल स्टैंडर्ड का जिम्नेजियम, स्पा, जकूजी और वेलनेस सेंटर मौजूद है. प्राइवेट सिनेमा स्क्रीनिंग रूम, एम्फीथिएटर, बारबेक्यू एरिया और बैंक्वेट हॉल, जहां आप अपनी प्राइवेट पार्टीज होस्ट कर सकते हैं, टेनिस कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट, स्क्वैश कोर्ट और वॉकवे, जो फिटनेस फ्रीक्स के लिए किसी जन्नत से कम नहीं हैं.
रुस्तमजी क्राउन को अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त आर्किटेक्ट्स द्वारा डिजाइन किया गया है. यहां की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहाँ के 3, 4 और 5 BHK फ्लैट्स में स्पेस और प्राइवेसी का पूरा ध्यान रखा गया है. कई फ्लैट्स में सीधे आपके लिविंग रूम में खुलने वाली प्राइवेट लिफ्ट्स हैं, यानी आपकी प्राइवेसी में कोई खलल नहीं डाल सकता. हर फ्लैट में बड़े-बड़े सनडेक और फ्रेंच विंडोज दी गई हैं, जिससे पूरे घर में प्राकृतिक रोशनी और ताजी हवा आती रहे.
कितनी कीमत?
रुस्तमजी क्राउन में 1 बीएचके की कीमत डेढ़ करोड़ के करीब है और 3 बीएचके की शुरुआती कीमत 17 करोड़ है. वहीं अगर किराए की बात करें तो यहां 3 बीएचके का महीने का किराया 4 लाख से शुरू होता है. उसके साथ ही 2-3 महीने का डिपोजिट भी देना पड़ता है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू